श्रम और रोजगार मंत्रालय
डिजिटल शासन द्वारा श्रमिक संघों का सशक्तिकरण: समाधान पोर्टल 2.0 संबंधी जागरूकता सत्र
प्रविष्टि तिथि:
17 JUL 2026 4:31PM by PIB Delhi
श्रम और रोजगार मंत्रालय के दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय के केंद्रीय मुख्य श्रम आयुक्त ने इस सप्ताह के आरंभ में नई दिल्ली के श्रममेव जयते भवन में श्रमिक संघों के प्रतिनिधियों के लिए समाधान पोर्टल के उन्नत चरण पर व्यापक जागरूकता सत्र आयोजित किया।
उप मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) श्री पी.एस. कर्मासे के स्वागत संबोधन से आयोजन शुरू हुआ। इसके बाद उप मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) श्री एस.के. साहू ने सत्र का संदर्भ प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने आधुनिक श्रम शासन में डिजिटल साधनों और प्रौद्योगिकी-आधारित दक्षता की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। श्री साहू ने श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा में श्रमिक संघों की भूमिका रेखांकित की।

क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (केंद्रीय) श्री कुमार अमृतेश ने तकनीकी सत्र का नेतृत्व किया। विस्तृत प्रस्तुति द्वारा उन्होंने समाधान पोर्टल की प्रमुख विशेषताएं बताईँ। इनमें औद्योगिक विवाद ऑनलाइन दर्ज करने की सुगम सुविधा, आधुनिक श्रम संहिता के तहत विभिन्न दावे प्रस्तुत करने और हितधारकों के सशक्तिकरण के लिए वास्तविक समय आवेदन निगरानी तंत्र शामिल हैं।

इस सत्र में विभिन्न मजदूर संघों और केंद्रीय श्रमिक संघों के 30 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस – इंटक, ट्रेड यूनियन कांग्रेस – एटक, हिंद मजदूर सभा, भारतीय मजदूर संघ - बीएमएस, सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस – सीटू और ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस -एआईसीसीटीटू शामिल रहे। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने अधिकारियों के साथ गहन चर्चा की, प्रश्न पूछे और रचनात्मक प्रतिक्रिया दी।

प्रतिभागियों ने पोर्टल के उपयोगकर्ता अनुकूल इंटरफ़ेस और पारदर्शिता पर संतुष्टि व्यक्त की और श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के इस सक्रिय पहल की सराहना की। श्रमिक संघ प्रतिनिधियों ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम का स्वागत किया। उन्होंने समाधान पोर्टल को सुलभ, पारदर्शी और श्रम शिकायत निवारण में उल्लेखनीय कदम बताया।
***
पीके/केसी/एकेवी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2285849)
आगंतुक पटल : 110