राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग
azadi ka amrit mahotsav

भारत के राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने राजस्थान के उदयपुर जिले में एक सरकारी स्कूल की जर्जर इमारत की कक्षा में छत का प्लास्टर गिरने से तीन छात्रों के घायल होने की घटना पर स्वतः संज्ञान लिया


आयोग ने उदयपुर के जिला मजिस्ट्रेट को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा

रिपोर्ट में घायल छात्रों के स्वास्थ्य की जानकारी भी शामिल होनी चाहिए

प्रविष्टि तिथि: 16 OCT 2026 5:49PM by PIB Delhi

भारत के राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने एक मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया है। इस रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान के उदयपुर जिले में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय की जर्जर इमारत में, कक्षा की छत का प्लास्टर गिरने से 7 से 8 साल की उम्र के तीन छात्र घायल हो गए। बताया गया है कि छात्रों के सिर पर चोट आई हैं और घटना के समय स्कूल में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था। घायल छात्र खुद चलकर अपने घर गए, जिसके बाद उनके परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए।

आयोग ने कहा है कि यदि समाचार रिपोर्ट में दी गई जानकारी सच है, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का एक गंभीर मामला है। इसलिए, आयोग ने उदयपुर के जिला मजिस्ट्रेट को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने कहा है कि इस रिपोर्ट में घायल छात्रों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी भी शामिल होनी चाहिए।

7 अक्टूबर 2026 की एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के बाद स्कूल को बंद करने का आदेश दिया गया था। प्रशासन द्वारा कक्षाएं चलाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं। बताया गया है कि स्कूल की इमारत की आखिरी बार मरम्मत 2020 में हुई थी।

***

पीके/केसी/आरटी/एमकेएस/डीके


(रिलीज़ आईडी: 2324496) आगंतुक पटल : 85
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu