कोयला मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड ने छठे विशेष अभियान के तहत अपने प्रतिष्ठानों में ई-कचरा प्रबंधन बेहतर बनाया

प्रविष्टि तिथि: 13 OCT 2026 3:45PM by PIB Delhi

महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) देश में चल रहे छठे विशेष अभियान में भाग लेकर अपने मुख्यालय और परिचालन क्षेत्रों में ई-कचरे के दायित्वपूर्ण प्रबंधन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल कर रही है। छठा विशेष अभियान 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा, जिसमें महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड के सभी प्रतिष्ठानों में व्यवस्थित अपशिष्ट संग्रह, पर्यावरण के प्रति जागरूकता और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उपायों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

अभियान के तहत अधिकृत रीसाइक्लिंग चैनलों के माध्यम से इस्तेमाल से हटाए गए इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं के संग्रह और दायित्वपूर्ण निपटान की सुविधा के लिए महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड क्षेत्रों में ई-कचरा संग्रह कियोस्क स्थापित किए गए हैं। मुख्यालय और परिचालन क्षेत्रों के कर्मचारी इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए, स्वच्छता पहल में योगदान दे रहे हैं और पर्यावरण संरक्षण के दायित्वपूर्ण प्रथाओं को बढ़ावा दे रहे हैं।

कचरे या रसायनों से हवा, मिट्टी और भूजल दूषित होने तथा मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर इसके जोखिमों सहित अनुचित ई-अपशिष्ट निपटान के हानिकारक प्रभावों के बारे में कर्मचारियों और आस-पास के समुदायों को जानकारी देने के लिए जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।

अभियान के कार्यान्वयन चरण के पहले सप्ताह में, महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड ने 240 चिन्हित स्थानों में से 73 स्थलों की सफाई की, 10 लाख वर्ग फुट के लक्षित क्षेत्र के मुकाबले 3 लाख 06 हजार 663 वर्ग फुट क्षेत्र की सफाई की। अभियान में 600 मीट्रिक टन कबाड़ के निपटान का भी लक्ष्य रखा गया है और इस्तेमाल से बाहर की गई उच्च क्षमता वाली 350 हेवी अर्थ मूविंग मशीनरी बैटरियों का निपटान कर राजस्व अर्जित हुआ है।

महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड, छठे विशेष अभियान में शामिल होकर कार्यस्थल की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और दायित्वपूर्ण ई-कचरा प्रबंधन की अपनी प्रतिबद्धता द्वारा स्वच्छ, अधिक संवहनीय और संसाधन-कुशल भविष्य के राष्ट्रीय उद्देश्य में सहयोग दे रहा है।

****

पीके/केसी/आरटी/एकेवी/केएस


(रिलीज़ आईडी: 2322819) आगंतुक पटल : 58
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Telugu