महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से आयोजित ब्रिक्स महिला कार्य समूह की दूसरी प्रारंभिक बैठक का आयोजन किया गया
ब्रिक्स सदस्य देशों ने बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने और प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर आम सहमति को आगे बढ़ाने से संबंधित विचारों का आदान-प्रदान किया
प्रविष्टि तिथि:
22 MAY 2026 10:14PM by PIB Delhi
भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत ब्रिक्स महिला कार्य समूह की दूसरी प्रारंभिक बैठक आज 22 मई 2026 को वर्चुअल रूप से आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव श्री अनिल मलिक ने की। उन्होंने प्रतिनिधियों का स्वागत किया और भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के विषय - 'अनुकूलता, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण' के तहत साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच निरंतर सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला।

बैठक के दौरान भाग लेने वाले ब्रिक्स सदस्य देशों ने बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने और प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर आम सहमति को आगे बढ़ाने पर विचारों का आदान-प्रदान किया, जिसमें महिलाओं के डिजिटल और वित्तीय समावेशन एवं उद्यमिता के लिए बेहतर कार्यप्रणाली का संग्रह और क्षमता निर्माण ढांचा शामिल है।

अपने उद्घाटन भाषण में अध्यक्ष ने ब्रिक्स सदस्यों के बीच रचनात्मक संवाद, पारस्परिक शिक्षा और परिणाम-उन्मुख सहयोग को बढ़ावा देने के लिए भारत की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने चर्चा को ठोस परिणामों में बदलने के महत्व पर भी जोर दिया जो व्यापक ब्रिक्स एजेंडा में सार्थक योगदान दे।
बैठक के दौरान यह घोषणा की गई कि ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक 8-9 जुलाई, 2026 को कोच्चि में आयोजित की जाएगी। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले होने वाले तकनीकी परामर्शों और सहयोगात्मक पहलों के माध्यम से संपर्क बनाए रखने पर सहमति के साथ चर्चा का समापन हुआ।
***
पीके/केसी/आरकेजे/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2264425)
आगंतुक पटल : 92
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English