राज्यसभा सचिवालय
azadi ka amrit mahotsav

राज्यसभा उपसभापति श्री हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने तंजानिया के अरुशा में आयोजित 153वीं आईपीयू विधानसभा के दूसरे दिन भी अपनी भागीदारी दर्ज की

प्रविष्टि तिथि: 07 OCT 2026 2:35PM by PIB Delhi

लोकसभा सांसद और अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) की स्वास्थ्य संबंधी समिति के सदस्य डॉ. संजय जायसवाल ने आईपीयू की स्वास्थ्य संबंधी समिति के सत्रों में भागीदारी की। उन्होंने समिति के साथ एक क्षेत्रीय दौरा भी किया।

राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश ने 153वीं आईपीयू विधानसभा की बैठकों में शामिल होते हुए पाकिस्तान द्वारा कश्मीर पर की गई कुछ अनुचित टिप्पणियों पर जवाब देने के अधिकार का प्रयोग किया। विधानसभा में उन्होंने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग है और पाकिस्तान को भारत के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।

लोकसभा सांसद श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने लोकतंत्र और मानवाधिकार संबंधी स्थायी समिति में भाग लिया और 'सभी के लिए समावेशी सामाजिक विकास: दिव्‍यांगजनों के अधिकारों और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए संसदीय रणनीतियां' विषय पर मसौदा प्रस्ताव पर हुई बहस में भी हिस्सा लिया।

लोकसभा सांसद श्रीमती कमलजीत सहरावत ने शांति और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी स्थायी समिति की बैठक में भाग लिया और 'शांतिपूर्ण भविष्य को आकार देना: स्थायी शांति के लिए संसदीय कूटनीति, मध्यस्थता और संवाद' विषय पर हुई बहस में हिस्सा लिया।

राज्यसभा सांसद डॉ. सस्मित पात्रा ने 'सैन्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता के युग में शांति बनाए रखने में संसदों की भूमिका' विषय पर उपरोक्त समिति की पैनल चर्चा में भाग लिया। उन्होंने लोकतंत्र और मानवाधिकार संबंधी स्थायी समिति की चर्चाओं में भी भागीदारी के साथ उपर्युक्त प्रस्ताव के लिए मसौदा तैयार करने में योगदान दिया।

लोकसभा सांसद श्री एन.के. प्रेमचंद्रन ने 'आतंकवाद के प्रति संसदीय प्रतिक्रिया को सुदृढ़ करना: आईपीयू संदर्भ प्रारूप प्रस्तुत करना' विषय पर आयोजित कार्यशाला में भाग लिया। उन्होंने 'साझा समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण खनिज: संसदीय निगरानी को सुदृढ़ करना' विषय पर आयोजित कार्यशाला में भी भाग लिया।

सायंकाल को, भारतीय उच्चायोग ने प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के बाद, प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ वार्तालाप किया।

****

पीके/केसी/आरटी/एसएस/जीआरएस


(रिलीज़ आईडी: 2320122) आगंतुक पटल : 78
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati