वित्त मंत्रालय
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो(सीबीएन) की मध्य प्रदेश इकाई ने दो कारवाईयों में 4.2 टन से अधिक पोस्ता भूसा(पोपी स्ट्रॉ) जब्त किया; तीन गिरफ्तार
प्रविष्टि तिथि:
11 OCT 2026 10:48PM by PIB Delhi
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो(सीबीएन) की मध्य प्रदेश इकाई ने मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार जारी अभियान के तहत पिछले सप्ताह दो सफल कार्रवाइयां की। इन अभियानों के परिणामस्वरूप 4,209.80 किलोग्राम पोस्ता भूसा(पोपी स्ट्रॉ), दो वाहन तथा गेहूं की 100 बोरियां ज़ब्त की गईं, जिनका इस्तेमाल सामान छिपाने के लिए किया जा रहा था। दोनों मामलों में स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम(एनडीपीएस), 1985 की संबंधित धाराओं के तहत तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
जब्ती का विवरण
- जब्त किया गया कुल पोस्ता भूसा: 4,209.80 किलोग्राम
- जब्त किए गए वाहन: 02 (एक टाटा ट्रक और एक कंटेनर ट्रक)
- छिपाने के लिए इस्तेमाल की जा रही जब्त गेहूं की बोरियां: 100
- गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या: 03
5-अक्टूबर 2026 को, पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो(सीबीएन), नीमच के अधिकारियों ने उदयपुर–चित्तौड़गढ़ राजमार्ग पर हरियाणा पंजीकरण संख्या वाले एक कंटेनर ट्रक को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर विभिन्न रंगों के 39 प्लास्टिक बोरियों के नीचे छिपाकर रखा गया 929.08 किलोग्राम पोस्ता भूसा बरामद हुआ। इसमें चीरा लगाया गया पोस्ता भूसा, बिना चीरा लगाया गया पोस्ता भूसा(यूपीएस) तथा पोस्ता भूसे का पाउडर शामिल था। वाहन और प्रतिबंधित मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया तथा एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।


कंटेनर ट्रक सहित जब्त किया गया प्रतिबंधित मादक पदार्थ
विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो(सीबीएन) के अधिकारियों ने 9-अक्टूबर-2026 को मध्य प्रदेश के मंदसौर में गांधीसागर–भानपुरा मार्ग पर राजस्थान पंजीकरण नंबर वाले एक टाटा ट्रक को रोका। गरोठ स्थित सीबीएन कार्यालय में गहन तलाशी लेने पर, कवर कार्गो के रूप में ले जाए जा रहे गेहूं के 100 बोरों के नीचे छिपाकर रखा गया 3,280.72 किलोग्राम पोस्ता भूसा(पोपी स्ट्रॉ) बरामद किया गया। पोस्ता भूसा, ट्रक और गेहूं की बोरियों को जब्त कर लिया गया तथा एनडीपीएस अधिनियम,1985 की संबंधित धाराओं के तहत ट्रक में सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।


टाटा ट्रक के साथ जब्त किया गया प्रतिबंधित मादक पदार्थ
दोनों मामलों में प्रतिबंधित मादक पदार्थों के स्रोत, इसे प्राप्त करने वाले लोगों तथा तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो(सीबीएन) “मादक पदार्थों या औषधियों का सुरक्षित उपयोग और दुरुपयोग की रोकथाम” तथा “नशा मुक्त भारत” के विजन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है; साथ ही, यह नशीली दवाओं और साइकोट्रोपिक पदार्थों की अवैध तस्करी, गलत इस्तेमाल और डायवर्ज़न के खिलाफ़ खुफिया जानकारी के आधआर पर प्रवर्तन और जागरूकता बढ़ाने के प्रयास लगातार जारी रखे हुए है।
***
पीके/केसी/आरटी/पीकेपी
(रिलीज़ आईडी: 2322078)
आगंतुक पटल : 63