आयुष
azadi ka amrit mahotsav

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के लिए 50 दिन शेष: तेलंगाना कल योग महोत्सव मनाने के लिए तैयार


भुजंगासन का अभ्यास करने वाले अधिकतम संख्या में लोगों के साथ एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य

प्रविष्टि तिथि: 01 MAY 2026 4:44PM by PIB Delhi

आयुष मंत्रालय के अधीन मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई) 2 मई 2026 को तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले स्थित कान्हा शांति वनम में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई 2026) की 50-दिवसीय उलटी गिनती की शुरुआत के उपलक्ष्य में योग महोत्सव 2026 का आयोजन करेगा। हैदराबाद के निकट स्थित विश्व प्रसिद्ध हार्टफुलनेस मेडिटेशन सेंटर का घर माने जाने वाला कान्हा शांति वनम इस भव्य आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार है।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:00 बजे होगा और इसमें देशभर से कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) का अभ्यास करने वाले योग प्रेमियों की बड़ी संख्या में सहभागिता होने की संभावना है।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण भुजंगासन का सामूहिक प्रदर्शन होगा, जिसमें प्रतिभागी समन्वित रूप से अभ्यास करते हुए एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्थापित करने का प्रयास करेंगे।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी तथा आयुष मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही हार्टफुलनेस के अध्यक्ष कमलेश डी. पटेल (दाजी) भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

योग महोत्सव के महत्व को रेखांकित करते हुए श्री प्रतापराव जाधव ने कहा:

“मैं सभी से आग्रह करता हूँ कि आने वाले 50 दिनों को एक सशक्त सामूहिक संकल्प में परिवर्तित करें। योग को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे हमारे दैनिक जीवन के प्रत्येक क्षण और प्रत्येक श्वास में अपनाना चाहिए। इसी भावना के साथ, आयुष मंत्रालय ने ‘योग 365’ पहल शुरू की है, जिसे हैबिल्ड के सहयोग से लागू किया गया है, ताकि नागरिक योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बना सकें। आइए, हम मिलकर स्वस्थ शरीर, शांत मन और सशक्त एवं समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में सकारात्मक कदम उठाएं।”

आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा तथा संयुक्त सचिव सुश्री मोनालिसा दास सहित आयुष के वरिष्ठ अधिकारी, योग गुरु, आयुष पद्धतियों एवं आधुनिक चिकित्सा के विशेषज्ञ तथा देशभर के योग साधक भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

इस 50-दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम में विभिन्न दूतावासों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के गणमान्य प्रतिनिधि भी भाग लेंगे, जो योग और भारत की स्वास्थ्य एवं कल्याण परंपराओं के प्रति बढ़ती वैश्विक सहभागिता को दर्शाता है। इनमें कजाकिस्तान गणराज्य के हैदराबाद स्थित मानद वाणिज्य दूत नवाब मीर नासिर अली खान; लेसोथो साम्राज्य के मानद वाणिज्य दूत सुरत सिंह मल्होत्रा; बुल्गारिया के मानद वाणिज्य दूत किरण कुमार; क्यूबा के व्यापार आयुक्त डॉ. मूर्ति देवरभोटला; नामीबिया के व्यापार आयुक्त डॉ. तसनीम शरीफ; हैदराबाद में ब्रिटिश उप उच्चायुक्त गैरेथ विन; कनाडा ट्रेड ऑफिस से विक्रम जैन; तथा ऑस्ट्रेलियाई वीज़ा आवेदन केंद्र का प्रतिनिधित्व करने वाले रामकृष्ण शामिल हैं।

यह कार्यक्रम व्यापक अंतरराष्ट्रीय भागीदारी का साक्षी बनेगा, जिसमें सिंगापुर, चीन, वियतनाम, कोलंबिया, मलेशिया, ब्राज़ील और युगांडा के शरणार्थी शिविर सहित विश्वभर के विभिन्न केंद्रों से हार्टफुलनेस संस्थान के प्रतिनिधि और प्रतिभागी आभासी माध्यम से जुड़ेंगे। कार्यक्रम के दौरान आयुष आहार का भी वितरण किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व एक महत्वपूर्ण चरण के रूप में मनाई जाने वाली यह काउंटडाउन अवधि देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों, सामूहिक प्रदर्शनों और जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से जनसहभागिता को बढ़ाने तथा पहुंच का विस्तार करने का कार्य करती है।

50-दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम की शुरुआत के साथ, योग महोत्सव 2026 से तैयारियों को और गति मिलने तथा निवारक स्वास्थ्य सेवा, मानसिक स्वास्थ्य और समग्र जीवनशैली के लिए योग के महत्व के संदेश को और सुदृढ़ करने की अपेक्षा है, जो एक स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण की सरकार की परिकल्पना के अनुरूप है।

***

पीके/केसी/एके


(रिलीज़ आईडी: 2257346) आगंतुक पटल : 273
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Telugu