रेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय रेलवे ने विश्व पर्यावरण दिवस 2026 मनाया, सतत् विकास, पर्यावरण के प्रति ज़िम्मेदारी और स्वच्छ तथा हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया


रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष तथा सीईओ ने भारतीय रेलवे में अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरणीय अनुपालन को मज़बूत करने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 एसओपी पुस्तिका का विमोचन किया

उत्तर-पूर्वी रेलवे ने स्वच्छता पखवाड़ा पुरस्कारों में प्रथम स्थान प्राप्त किया, उत्तर-पश्चिमी रेलवे और दक्षिणी रेलवे ने भी जीते पुरस्कार

प्रविष्टि तिथि: 05 JUN 2026 6:57PM by PIB Delhi

भारतीय रेलवे ने आज रेल मंत्रालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर विश्व पर्यावरण दिवस 2026 मनाया, जिसमें रेलवे नेटवर्क में पर्यावरणीय स्थिरता, स्वच्छता और जिम्मेदार संसाधन प्रबंधन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया गया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image00116ST.jpeg

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 - मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पुस्तिका का विमोचन था। यह पुस्तिका अपशिष्ट प्रबंधन प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने, पर्यावरणीय अनुपालन को मजबूत करने और भारतीय रेलवे में सतत् अपशिष्ट प्रबंधन प्रणालियों के एकसमान कार्यान्वयन को बढ़ावा देने के लिए तैयार की गई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने दैनिक रेलवे संचालन में स्थिरता को एकीकृत करने और स्वच्छता, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जवाबदेही की संस्कृति को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने सभी क्षेत्रीय रेलवे से रेलवे प्रतिष्ठानों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रभावी और समयबद्ध कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने का आग्रह किया और रेलवे व्यवस्था में बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन नतीजे प्राप्त करने के लिए मजबूत निगरानी तंत्र और सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने की ज़रुरत पर बल दिया।

कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण से संबंधित शपथ दिलाई गई, ताकि वे स्वच्छ, हरित और अधिक टिकाऊ रेलवे नेटवर्क बनाने के प्रयासों में सक्रिय रूप से भाग ले सकें।

इस अवसर पर स्वच्छता पखवाड़ा पुरस्कार भी प्रदान किए गए, जिसमें स्वच्छता और सफाई को बढ़ावा देने में क्षेत्रीय रेलवे के उत्कृष्ट प्रयासों को मान्यता दी गई। उत्तर-पूर्वी रेलवे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि उत्तर-पश्चिमी रेलवे और दक्षिणी रेलवे को स्वच्छता अभियान में उनके सराहनीय प्रदर्शन के लिए क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने, सतत् प्रथाओं को बढ़ावा देने और राष्ट्र के लिए स्वच्छ, हरित और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार परिवहन प्रणाली के निर्माण के भारतीय रेलवे के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।

***

पीके/केसी/एनएस/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2269546) आगंतुक पटल : 72
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Kannada