युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027: राष्ट्रव्यापी क्विज में 1,45,26,013 लोगों की भागीदारी; चयनित युवा निबंध दौर में शामिल होंगे
चयनित प्रतिभागी 15 अक्टूबर, 2026 तक माय भारत पोर्टल पर 500 शब्दों के निबंध जमा करेंगे
प्रविष्टि तिथि:
06 OCT 2026 5:22PM by PIB Delhi
मेरा युवा भारत (माय भारत) के माध्यम से युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की एक प्रमुख युवा जुड़ाव पहल - विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी) 2027 ने विकसित भारत क्विज को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। क्विज के प्रति देश भर के युवा भारतीयों ने अत्यधिक रुचि दिखाई, जिसमें चयन प्रक्रिया के दौरान 1,45,26,013 युवाओं की भागीदारी दर्ज की गई।
वीबीवाईएलडी 2027 का उद्देश्य युवा नागरिकों को विकसित भारत @2047 के विजन के प्रति अपने विचारों, दृष्टिकोणों और अभिनव समाधानों को साझा करने के लिए एक संरचित, योग्यता-आधारित मंच प्रदान करना है। यह पहल प्रतिभाशाली युवाओं के लिए सार्वजनिक जीवन में भागीदारी के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान करने के अवसर पैदा करने के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप है।
एक योग्यता-आधारित राष्ट्रीय युवा नेतृत्व यात्रा
वीबीवाईएलडी 2027 एक संरचित, बहु-चरणीय चयन प्रक्रिया का अनुसरण करता है, जिसे जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक युवा नेतृत्व की पहचान करने और उसका पोषण करने के लिए डिजाइन किया गया है। विकसित भारत चैलेंज निम्नलिखित पाथवे का अनुसरण करता है:
विकसित भारत क्विज → विकसित भारत निबंध चैलेंज → जिला पीपीटी चैंपियनशिप → राज्य/केंद्र शासित प्रदेश वीबीवाईएलडी → राष्ट्रीय वीबीवाईएलडी
वीबीवाईएलडी 2027 चयन प्रक्रिया का पहला चरण, विकसित भारत क्विज 17 अगस्त से 30 सितंबर, 2026 तक माय भारत पोर्टल पर आयोजित किया गया था, जिसमें संबंधित क्विज भी मायगॉव प्लेटफॉर्म पर आयोजित की गई थी। क्विज में 20 प्रश्न शामिल थे, जिनमें अधिकतम 20 अंक और 10 मिनट की समय-सीमा थी।
क्विज राउंड में क्वालीफाई करने वाले लगभग 5.7 लाख युवा अगले चरण, विकसित भारत निबंध चैलेंज के लिए आगे बढ़ेंगे और क्षेत्र के लिए नामित विषय पर माय भारत पोर्टल पर 500 शब्दों का निबंध प्रस्तुत करेंगे। निबंध और प्रस्तुति दौर के विषय इस प्रकार हैं। विषयों के साथ राज्यों का विस्तृत मानचित्रण माय भारत पोर्टल पर उपलब्ध है:
- भविष्य का शासन, शहरी परिवर्तन और नागरिक सेवाएं
- जलवायु सुरक्षा, सीमाएं और सतत पर्वतीय विकास
3. जनसांख्यिकीय लाभांश और मानव पूंजी विकास
4. सतत औद्योगीकरण और संसाधन आधारित विकास
5. एक्ट ईस्ट, कनेक्टिविटी और सांस्कृतिक नेतृत्व
6. विनिर्माण, उद्यमिता और हरित विकास
7. जनजातीय नेतृत्व, प्राकृतिक संसाधन और समावेशी विकास
8. नवाचार अर्थव्यवस्था, पर्यटन और रचनात्मक उद्योग
9. प्रौद्योगिकी, नवाचार, भविष्य की तैयारी
10. नीली अर्थव्यवस्था, मानव पूंजी और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता
15 अक्टूबर, 2026 तक माय भारत पोर्टल पर 23 भाषाओं में से किसी में भी निबंध लिखे जा सकते हैं। सबसे होनहार युवा योगदानकर्ताओं को जिला स्तर पर व्यक्तिगत प्रस्तुति दौर के लिए चुना जाएगा, जो पहली बार सभी जिलों में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद चयनित प्रतिभागी उस स्तर पर प्रस्तुति देने के लिए राज्य/केंद्र शासित प्रदेश वीबीवाईएलडी जाएंगे। 10 क्षेत्रीय विषयों के तहत सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों से चुने गए प्रतिभागी विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीआईएलडी) के राष्ट्रीय दल का हिस्सा बनेंगे।
*****
पीके/केसी/आरटी/एसकेएस/केके
(रिलीज़ आईडी: 2319776)
आगंतुक पटल : 69