सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय वरिष्ठ नागरिकों के अमृत उद्यान भ्रमण की सुविधा प्रदान करेगा


10,000 से अधिक वरिष्ठ नागरिक राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान का भ्रमण करेंगे


प्रविष्टि तिथि: 16 MAR 2026 3:35PM by PIB Delhi

राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान हर वर्ष जनता के लिए खोला जाता है ताकि लोग विंटर एनुअल्स (शीतकालीन मौसमी फूलों) को देख सकें। इस वर्ष 17 मार्च 2026 को इसे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए खोला गया है, ताकि वे अमृत उद्यान का भ्रमण कर सकें।

भारत सरकार का सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों, दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ, राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान, अनुग्रह–क्षेत्रीय संसाधन प्रशिक्षण केंद्र और ब्रह्मा कुमारी संस्था के सहयोग से राष्ट्रपति भवन परिसर स्थित अमृत उद्यान में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष भ्रमण की व्यवस्था कर रहा है।

इस भ्रमण का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को अमृत उद्यान की सुंदरता का अनुभव कराने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक और मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।

देश के विभिन्न हिस्सों, जिनमें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) भी शामिल है, से लगभग 10,000 वरिष्ठ नागरिकों के इस भ्रमण में भाग लेने की अपेक्षा है। भ्रमण के सुचारु संचालन के लिए परिवहन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ की जा रही हैं।

भ्रमण के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को अमृत उद्यान के विभिन्न भागों को देखने का अवसर मिलेगा, जो अपने सुसज्जित लॉन, मौसमी फूलों और विविध बागवानी प्रदर्शनों के लिए प्रसिद्ध है। यह भ्रमण प्रतिभागियों को सुखद अनुभव प्रदान करने और उद्यान के शांत वातावरण में समय बिताने का अवसर देगा।

यह पहल वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और उनके जीवन में सक्रिय सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के प्रति सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

*****

केसी/पीके/केपी/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2240713) आगंतुक पटल : 119
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Bengali , Gujarati , Tamil