सूक्ष्‍म, लघु एवं मध्‍यम उद्यम मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय स्वच्छता और लंबित मामलों के निपटान हेतु विशेष अभियान 6.0 के लिए तैयार


मंत्रालय ने विशेष अभियान 5.0 के अंतर्गत 22,365 जन शिकायतों का निपटारा किया है और 1,167 वर्ग फुट जगह खाली कराई है

प्रविष्टि तिथि: 21 SEP 2026 3:30PM by PIB Delhi

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) के तत्वावधान में 2 से 31 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित होने वाले विशेष अभियान 6.0 की तैयारी में जुटा है। इस अभियान का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता और नागरिकों के अनुभव को बेहतर बनाना है। इस संस्करण में ई-कचरा (प्रबंधन) नियम, 2022 के अनुरूप "ई-कचरे के प्रभावी संग्रह, पृथक्करण और निपटान" पर विशेष जोर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, इसमें मंत्रालयों/विभागों, उनके संबद्ध एवं अधीनस्थ कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के साथ-साथ लोगों से सीधे संपर्क में आने वाले क्षेत्रीय/बाहरी कार्यालयों पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

वर्तमान में तैयारी का चरण (15-30 सितंबर, 2026) चल रहा है, जिसके दौरान मंत्रालय जमीनी स्तर तक के कार्यालयों को जागरूक कर रहा है और अभियान के लिए एक कार्य योजना तैयार कर रहा है। इसके बाद के कार्यान्वयन चरण (2-31 अक्टूबर, 2026) में स्वच्छता, ई-कचरा निपटान, डिजिटलीकरण, अभिलेखों की छंटाई, स्थान प्रबंधन और लंबित सांसद संदर्भों, राज्य सरकार के संदर्भों, संसदीय आश्वासनों, प्रधानमंत्री कार्यालय के संदर्भों और सार्वजनिक शिकायतों का निपटारा किया जाएगा।

विशेष अभियान 5.0 के तहत, मंत्रालय और उसके संगठनों- विकास आयुक्त कार्यालय (एमएसएमई), खादी एवं ग्राम उद्योग आयोग, कॉयर बोर्ड, राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम, राष्ट्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम संस्थान और महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगीकरण संस्थान ने 23,162 भौतिक फाइलों की समीक्षा की, 4,280 फाइलों को हटाया, 21,045 वर्ग फुट कार्यालय स्थान खाली किया और 22.89 लाख रुपए मूल्य के कबाड़ का निपटान किया। इस अवधि के दौरान चलाए गए 1,045 स्वच्छता अभियानों के अंतर्गत, 81 प्रतिशत से अधिक सांसद संदर्भों और 99 प्रतिशत जन शिकायतों का समाधान किया गया।

विशेष अभियान 5.0 के तहत हासिल प्रगति को बनाए रखने के लिए डीएआरपीजी के निर्देशों के अनुरूप, मंत्रालय ने अपने संगठनों को अभियान के विभिन्न मापदंडों पर गतिविधियां चलाने का निर्देश दिया। इसी अनुरूप, नवंबर 2025 से सितंबर 2026 के दौरान, 22,365 जन शिकायतें, 4850 जन शिकायत अपीलें और 226 सांसद संदर्भों का निपटारा किया गया, समीक्षा के बाद 626 दस्तावेजी फाइलें और 127 ई-फाइलें हटाई गईं और लगभग 1167 वर्ग फुट जगह खाली की गई। साथ ही, मंत्रालय के अधिकारियों ने कर्मचारियों को जागरूक करने और अभियान में उनके प्रदर्शन की समीक्षा करने के लिए अपने क्षेत्रीय कार्यालयों और संस्थानों का दौरा किया।

गुवाहाटी स्थित एनएसआईसी शाखा कार्यालय में जागरूकता कार्यशाला

औरंगाबाद स्थित डीएफओ शाखा कार्यालय में वृक्षारोपण अभियान

इन उपलब्धियों के आधार पर, मंत्रालय और उसके संगठन स्वच्छ और अधिक उत्तरदायी शासन की दिशा में विशेष अभियान 6.0 को उसी दृढ़ता के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

***

पीके/केसी/आरटी/बीयू/एचबी


(रिलीज़ आईडी: 2313010) आगंतुक पटल : 82
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil