रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सरकार ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित (पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएम, वीएसएम) को वायु सेना प्रमुख (सीएएस) नियुक्त किया

प्रविष्टि तिथि: 06 OCT 2026 8:39PM by PIB Delhi

सरकार ने वर्तमान में वायु सेना के वाइस चीफ के पद पर कार्यरत एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित (पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएम, वीएसएम) को 31 अक्टूबर, 2026 की दोपहर से एयर चीफ मार्शल के पद पर वायु सेना के 29वें प्रमुख के रूप में नियुक्त किया है। वायु सेना के वर्तमान प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह 31 अक्टूबर, 2026 को अपने पद से सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

image.jpegimage.jpeg

9 दिसंबर, 1966 को जन्मे एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित 6 दिसंबर, 1986 को भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में शामिल हुए थे। वायु सेना उप प्रमुख का पद संभालने से पहले एयर मार्शल दीक्षित ने एकीकृत रक्षा कार्मिक मुख्यालय (एचक्यू आईडीएस) में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष के अधीन प्रमुखों की समिति (सीआईएससी) के अध्यक्ष और मध्य वायु कमान के वायु अधिकारी कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्य किया था।

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित नेशनल डिफेंस एकेडमी, डिफेंस सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज, बांग्लादेश और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। उन्हें मिराज-2000, मिग के विभिन्न संस्करणों, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और तेजस जैसे कई प्रकार के विमानों को उड़ाने का 3,500 घंटे से अधिक का अनुभव है। वह प्रायोगिक परीक्षण पायलट और प्रमाणित उड़ान प्रशिक्षक भी हैं। आशुतोष दीक्षित लगभग चार दशकों के अपने सेवा करियर के दौरान ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन सिंदूर सहित कई अभियानों और सैन्य अभ्यासों में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं।

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने अपने शानदार सेवा करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण क्षेत्रीय और कार्मिक पदों पर कार्य किया है। उन्होंने पश्चिमी सेक्टर में एक अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू वायु अड्डे और दक्षिणी सेक्टर में एक प्रमुख लड़ाकू प्रशिक्षण वायु अड्डे की कमान संभाली। विभिन्न पदों और भूमिकाओं में उनके योगदान से भारतीय वायु सेना की परिचालन क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण मदद मिली है। उनकी उत्कृष्ट और विशिष्ट सेवा के लिए उन्हें वर्ष 2006 में वायु सेना मेडल, वर्ष 2011 में विशिष्ट सेवा मेडल, वर्ष 2023 में अति विशिष्ट सेवा मेडल और वर्ष 2026 में परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया।

*****

पीके/केसी/आरटी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2319924) आगंतुक पटल : 43
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Assamese