सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय
आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) पर प्रेस नोट, मासिक बुलेटिन, जुलाई 2026
ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में श्रम बल सहभागिता दर (एलएफपीआर) में सुधार
ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में श्रमिक जनसंख्या अनुपात (डब्ल्यूपीआर) मजबूत,
बेरोजगारी दर (यूआर)
प्रविष्टि तिथि:
17 AUG 2026 4:00PM by PIB Delhi
|
स्नैपशॉट:
- समग्र एलएफपीआर (15 वर्ष और उससे अधिक आयु) जून 2026 के 54.4 प्रतिशत से बढ़कर जुलाई 2026 में 55.4 प्रतिशत हो गया।
- ग्रामीण एलएफपीआर (15 वर्ष और उससे अधिक आयु) पिछले महीने की तुलना में 1.4 प्रतिशत अंक बढ़कर जुलाई 2026 में 58.0 प्रतिशत हो गया।
- जुलाई 2026 में महिला एलएफपीआर (15 वर्ष और उससे अधिक आयु) बढ़कर 34.4 प्रतिशत हो गई, जो पिछले महीने की तुलना में 1.7 प्रतिशत अंक की वृद्धि दर्ज करती है।
- समग्र डब्ल्यूपीआर (15 वर्ष और उससे अधिक) जुलाई 2026 में बढ़कर 52.5 प्रतिशत हो गई, जो फरवरी 2026 के बाद पहली वृद्धि है।
- ग्रामीण श्रमिक जनसंख्या अनुपात अर्थात डब्ल्यूपीआर (15 वर्ष और उससे अधिक) जुलाई 2026 में 55.4 प्रतिशत रही, जो जून 2026 की तुलना में 1.6 प्रतिशत अंक और जुलाई 2025 की तुलना में 1.0 प्रतिशत अंक की वृद्धि दर्शाती है।
- समग्र बेरोजगारी दर यानी यूआर (15 वर्ष और उससे अधिक) जुलाई 2026 में घटकर 5.1 प्रतिशत हो गई, जो पिछले महीने और पिछले वर्ष के इसी महीने दोनों से कम है।
- जुलाई 2026 में पिछले महीने की तुलना में पुरुष और महिला दोनों ही यूआर (15 वर्ष और उससे अधिक आयु के) में गिरावट आई, जो दोनों जेंडर में रोजगार की स्थिति में सुधार का संकेत देता है।
|
ए. प्रस्तावना
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ), सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) द्वारा आयोजित आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) जनसंख्या की गतिविधि भागीदारी और रोजगार एवं बेरोजगारी की स्थिति पर आंकड़ों का प्राथमिक स्रोत है। देश के लिए श्रम बल संकेतकों के मासिक और त्रैमासिक अनुमान प्रदान करने के लिए जनवरी 2025 से पीएलएफएस सर्वेक्षण पद्धति में संशोधन किया गया है।
पीएलएफएस के मासिक परिणाम मासिक बुलेटिन के रूप में जारी किए जाते हैं। इसमें अखिल भारतीय स्तर पर श्रम बल सहभागिता दर (एलएफपीआर), श्रमिक जनसंख्या अनुपात (डब्ल्यूपीआर) और बेरोजगारी दर (यूआर) जैसे प्रमुख श्रम बाजार संकेतकों का वर्तमान साप्ताहिक स्थिति (सीडब्ल्यूएस) पद्धति के अनुसार अनुमान प्रस्तुत किया जाता है।
अप्रैल 2025 से जून 2026 तक के मासिक बुलेटिन पहले ही जारी किए जा चुके हैं। जुलाई 2026 का वर्तमान मासिक बुलेटिन इस श्रृंखला का सोलहवाँ बुलेटिन है।
वर्तमान साप्ताहिक स्थिति (सीडब्ल्यूएस) के बाद 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए प्रमुख निष्कर्ष:
- श्रम बल सहभागिता दर (एलएफपीआर) में सुधार:
15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों की समग्र श्रम बल सहभागिता दर (एलएफपीआर) जून 2026 के 54.4 प्रतिशत से बढ़कर जुलाई 2026 में 55.4 प्रतिशत हो गई। मार्च से मई 2026 तक गिरावट और जून 2026 में अपरिवर्तित रहने के बाद, जुलाई 2026 में समग्र एलएफपीआर में वृद्धि हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी यही प्रवृत्ति देखी गई, जहां 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों की एलएफपीआर जून 2026 के 56.6 प्रतिशत से बढ़कर जुलाई 2026 में 58.0 प्रतिशत हो गई, जो 1.4 प्रतिशत अंकों की वृद्धि दर्शाती है। शहरी क्षेत्रों में, एलएफपीआर में मामूली वृद्धि हुई, जो जून 2026 के 50.1 प्रतिशत से बढ़कर जुलाई 2026 में 50.4 प्रतिशत हो गई।
पिछले वर्ष के इसी महीने की तुलना में, समग्र एलएफपीआर में 0.5 प्रतिशत अंक की वृद्धि हुई, जो जुलाई 2025 में 54.9 प्रतिशत से बढ़कर जुलाई 2026 में 55.4 प्रतिशत हो गया। इसी अवधि के दौरान, ग्रामीण एलएफपीआर में भी 1.1 प्रतिशत अंक की वृद्धि हुई, जो 56.9 प्रतिशत से बढ़कर 58.0 प्रतिशत हो गया, जबकि शहरी एलएफपीआर में 0.3 प्रतिशत अंक की मामूली गिरावट आई, जो 50.7 प्रतिशत से घटकर 50.4 प्रतिशत हो गया।

- महिला श्रम बल भागीदारी में वृद्धि:
समग्र रूप से महिला एलएफपीआर में जून 2026 के 32.7 प्रतिशत से जुलाई 2026 में 34.4 प्रतिशत तक उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। इसी अवधि के दौरान, ग्रामीण महिला एलएफपीआर 36.6 प्रतिशत से बढ़कर 38.8 प्रतिशत हो गई और शहरी महिला एलएफपीआर 24.8 प्रतिशत से बढ़कर 25.3 प्रतिशत हो गई।
जुलाई 2025 की तुलना में, जुलाई 2026 में महिलाओं के समग्र एलएफपीआर में 1.1 प्रतिशत अंकों की वृद्धि हुई, जो 33.3 प्रतिशत से बढ़कर 34.4 प्रतिशत हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में, महिला एलएफपीआर में 1.9 प्रतिशत अंकों की वृद्धि हुई, जो 36.9 प्रतिशत से बढ़कर 38.8 प्रतिशत हो गई, जबकि शहरी क्षेत्रों में महिला एलएफपीआर में मामूली 0.5 प्रतिशत अंकों की गिरावट आई, जो 25.8 प्रतिशत से घटकर 25.3 प्रतिशत हो गई।

- सभी सेक्टरों में कार्यबल में मजबूती:
जुलाई 2026 में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के श्रमिक जनसंख्या अनुपात (डब्ल्यूपीआर) में सभी क्षेत्रों में व्यापक रूप से सुधार का रुझान देखा गया। कुल डब्ल्यूपीआर जून 2026 के 51.4 प्रतिशत से बढ़कर जुलाई 2026 में 52.5 प्रतिशत हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में, डब्ल्यूपीआर जून 2026 के 53.8 प्रतिशत से बढ़कर जुलाई 2026 में 55.4 प्रतिशत हो गया, जो 1.6 प्रतिशत अंकों की वृद्धि दर्शाता है। शहरी क्षेत्रों में डब्ल्यूपीआर इसी अवधि में मामूली रूप से बढ़कर 46.8 प्रतिशत से 47.0 प्रतिशत हो गया। विशेष रूप से, ग्रामीण महिला डब्ल्यूपीआर जून 2026 के 34.7 प्रतिशत से बढ़कर जुलाई 2026 में 37.2 प्रतिशत हो गया, जो 2.5 प्रतिशत अंकों की वृद्धि है। शहरी महिला डब्ल्यूपीआर इसी अवधि में 22.7 प्रतिशत से बढ़कर 23.1 प्रतिशत हो गया।
पिछले वर्ष की तुलना से पता चलता है कि जुलाई 2026 में डब्ल्यूपीआर जुलाई 2025 (52.0 प्रतिशत) की तुलना में 0.5 प्रतिशत अंक अधिक (52.5 प्रतिशत) रही। शहरी डब्ल्यूपीआर इस अवधि के दौरान समान स्तर (47.0 प्रतिशत) पर रही, जबकि ग्रामीण डब्ल्यूपीआर में 1.0 प्रतिशत अंक की वृद्धि दर्ज की गई (55.4 प्रतिशत बनाम 54.4 प्रतिशत)।
|
ग्रामीण क्षेत्रों में महिला डब्ल्यूपीआर जुलाई 2026 में पिछले महीने के 34.7 प्रतिशत की तुलना में तेजी से बढ़कर 37.2 प्रतिशत हो गई।
|
- कुल बेरोजगारी दर (यूआर) में गिरावट आई:
15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों में कुल बेरोजगारी दर (यूआर) जून 2026 के 5.5 प्रतिशत से घटकर जुलाई 2026 में 5.1 प्रतिशत हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में, यूआर पिछले महीने के 5.0 प्रतिशत से घटकर जुलाई 2026 में 4.5 प्रतिशत रह गई। इसी अवधि के दौरान, शहरी यूआर लगभग 6.6 प्रतिशत की तुलना में 6.7 प्रतिशत पर स्थिर रही।
जुलाई 2025 की तुलना में, जुलाई 2026 में समग्र (यूआर) और ग्रामीण मोटे तौर पर स्थिर रहे, जबकि शहरी यूआर में 0.5 प्रतिशत अंक की कमी आई, जो जुलाई 2025 के 7.2 प्रतिशत से घटकर जुलाई 2026 में 6.7 प्रतिशत हो गया।

|
समग्र यूआर जून 2026 के 5.5 प्रतिशत से घटकर जुलाई 2026 में 5.1 प्रतिशत हो गई।
|
- सभी जेंडरों के ग्रामीण यूआर तथा शहरी पुरुष यूआर में गिरावट:
15 वर्ष और उससे अधिक आयु के पुरुषों में, कुल यूआर जून 2026 में 5.3 प्रतिशत से घटकर जुलाई 2026 में 5.0 प्रतिशत हो गई। यह जुलाई 2025 (5.3 प्रतिशत) की तुलना में भी 0.3 प्रतिशत अंक कम है। ग्रामीण पुरुष यूआर में गिरावट आई जो जून 2026 के 4.9 प्रतिशत से घटकर जुलाई 2026 में 4.6 प्रतिशत हो गई और जुलाई 2025 के स्तर के बराबर रही। जहां शहरी पुरुष यूआर पिछले महीने की तुलना में लगभग स्थिर रही, लेकिन जुलाई 2026 में यह 0.7 प्रतिशत अंक घटकर 5.9 प्रतिशत हो गई, जबकि जुलाई 2025 में यह 6.6 प्रतिशत थी।
15 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए, जुलाई 2026 में समग्र और ग्रामीण यूआर जून 2026 की तुलना में कम हो गई। यद्यपि यह जुलाई 2025 में देखे गए स्तर से ऊपर बनी रही। शहरी महिला यूआर जून 2026 के 8.4 प्रतिशत से बढ़कर जुलाई 2026 में 0.4 प्रतिशत अंक बढ़कर 8.8 प्रतिशत हो गई, जबकि यह जुलाई 2025 के स्तर (8.7 प्रतिशत) की तुलना में लगभग स्थिर रही।


|
जून 2026 की तुलना में जुलाई 2026 में पुरुषों और महिलाओं दोनों के समग्र यूआर में गिरावट आई।
|
|
अखिल भारतीय स्तर पर, मासिक अनुमान कुल 3,71,021 व्यक्तियों के सर्वेक्षण से एकत्रित जानकारी पर आधारित हैं।
|
|
ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वेक्षण किए गए व्यक्ति
2,11,411
|
शहरी क्षेत्रों में सर्वेक्षण किए गए व्यक्ति
1,59,610
|
|
जुलाई 2026 का मासिक बुलेटिन मंत्रालय की वेबसाइट ( https://www.mospi.gov.in ) पर उपलब्ध है।
|
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के प्रकाशनों/रिपोर्टों तक पहुंचने के लिए क्यूआर कोड स्कैन करें।

|
***
पीडीएफ में देखने के लिए यहां क्लिक करें
पीके/केसी/एसकेजे/एम
(रिलीज़ आईडी: 2300555)
आगंतुक पटल : 102
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English