सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

खेतों से सीमाओं तक: एनएच-22 चार लेन परियोजना से बिहार में सम्‍पर्क और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा

प्रविष्टि तिथि: 13 OCT 2026 4:25PM by PIB Delhi

कृषि क्षेत्रों, औद्योगिक केंद्रों और सीमावर्ती क्षेत्रों को व्यापक बाजारों से जोड़ने में सड़क अवसंरचना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग-22 (एनएच-22) का मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा खंड प्रमुख आर्थिक केंद्र और भारत-नेपाल सीमा के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का काम करता है। चार लेन बनने से कॉरिडोर की क्षमता बढ़ेगी और क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा।

इस परियोजना से यात्रियों और माल की सुगम आवाजाही सुनिश्चित होने, आर्थिक केंद्रों तक पहुंच में सुधार होने और क्षेत्रीय व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे सड़क, रेल और अन्य लॉजिस्टिक्‍स मजबूत होने से उत्तरी बिहार के लिए एक अधिक एकीकृत परिवहन नेटवर्क का निर्माण होगा।

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने अगस्त 2026 में हाइब्रिड वार्षिकी मॉडल (एचएम) के अंतर्गत 3,590.73 करोड़ रुपये की कुल पूंजी लागत पर इस 82.57 किलोमीटर खंड को चार लेन का बनाने को स्‍वीकृति दी।

नेपाल सीमा से संपर्क मजबूत करना

एनएच-22 भारत-नेपाल सीमा पर स्थित मुजफ्फरपुर को सोनबरसा से जोड़ता है। मुजफ्फरपुर में यह एनएच-27 पर चौराहा बनाते हुए आगे बढ़ता है, जो पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर का हिस्सा है। सोनबरसा की ओर यह राजमार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क और सीमा पार परिवहन अवसंरचना के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का काम करता है।

उन्नत कॉरिडोर निकटवर्ती भित्थामोर लैंड पोर्ट के माध्यम से सीमा पार यात्री और माल ढुलाई को सुगम बनाएगा। आर्थिक केंद्रों और सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करके, यह क्षेत्रीय व्यापार को बढ़ावा देने और माल ढुलाई की दक्षता बढ़ाने में सहायक होगा।

सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए चार लेन का निर्माण

मौजूदा मार्ग मुजफ्फरपुर, मुक्सुदपुर, रुन्नी सैदपुर, थुम्मा, दुमरा, भूताही और सोनबरसा सहित घनी आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरता है। चार लेन बनने से इन क्षेत्रों में भीड़ कम होने और यातायात में सुधार होने की उम्मीद है।

यह उन्नत राजमार्ग 100 किमी प्रति घंटे गति के लिए डिज़ाइन किया गया, जिसकी औसत परिचालन गति 80 किमी प्रति घंटे है। एट-ग्रेड मीडियन ओपनिंग के बिना यात्री और माल यातायात के लिए अधिक अनुमानित यात्राओं की सुविधा मिलेगी।

इस परियोजना में सात प्रमुख पुल शामिल हैं, जिनमें बारहमासी बागमती नदी पर बना 340 मीटर लंबा पुल, तीन रेलवे ओवरब्रिज और दो फ्लाईओवर शामिल हैं। ये संरचनाएं प्रमुख क्रॉसिंग बिन्‍दुओं की समस्या का समाधान करेंगी, यातायात की सुगमता बढ़ाएंगी और सड़क एवं रेल यातायात के बीच टकराव को कम करने में सहायक होंगी।

उद्योग, रेलवे और लॉजिस्टिक्स का एकीकरण

प्रधानमंत्री गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अंतर्गत इस परियोजना का उद्देश्य औद्योगिक केंद्रों, कृषि उत्पादन क्षेत्रों और लॉजिस्टिक्स बुनियादी ढांचे के बीच संपर्क को मजबूत करना है।

यह कॉरिडोर पांच आर्थिक केंद्रों को जोड़ेगा, जिनमें चार औद्योगिक क्षेत्र और एक मेगा फूड पार्क शामिल हैं, जो विनिर्माण, खाद्य प्रसंस्करण और कृषि आधारित उद्योगों को सहयोग प्रदान करेंगे। मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी रेलवे स्टेशनों तक बेहतर पहुंच से बहुआयामी लॉजिस्टिक्स और माल ढुलाई में भी सुविधा होगी।

एनएच-31 और एनएच-122 से इसका जुड़ाव इस कॉरिडोर को बिहार के परिवहन सम्‍पर्क से और अधिक एकीकृत करेगा। गंगा नदी के किनारे स्थित बरौनी के औद्योगिक केंद्र और नदीय लॉजिस्टिक केंद्रों की ओर बेहतर सम्‍पर्क से अंतर्देशीय जलमार्ग व्यापार के अवसर पैदा होने और आपूर्ति श्रृंखला की दक्षता में सुधार होने की उम्मीद है।

कृषि से बाजार तक सम्‍पर्क मजबूत करना

जिस क्षेत्र में कृषि स्थानीय अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, वहां बेहतर सड़क संपर्क से उपज को बाजारों और प्रसंस्करण केंद्रों तक पहुंचाना अधिक सुविधाजनक हो सकता है। यात्रा का समय और परिवहन लागत कम होने और ईंधन दक्षता में सुधार होने से अधिक विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखलाओं को समर्थन मिलने की उम्मीद है।

रेलवे स्टेशनों, औद्योगिक संपदाओं और व्यापक परिवहन गलियारों के साथ बेहतर संपर्क से कृषि उत्पादों को आस-पास के क्षेत्र से जुड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी सुविधा होगी।

प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच में सुधार करना

उन्नत राजमार्ग से बाबा गरीबनाथ मंदिर, माता जानकी मंदिर, पुनाउरा धाम और बौद्ध सर्किट सहित महत्वपूर्ण धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक स्थलों तक पहुंच में सुधार होगा।

इससे मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी जैसे आकांक्षी जिलों से सम्‍पर्क मजबूत होने से क्षेत्रीय गतिशीलता और महत्वपूर्ण गंतव्यों तक पहुंच को बढ़ावा मिलेगा।

अधिक एकीकृत परिवहन नेटवर्क का निर्माण

एनएच-22 को चार लेन बनाने से आर्थिक केंद्रों, कृषि क्षेत्रों, औद्योगिक केंद्रों और भारत-नेपाल सीमा को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण गलियारे को मजबूती मिलेगी। बेहतर राजमार्ग क्षमता, उन्नत क्रॉसिंग अवसंरचना और रेलवे एवं लॉजिस्टिक्स सुविधाओं से मजबूत संपर्क के साथ, यह परियोजना सम्‍पर्क आवश्यकताओं को पूरा करते हुए मौजूदा यातायात समस्याओं को दूर करने के लिए बनाई गई है।

मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा कॉरिडोर सड़क परिवहन, औद्योगिक गतिविधि, कृषि आपूर्ति श्रृंखला और सीमा पार आवागमन को एक साथ लाकर क्षेत्र में अधिक एकीकृत परिवहन नेटवर्क में योगदान देगा, जिससे सम्‍पर्क और आर्थिक गतिविधि को बढ़ावा मिलेगा।

****

पीके/केसी/आरटी/जेके/केके


(रिलीज़ आईडी: 2322870) आगंतुक पटल : 66
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu