उप राष्ट्रपति सचिवालय
azadi ka amrit mahotsav

दक्षिण अफ्रीका के उप राष्ट्रपति श्री शिपोकोसा पॉलस माशातिले ने उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की; द्विपक्षीय संबंध प्रगाढ़ बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की

प्रविष्टि तिथि: 02 JUN 2026 2:49PM by PIB Delhi

भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए दक्षिण अफ्रीका के उप राष्ट्रपति श्री शिपोकोसा पॉलस माशातिले ने आज उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। उप राष्ट्रपति भवन में हुई मुलाकात में उनके साथ दक्षिण अफ्रीका सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी था।


दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग और कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने तथा दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संबंध प्रगाढ़ बनाने पर सार्थक चर्चा की।

उन्होंने विकासशील देशों की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने और ब्रिक्स, जी20, भारत, ब्राज़ील और दक्षिण अफ्रीका के त्रिपक्षीय संगठन - आईबीएसए और हिंद महासागर के तटों से लगे देशों के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय और अंतर-सरकारी संगठन - इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन जैसे बहुपक्षीय मंचों में सहयोग बढ़ाने पर भी बातचीत की।

दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों के पूर्ण क्षमता उपयोग पर चर्चा की और व्यवसायों और निवेशक अनुकूल वातावरण बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस संदर्भ में उपराष्ट्रपति ने प्रस्तावित भारत-दक्षिण अफ्रीकी सीमा शुल्क संघ प्राथमिकता व्यापार समझौते का उल्लेख किया। उन्होंने इस पर वार्ता शीघ्र प्रारंभ होने और सफल परिणाम की आशा व्यक्त की।

दोनों पक्षों ने बढ़ते रक्षा सहयोग का स्वागत किया और भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के नौसैनिक अभ्यास के आगामी आयोजनों सहित विस्तारित सहयोग की आशा व्यक्त की।

श्री राधाकृष्णन ने भारत में चीते हस्तांतरित कर उन्हें प्राकृतिक आवास में पहुंचाने संबंधी कार्यक्रम में समर्थन के लिए दक्षिण अफ्रीका को धन्यवाद दिया। प्रोजेक्ट चीता की उत्साहवर्धक प्रगति और वन्य जीवन में सफल प्रजनन को देखते हुए, उन्होंने इस अनूठी संरक्षण पहल में दक्षिण अफ्रीका के निरंतर सहयोग का आग्रह किया।

श्री राधाकृष्णन ने दक्षिण अफ्रीका को भारत की प्रमुख बहुपक्षीय पहल, अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन, आपदा प्रतिरोधी अवसंरचना गठबंधन (सरकारों, संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों, बहुपक्षीय विकास बैंकों, निजी क्षेत्र और शैक्षणिक संस्थानों की अंतरराष्ट्रीय साझेदारी) और इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस (दुनिया भर में बाघ, शेर, तेंदुआ, हिम तेंदुआ, चीता, जगुआर और प्यूमा के संरक्षण संबंधी पहल) में शामिल होने पर विचार करने हेतु भी आमंत्रित किया, जो साझा विकास और सतत विकास उद्देश्यों के अनुरूप हैं।

बैठक में भारत और दक्षिण अफ्रीका ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ बनाने तथा शांति, समृद्धि, सतत विकास तथा विकासशील देशों के हितों के लिए मिलकर काम करने की साझा प्रतिबद्धता व्यक्त की।

उपराष्ट्रपति श्री राधाकृष्णन ने श्री माशातिले और उनके प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को भारत में सुखद और उपयोगी प्रवास की शुभकामनाएं दीं।

***

पीके/केसी/एकेवी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2267973) आगंतुक पटल : 168
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Bengali , Gujarati , Malayalam