विधि एवं न्‍याय मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

विधि एवं न्याय मंत्रालय माउंट आबू में 'सुधार उत्सव एवं चिंतन शिविर 2026' का आयोजन करेगा

प्रविष्टि तिथि: 03 JUL 2026 5:39PM by PIB Delhi

भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधिक कार्य विभाग तथा विधायी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से 4-5 जुलाई 2026 को राजस्थान के माउंट आबू स्थित ज्ञान सरोवर, ब्रह्मा कुमारिस मुख्यालय में 'सुधार उत्सव एवं चिंतन शिविर 2026' का आयोजन किया जाएगा।

 

दो दिवसीय इस कार्यक्रम का उद्देश्य मंत्रालय की प्रमुख उपलब्धियों की समीक्षा करना, महत्वपूर्ण विधिक एवं संस्थागत सुधारों को रेखांकित करना तथा विकसित भारत @2047 के विज़न के अनुरूप आधुनिक, कुशल एवं नागरिक-केंद्रित विधिक व्यवस्था के निर्माण के लिए भावी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श करना है। इस कार्यक्रम में विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल उपस्थित रहेंगे।

 

उद्घाटन सत्र में दक्ष, प्रौद्योगिकी-संचालित तथा नागरिक-केंद्रित विधिक इकोसिस्टम के निर्माण के लिए मंत्रालय के विजन को प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत विधिक शासन, वैकल्पिक विवाद निवारण (एडीआर), विधायी सुधार, डिजिटल परिवर्तन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, प्रौद्योगिकी-सक्षम शासन, संस्थागत सुधार, क्षमता निर्माण और प्रशासनिक उत्कृष्टता जैसे विषयों पर विषयगत प्रस्तुतियाँ और विचार-मंथन सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन चर्चाओं का उद्देश्य विचारों का आदान-प्रदान करना, व्यावहारिक सुधारों की पहचान करना तथा शासन एवं सेवा प्रदायगी को और अधिक प्रभावी बनाना होगा।

 

इस चिंतन शिविर से एक दृष्टि-पत्र (विजन डॉक्यूमेंट), सुधार संबंधी प्रस्ताव, संस्थागत सुधारों के लिए अनुसंशाएं, डिजिटल परिवर्तन की एक कार्य योजना तथा मंत्रालय में कार्यान्वयन हेतु अल्पकालिक एवं मध्यम अवधि के कार्य-बिंदु तैयार किए जाने की अपेक्षा है।

 

इस कार्यक्रम में विधिक कार्य विभाग और विधायी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य अधिकारी भाग लेंगे, जिससे ये विचार-विमर्श, सहयोग तथा रणनीतिक योजना निर्माण के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन जाएगा।

यह आयोजन नवाचार, सुशासन तथा संस्थागत उत्कृष्टता के प्रति मंत्रालय की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे पारदर्शी, दक्ष तथा भविष्य के लिए तैयार विधिक एवं विधायी इकोसिस्टम के निर्माण के लिए चल रहे प्रयासों को बल मिलने की अपेक्षा है, जो विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

***

पीके/केसी/आईएम/केके


(रिलीज़ आईडी: 2280849) आगंतुक पटल : 136
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil