जनजातीय कार्य मंत्रालय
मध्य प्रदेश में जनजातीय कल्याण योजनाओं के अंतिम लाभार्थी तक पहुंचने की स्थिति पर जनजातीय कार्य सचिव ने जानकारी जुटाई
मध्य प्रदेश के इंदौर मंडल में जयजातीय कार्य मंत्रालय की योजनाओं की प्रगति समीक्षा के लिए सचिव ने क्षेत्र निरीक्षण किया
सचिव ने आदि सेवा केंद्र, आदिवासी होमस्टे, बुनकर सुविधा केंद्र और ईएमआरएस मरोद में लाभार्थियों से बातचीत की; राज्य अधिकारियों और जिला कलेक्टरों के साथ योजना की व्यापकता की समीक्षा की
प्रविष्टि तिथि:
20 AUG 2026 10:52AM by PIB Delhi
जनजातीय कार्य सचिव श्रीमती रंजना चोपड़ा और मंत्रालय में अपर सचिव श्री मनीष ठाकुर ने आज मध्य प्रदेश के इंदौर मंडल में व्यापक क्षेत्र निरीक्षण और प्रगति समीक्षा की। इस दौरे का उद्देश्य जनजातीय कार्य मंत्रालय की प्रमुख योजनाओं के जमीनी स्तर पर कार्यान्वयन का आकलन करना और जनजातीय लाभार्थियों से सीधे बातचीत करना था। इस दौरे में मध्य प्रदेश सरकार के जनजातीय कल्याण विभाग के प्रधान सचिव श्री गुलशन बामरा और राज्य जनजातीय कल्याण विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे।
दिन की शुरुआत इंदौर में मरोद स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) के दौरे से हुई। सचिव ने कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों और शिक्षकों से सौहार्दपूर्ण बातचीत की और दैनिक शिक्षण में उपयोग में लाए जा रहे डिजिटल स्मार्ट कक्षाओं का अवलोकन किया। छात्रों ने इंजीनियर, उद्यमी और विभिन्न क्षेत्रों में पेशेवर बनने की अपनी आकांक्षाओं के बारे में बताया - यह प्रधानमंत्री जनमन और डीए-जेजीयूए योजनाओं के अंतर्गत अनुसूचित जनजाति (एसटी) के बच्चों, खास तौर पर विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के बच्चों को प्रदान की जा रही गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा का उत्साहजनक प्रमाण है।


ईएमआरएस मरोद (पीवीटीजी), इंदौर में छात्रों के साथ बातचीत करते हुए जनजातीय कार्य सचिव।
इसके बाद टीम खरगौन जिले के महेश्वर स्थित बंकर सुविधा केंद्र पहुंची, जिसका संचालन राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत पंजीकृत एक सहायता समूह करता है। इस केंद्र में अनुसूचित जनजाति की महिलाएं रहती हैं जो प्रसिद्ध महेश्वरी साड़ियों की बुनाई में लगी हुई हैं। यहां प्रतिदिन 1,000-2,000 साड़ियां तैयार होती हैं, जो ट्राइफेड, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) और जिला पंचायतों द्वारा सुलभ कराए गए संपर्कों के माध्यम से बाजारों तक पहुंचती हैं। सचिव को बताया गया कि केंद्र की एक बुनकर ने हाल ही में दिल्ली में एक फैशन शोकेस में रैंप वॉक किया था। सचिव ने अनुसूचित जनजाति के छात्रों से भी मुलाकात की, जिनमें नीट उत्तीर्ण एक छात्रा भी शामिल थी। सचिव ने केंद्र में उपस्थित वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) पट्टा धारकों से भी बातचीत की।

बुनकर सुविधा केंद्र, महेश्वर में अनुसूचित जनजाति की महिला बुनकर माहेश्वरी साड़ियां बुनती हैं
खरगौन जिले में केरियाखेरी स्थित आदि सेवा केंद्र आदिवासी सशक्तिकरण के लिए एक एकल-खिड़की सुविधा केंद्र है। इस केंद्र में सचिव ने अनुसूचित जनजाति समुदाय के सदस्यों को राशन कार्ड से लेकर योजनाओं में नामांकन तक की विभिन्न आवश्यकताओं को एक समर्पित रजिस्टर में दर्ज कराते हुए देखा। केंद्र ने हाल ही में राष्ट्रव्यापी जन सुनवाई का आयोजन किया था, जिससे समुदाय के लिए शिकायत निवारण की सुविधा सुलभ हो गई। सचिव ने केंद्र में उपस्थित अनुसूचित जनजाति महिलाओं से बातचीत की, जिन्होंने अपने पड़ोस में ऐसी सुविधा होने पर संतोष व्यक्त किया।


इसके बाद टीम ने खरगौन जिले में एक स्थानीय आदिवासी परिवार की ओर से संचालित एक आदिवासी होमस्टे का दौरा किया, जो सामुदायिक नेतृत्व वाले ग्रामीण पर्यटन का एक उदाहरण है। होमस्टे में विशाल, साफ-सुथरे और अच्छी तरह से रखरखाव वाले कमरे हैं, जिनमें एक अलग रसोईघर भी है। वहां प्रति रात का उचित किराया लिया जाता है और सप्ताह भर अच्छी ऑक्यूपेंसी रहती है, खासकर सप्ताहांत में सबसे अधिक भीड़ रहती है। सचिव को बताया गया कि होमस्टे मालिकों को राज्य द्वारा नियुक्त एक एजेंसी के माध्यम से प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और निरंतर निगरानी मिलती है, जिससे गुणवत्ता और निरंतरता सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। अधिक से अधिक आदिवासी परिवार इस आजीविका के अवसर को अपना रहे हैं। सचिव ने होमस्टे मालिक से बातचीत करके यह समझने का प्रयास किया कि आदिवासी परिवार पर्यटन के माध्यम से स्थायी आजीविका कैसे बना रहे हैं।

कृषि मंत्रालय के सचिव, खरगौन जिले में एक आदिवासी होमस्टे के मालिक से बातचीत करती जनजातीय कार्य सचिव
इसके बाद, सचिव ने इंदौर स्थित सिकल सेल रोग (एससीडी) के लिए सक्षमता केंद्र का दौरा किया, जिसे जनजातीय आबादी में सिकल सेल रोग के उन्मूलन की दिशा में जनजातीय कार्य मंत्रालय के जारी प्रयासों के तहत स्थापित किया गया है। उन्होंने इस केंद्र में उपलब्ध स्क्रीनिंग, परामर्श और उपचार सहायता सुविधाओं की समीक्षा की।

इस क्षेत्रीय दौरे का समापन इंदौर के मंडलीय आयुक्त कार्यालय में जनजातीय सचिव की अध्यक्षता में हुई प्रगति समीक्षा बैठक के साथ हुआ। इस बैठक में मध्य प्रदेश और विशेष रूप से इंदौर मंडल में जनजातीय कल्याण योजनाओं के कार्यान्वयन की स्थिति का आकलन किया गया। इस बैठक में संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों और राज्य जनजातीय कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से भाग लिया, जबकि इंदौर मंडल के अन्य जिलों के जिला कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। समीक्षा के दौरान, जनजातीय सचिव ने कलेक्टरों को जमीनी स्तर पर सभी जनजातीय कल्याण योजनाओं का शीघ्र कार्यान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और समयबद्ध समन्वय कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया ताकि प्रत्येक पात्र आदिवासी परिवार और बस्ती तक इच्छित लाभ पहुंच सकें।

इंदौर के मंडलीय आयुक्त कार्यालय में आयोजित योजना प्रगति समीक्षा बैठक की अध्यक्षता जनजातीय सचिव ने की।
दिनभर चले इस क्षेत्रीय दौरे और समीक्षा ने जनजातीय कल्याण योजनाओं के अंतिम लाभार्थी तक पहुंचने, आदि सेवा केंद्रों जैसे संस्थागत बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और कौशल-आधारित उद्यम, ग्रामीण पर्यटन और गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा के माध्यम से स्थायी जनजातीय आजीविका के लिए मदद पर मंत्रालय के निरंतर ध्यान की पुष्टि की।
***
पीके/केसी/एके/एसवी
(रिलीज़ आईडी: 2301488)
आगंतुक पटल : 65