राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग
महाराष्ट्र के पालघर जिले में पत्थर उत्खनन स्थल संचालकों से जुड़े लोगों के समूह द्वारा किए गए हमले में एक राजनीतिक कार्यकर्ता की मृत्यु और एक मंडल राजस्व अधिकारी (एमआरओ) के घायल होने की घटना पर एनएचआरसी, भारत ने स्वतः संज्ञान लिया
रिपोर्ट के अनुसार, वे खदान में अवैध गतिविधियों की शिकायतों के बाद निरीक्षण के लिए स्थल पर गए थे
आयोग ने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक और पालघर के जिला मजिस्ट्रेट को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी
रिपोर्ट में जांच की स्थिति तथा एमआरओ के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी शामिल किए जाने की अपेक्षा की गई है
प्रविष्टि तिथि:
20 MAY 2026 8:15PM by PIB Delhi
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी), भारत ने मीडिया में प्रकाशित उस खबर का स्वतः संज्ञान लिया है, जिसमें कहा गया है कि 12 मई 2026 को महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार पूर्व स्थित शिरगांव क्षेत्र में एक पत्थर खदान का निरीक्षण करने गए एक राजनीतिक कार्यकर्ता और एक मंडल राजस्व अधिकारी (एमआरओ) पर खदान संचालकों से जुड़े लोगों के एक समूह ने हमला किया। इस हमले में कार्यकर्ता की मृत्यु हो गई तथा एमआरओ घायल हो गए। रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी पोर्टल पर पत्थर खदान में अवैध गतिविधियों संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
आयोग ने अवलोकन किया है कि यदि समाचार रिपोर्ट की सामग्री सत्य है, तो यह पीड़ितों के मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है। इसलिए आयोग ने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक तथा पालघर के जिला मजिस्ट्रेट को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में जांच की स्थिति तथा राजस्व अधिकारी के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी शामिल किए जाने की अपेक्षा की गई है।
12 मई 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ितों को स्थल पर पहुंचने के बाद वाहन से बाहर खींच लिया गया और लाठियों तथा पत्थरों से हमला किया गया। आरोपियों ने उनके वाहन में भी तोड़फोड़ की।
***
पीके/केसी/एके / डीए
(रिलीज़ आईडी: 2263479)
आगंतुक पटल : 51