सहकारिता मंत्रालय
भारत टैक्सी सेवा
प्रविष्टि तिथि:
21 JUL 2026 5:30PM by PIB Delhi
भारत टैक्सी सहकार-आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है जिसे सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा सहकारी मॉडल के तहत एक पारदर्शी, चालक-स्वामित्व वाली मोबिलिटी सेवा प्रदान करने के लिए प्रचालित किया जा रहा है । इस प्लेटफॉर्म में सारथी (चालक) एप्लिकेशन, यात्री एप्लिकेशन और बैकएंड मैनेजमेंट सिस्टम शामिल हैं । सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड सारथी (चालक) ऑनबोर्डिंग, ग्राहक पंजीकरण, दस्तावेज़ सत्यापन, प्रशिक्षण और सेवाओं के विस्तार सहित देश भर में प्लेटफॉर्म के चरणबद्ध शुभारंभ का काम कर रहा है ।
वर्तमान में भारत टैक्सी दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और गुजरात के शहरों में प्रचालनरत है । इस प्लेटफॉर्म पर 7.76 लाख सारथी (चालक) और 40.84 लाख ग्राहक पंजीकृत किए गए हैं ।
सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड चरणबद्ध तरीके से भारत टैक्सी का विस्तार कर रहा है । अतिरिक्त शहरों और राज्यों में सेवाओं की शुरूआत प्रचालनात्मक आवश्यकताओं और अनुमोदनों के अध्यधीन है । इसका विस्तार प्रचालनात्मक तत्परता, सारथियों की उपलब्धता, सांविधिक अपेक्षाओं को पूरा करने तथा संबंधित राज्य सरकारों, सहकारी संस्थाओं और अन्य हितधारकों के साथ समन्वय जैसे कारकों पर निर्भर करता है ।
सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड अपनी समग्र कार्यान्वयन योजना के अनुसार प्रचालनात्मक तैयारी और लागू सांविधिक आवश्यकताओं को पूरा करने, आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करने और अन्य प्रशासनिक अपेक्षाओं को पूरा करने के बाद ही भारत टैक्सी सेवाओं की शुरू करता है।
किसी भी राज्य में भारत टैक्सी सेवाओं को शुरू करने से पहले सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड परिवहन विभाग, शहरी स्थानीय निकायों/नगरपालिका प्राधिकरणों और सहकारिता विभाग सहित राज्य सरकार के संबंधित विभागों के साथ आवश्यकतानुसार परामर्श करता है । सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा लागू कानूनी और विनियामक संरचना के अनुसार आवश्यक लाइसेंस, पंजीकरण, अनुमतियां और अन्य सांविधिक अनुमोदन प्राप्त किए जाते हैं । अपेक्षित सांविधिक और प्रशासनिक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद ही प्रचालन शुरू किया जाता है ।
अपनी कार्यान्वयन प्रक्रिया के हिस्से के रूप में सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड किसी शहर में भारत टैक्सी सेवाओं को शुरू करने से पहले चालक ऑनबोर्डिंग और जन-जागरूकता कार्यकलाप करता है । ऐसे कार्यकलापों में भारत टैक्सी के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से सूचना का प्रसार, राज्य सरकार के संबंधित विभाग और स्थानीय प्राधिकरणों के साथ संपर्क और आवश्यकतानुसार अन्य आउटरीच पहल शामिल होती हैं । भारत टैक्सी अपनी सेवाओं के बारे में जन- जागरूकता और सूचना प्रसार की सुविधा के लिए प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर सक्रिय उपस्थिति बनाए रखती है ।
यह जानकारी केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
*******
AK/AP
(रिलीज़ आईडी: 2287215)
आगंतुक पटल : 159