रक्षा मंत्रालय
आजादी के 79 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एनसीसी ने साइक्लोथॉन 2026 का आयोजन किया।
प्रविष्टि तिथि:
02 AUG 2026 12:54PM by PIB Delhi
नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) ने भारत की आजादी के 79 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 2 अगस्त, 2026 को नई दिल्ली में साइक्लोथॉन-2026 का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। साथ ही, इसका लक्ष्य देशभक्ति, अनुशासन, एकता और राष्ट्र सेवा जैसे उन मूल्यों को सुदृढ़ करना भी था, जो नेशनल कैडेट कोर की आधारशिला हैं।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री मनसुख मंडाविया ने साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, प्रख्यात मुक्केबाज़ एम.सी. मैरी कॉम तथा विख्यात टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस भी उपस्थित रहे। भारत की आजादी के 79 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने 79 एनसीसी कैडेटों के दल के साथ 79 किलोमीटर की सांकेतिक साइकिल यात्रा में भाग लिया। यह आयोजन मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से शुरू होकर राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख स्थलों से गुजरते हुए निर्धारित मार्ग पूरा करने के बाद वहीं संपन्न हुआ।


"स्वच्छ भारत, हरित भारत, फिट भारत" थीम पर आयोजित इस साइक्लोथॉन ने 'टीबी मुक्त भारत', 'स्वच्छ भारत', 'एक पेड़ माँ के नाम' और 'हर घर तिरंगा' जैसे राष्ट्रीय अभियानों के प्रति एनसीसी की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों और आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन में कमी तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, साइकिल को पर्यावरण-अनुकूल, टिकाऊ और प्रभावी परिवहन साधन के रूप में अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।


एनसीसी साइक्लोथॉन-2026 केवल एक खेल आयोजन नहीं था, बल्कि यह शारीरिक फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जन-जागरूकता का एक प्रभावी मंच भी बना। इस पहल ने युवाओं को अनुशासन, टीम भावना, धैर्य और सामुदायिक सेवा की भावना अपनाकर सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के वाहक बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, इसने सशक्त, स्वस्थ और हरित भारत के निर्माण के संकल्प को भी नई ऊर्जा प्रदान की।
***
पीके/केसी/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2293372)
आगंतुक पटल : 219