सूक्ष्‍म, लघु एवं मध्‍यम उद्यम मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

खादी और ग्राम उद्योग आयोग ने गांधी दर्शन, के मल्टी-डिसिप्लिनरी ट्रेनिंग सेंटर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया


खादी और ग्राम उद्योग आयोग के अध्यक्ष श्री मनोज गोयल ने योग सत्र का नेतृत्व करते हुए प्रतिभागियों को स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने को प्रोत्साहित किया

श्री गोयल ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत परिसर में एक पौधा भी लगाया

केवीआईसी अध्यक्ष ने कहा, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योग और खादी भारत की सांस्कृतिक पहचान के वैश्विक प्रतीक बने

प्रविष्टि तिथि: 21 JUN 2026 3:58PM by PIB Delhi

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर, आज खादी और ग्राम उद्योग आयोग- केवीआईसी ने नई दिल्ली स्थित गांधी दर्शन परिसर के मल्टी-डिसिप्लिनरी ट्रेनिंग सेंटर में सामूहिक योग सत्र आयोजित किया। मुख्य अतिथि और केवीआईसी अध्यक्ष श्री मनोज गोयल ने अधिकारियों, कर्मचारियों और खादी क्षेत्र से जुड़े अन्य लोगों के साथ योगाभ्यास सत्र में भाग लिया और स्वस्थ जीवनशैली और नियमित योग अभ्यास के महत्व को रेखांकित किया। इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का विषय 'स्वस्थ आयु के लिए योग' है। यह विषय जीवन के हर चरण में शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक कल्याण बनाए रखने में योग की महत्वपूर्ण पर बल देता है

योग सत्र के उपरान्त, केवीआईसी अध्यक्ष श्री मनोज गोयल ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से प्रेरित 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत कार्यालय परिसर में एक पौधा लगाया और सभी से पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के निर्माण में सक्रियता से योगदान देने का आह्वान किया।

 

श्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और प्रयासों से योग और खादी वैश्विक जन आंदोलन बन गए हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल एक शारीरिक व्यायाम ही नहीं, भारतीय जीवनशैली का हिस्सा भी है जो संतुलन और सकारात्मकता को बढ़ाता है, जबकि खादी आत्मनिर्भरता, स्वदेशी भावना और सतत विकास का प्रतीक है। श्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा योग और खादी को लोगों के करीब लाने के प्रयास भारत की सांस्कृतिक विरासत के पुनर्जागरण का उल्लेखनीय उदाहरण हैं।

श्री गोयल ने कहा कि 'स्वस्थ आयु के लिए योग' की अवधारणा जीवन के हर चरण में, यहां तक ​​कि वृद्धावस्था में भी, बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने का संदेश देती है। योग का नियमित अभ्यास व्यक्ति को अधिक सक्रिय, स्वस्थ और आत्मविश्वासी जीवन जीने में सक्षम बनाता है।

केवीआईसी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच और भविष्यदृष्टि से खादी और ग्राम उद्योग क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। वित्त वर्ष 2025-26 में खादी एवं ग्राम उद्योग क्षेत्र का कारोबार 1 लाख 87 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जिससे 2 करोड़ 4 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह क्षेत्र निकट भविष्य में 2 लाख 51 हजार करोड़ रुपये के कारोबार का लक्ष्य प्राप्त कर लेगा।

 

योगाभ्यास सत्र में केवीआईसी राज्य कार्यालय (नई दिल्ली), खादी एवं ग्राम उद्योग भवन, उत्तरी क्षेत्रीय कार्यालय, प्रतिनिधि कार्यालय, और बहु-विषयक प्रशिक्षण केंद्र (नई दिल्ली) के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के बाद, जलपान वितरित किया गया और श्री मनोज गोयल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

 

खादी और ग्राम उद्योग आयोग का आयोजन स्वास्थ्य और कल्याण संबंधी जागरूकता के साथ ही 'स्वस्थ भारत - सशक्त भारत' के निर्माण के प्रति राष्ट्रीय संकल्प मजबूत बनाने में अहम रहा।

****

पीके/केसी/एकेवी/केएस


(रिलीज़ आईडी: 2276229) आगंतुक पटल : 67
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Tamil