सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

स्वच्छता कार्य से लेकर वित्तीय सुरक्षा तक, कर्णति श्रीनिवास राव की यात्रा

प्रविष्टि तिथि: 21 SEP 2026 4:34PM by PIB Delhi

किफायती ऋण, पूंजीगत सब्सिडी और मशीनीकृत स्वच्छता उपकरणों तक पहुंच से स्थायी आजीविका के अवसर सृजित हो सकते हैं। साथ ही, इससे सुरक्षित और अधिक सम्मानजनक काम को बढ़ावा मिल सकता है। अन्यथा, सीमित शिक्षा और निम्न आय के कारण स्वच्छता कर्मचारियों के लिए बढ़ते घरेलू खर्चों को पूरा करना और वित्तीय सुरक्षा अर्जित करना कठिन हो जाता है।

विजयवाड़ा नगर निगम में कार्यरत 53 वर्षीय सफाई कर्मचारी कर्णती श्रीनिवास राव ने नमस्ते योजना की स्वच्छता उद्यमी योजना के तहत सहायता प्राप्त करने के बाद अपने परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार किया है। चार अन्य सदस्यों के साथ एक समूह परियोजना के माध्यम से सहायता प्राप्त करने के बाद, वे अब प्रति माह लगभग 10,000 रुपये की अतिरिक्त आय अर्जित करते हैं।

बचपन में आर्थिक तंगी के कारण श्री राव को छठी कक्षा के बाद अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी। 2008 में, उन्होंने विजयवाड़ा नगर निगम में आउटसोर्स सफाईकर्मी के रूप में काम शुरू किया और 2,500 रुपये मासिक वेतन से अपना करियर शुरू किया। वे अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए प्रतिबद्ध रहे, लेकिन उनकी सीमित शैक्षणिक योग्यता के कारण उन्हें अन्य रोजगार के अवसरों और अधिक आय के अवसरों तक पहुंचने में कठिनाई हुई।

घरेलू खर्च, शिक्षा संबंधी व्यय और अप्रत्याशित खर्चों में वृद्धि के कारण आर्थिक स्थिरता प्राप्त करना कठिन बना रहा। उनकी पत्नी गृहिणी हैं और परिवार मुख्य रूप से उनकी कमाई पर निर्भर था। हालांकि बाद में उनकी मासिक आय बढ़कर लगभग 22,500 रुपये हो गई, फिर भी नियमित खर्चों को पूरा करना और भविष्य की आवश्यकताओं के लिए बचत करना एक चुनौती बना रहा। श्री राव एक अतिरिक्त आय स्रोत प्राप्त करना चाहते थे जिससे उन्हें अपने परिवार का भरण-पोषण करने और आपात स्थितियों के लिए अधिक आत्मविश्वास के साथ योजना बनाने में मदद मिल सके।

21 अगस्त 2025 को, श्री राव और चार अन्य सदस्यों को स्वच्छता उद्यमी योजना के तहत एक समूह परियोजना के लिए सहायता प्राप्त हुई, जिसमें गुलफर 8 केएल डिसस्लजिंग वाहन की खरीद शामिल थी। परियोजना की कुल लागत 50 लाख रुपये थी। वित्तीय सहायता में 31.25 लाख रुपये का ऋण और 18.75 लाख रुपये की अग्रिम पूंजी सब्सिडी शामिल थी। इस सहायता से समूह को मशीनीकृत स्वच्छता सेवाएं शुरू करने और आजीविका का एक अतिरिक्त, स्थायी स्रोत विकसित करने में मदद मिली।

इस परियोजना के माध्यम से, श्री राव अब अपनी नियमित नौकरी के साथ-साथ लगभग 10,000 रुपये प्रति माह अतिरिक्त कमा रहे हैं। परिणामस्वरूप, उनकी कुल मासिक आय लगभग 22,500 रुपये से बढ़कर 32,500 रुपये हो गई है। इस अतिरिक्त आय से उनकी आर्थिक कठिनाइयां कम हुईं, जिससे वे घरेलू खर्चों का बेहतर प्रबंधन कर पा रहे हैं और भविष्य में पारिवारिक आवश्यकताओं के लिए बचत शुरू कर पा रहे हैं।

आज श्री राव अपने परिवार के लिए अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य की ओर अग्रसर हैं। उनका अनुभव दर्शाता है कि लक्षित वित्तीय सहायता और मशीनीकृत स्वच्छता समाधान किस प्रकार सफाईकर्मियों की आजीविका को सुदृढ़ कर सकते हैं। नमस्ते के अंतर्गत स्वच्छता उद्यमी योजना ने उन्हें अपने जीवन स्तर को सुधारने, बचत करने और नए आत्मविश्वास के साथ भविष्य की ओर बढ़ने में सक्षम बनाया है।

***

पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/एसके

 


(रिलीज़ आईडी: 2313073) आगंतुक पटल : 59
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Kannada