सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री बी. एल. वर्मा ने ‘नमस्ते’ योजना के अंतर्गत मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश में सफाई मित्रों को पीपीई किट एवं आयुष्मान कार्ड वितरित किए
विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण के अंतर्गत सफाई मित्रों की सुरक्षा, गरिमा एवं सामाजिक सुरक्षा पर विशेष ध्यान
पूरे देश में 88,000 से अधिक सीवर एवं सेप्टिक टैंक कर्मचारियों के बीच पीपीई किट का वितरण; मुरादाबाद में स्थानीय स्तर पर वितरण से सैकड़ों लोग सशक्त बने
प्रविष्टि तिथि:
27 OCT 2026 7:41PM by PIB Delhi
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की नेशनल एक्शन फॉर मैकेनाइज्ड सैनिटेशन इकोसिस्टम (नमस्ते) योजना के अंतर्गत, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पीली कोठी, सिविल लाइंस इलाके में आज व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट एवं आयुष्मान कार्ड वितरित करने के लिए एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए चल रही प्रमुख पहल का हिस्सा है।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के राज्य मंत्री, श्री बी. एल. वर्मा ने पात्र लाभार्थियों के बीच किट एवं कार्ड वितरित किए।
इस कार्यक्रम में श्री अनुनय झा, जिलाधिकारी, मुरादाबाद; श्री राम गोपाल अंजन, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी), उत्तर प्रदेश; डॉ. शेफाली सिंह चौहान, अध्यक्ष, जिला पंचायत; नगर आयुक्त, मुरादाबाद; प्रबंध निदेशक, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम (एनएसकेएफडीसी); संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
इस अवसर को संबोधित करते हुए, श्री वर्मा ने 'नमस्ते' योजना पर प्रकाश डाला, जिसका उद्देश्य स्वच्छता कर्मियों की गरिमा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि अब तक कुल 90,194 सीवर एवं सेप्टिक टैंक कर्मियों का सत्यापन किया जा चुका है। इसके साथ ही, 88,222 सीवर एवं सेप्टिक टैंक कर्मियों को पीपीई किट उपलब्ध कराए गए हैं और 80,180 कर्मियों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से स्वास्थ्य बीमा के दायरे में लाया गया है। उन्होंने आगे बताया कि इसके अलावा, पूरे देश में 3,36,492 कचरा बीनने वालों का प्रोफाइल भी तैयार किया गया है।
स्थानीय स्तर पर कार्यान्वयन पर ध्यान केंद्रित करते हुए, मंत्री ने बताया कि मुरादाबाद में कुल 307 सीवर एवं सेप्टिक टैंक कर्मचारियों का प्रोफाइल तैयार किया गया है और उन्हें पीपीई किट प्रदान की गई है, जबकि 1190 कचरा बीनने वालों का सत्यापन प्रोफाइलिंग प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान, मंच पर प्रतीकात्मक रूप से 20 सफाई मित्रों को पीपीई किट एवं आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए, इसके बाद अतिरिक्त 813 सफाई मित्रों को पीपीई किट वितरित किए गए।
श्री वर्मा ने लाभार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने काम करते समय नियमित रूप से निर्धारित सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें, सुरक्षित काम करने के तरीकों का पालन करें और अपने आयुष्मान कार्ड के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा सुविधाओं का लाभ प्राप्त करें।
इस अवसर पर, मुरादाबाद के जिलाधिकारी और राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध निदेशक ने भी अपने विचारों को साझा किया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के अमूल्य योगदान को उजागर करते हुए उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान एवं समग्र कल्याण सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
इस कार्यक्रम ने सरकार की उस सिद्धांत के प्रति प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि की जिसके अनुसार अल्पसंख्यकों एवं वंचितों को प्राथमिकता मिलना चाहिए ताकि वे लोग जो ऐतिहासिक रूप से पिछड़े या अनदेखे रहे हैं, उन्हें वह समर्थन प्राप्त हो सके जिसके वे हकदार हैं।

हाशिए पर रहने वाले समुदायों को प्राथमिकता देने की यह प्रतिबद्धता सरकार के व्यापक दृष्टिकोण 'विकसित भारत 2047' को दर्शाती है, जिसमें हर व्यक्ति को भारत के विकास यात्रा में योगदान करने एवं उस लाभ उठाने का अवसर मिलेगा।
***
पीके/केसी/आरटी/एके/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2329222)
आगंतुक पटल : 45