इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय
एमईआईटीवाई ने ब्लॉकचेन आधारित डिजिटल गवर्नेंस समाधानों को बढ़ावा देने के लिए ब्लॉकचेन इंडिया चैलेंज लॉन्च किया
प्रविष्टि तिथि:
24 FEB 2026 7:22PM by PIB Delhi
ब्लॉकचेन इंडिया चैलेंज का शुभारंभ श्री एस. कृष्णन आईएएस, सचिव, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) द्वारा 23 फरवरी (सोमवार), 2026 को एमईआईटीवाई, नई दिल्ली में किया गया। इस अवसर पर श्री अभिषेक सिंह, अतिरिक्त सचिव, एमईआईटीवाई, श्री सुदीप श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव, एमईआईटीवाई, श्रीमती सुनीता वर्मा, समूह समन्वयक, एमईआईटीवाई, श्री मनोज कुमार जैन, समूह समन्वयक, एमईआईटीवाई, श्रीमती पी आर लक्ष्मी ईश्वरी, वैज्ञानिक, जी और केंद्र प्रमुख, सी-डैक हैदराबाद और एमईआईटीवाई तथा सी-डैक के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। विभिन्न सरकारी विभागों और स्टार्टअप्स ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया।

यह चैलेंज सी-डैक द्वारा एमईआईटीवाई के सहयोग से कार्यान्वित किया जा रहा है। ब्लॉकचेन इंडिया चैलेंज एक राष्ट्रीय पहल है, जिसका मकसद भारतीय स्टार्टअप्स को अत्याधुनिक ब्लॉकचेन-आधारित डिजिटल गवर्नेंस समाधानों को प्रस्तुत करने और उनका परीक्षण करने के लिए प्रोत्साहित करना है। ब्लॉकचेन इंडिया चैलेंज का लक्ष्य सरकारी उपयोग के मामलों के लिए नियामक नियंत्रण और सुरक्षा (विश्वास, लेखापरीक्षा योग्यता और छेड़छाड़-रहित रिकॉर्ड) को प्राथमिकता देते हुए, अनुमति-आधारित ब्लॉकचेन समाधान विकसित करना है। ब्लॉकचेन इंडिया चैलेंज ई-प्राप्ति, आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, कृषि, बिजली, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), भूमि अभिलेख, पर्यावरण और स्थिरता जैसे प्रमुख क्षेत्रों में महत्वपूर्ण शासन और सेवा वितरण चुनौतियों के समाधान पर केंद्रित है। ये क्षेत्र सांकेतिक हैं, सीमित नहीं हैं। स्टार्टअप सरकारी विभागों के सहयोग से सूचीबद्ध क्षेत्रों से परे भी प्रभावशाली समाधान प्रस्तावित कर सकते हैं।
ब्लॉकचेन इंडिया चैलेंज के दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, एमईआईटीवाई के सचिव ने बताया कि ब्लॉकचेन सरकारी सेवाओं में अहम भूमिका निभाता है, सत्यापन योग्यता सुनिश्चित करता है और कई स्रोतों से प्राप्त जानकारी को एक ही स्रोत से विश्वसनीय बनाता है, जिससे पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि 10 निर्धारित उपयोग श्रेणियों के अलावा, स्टार्टअप सरकारी विभागों से संबंधित किसी भी अन्य प्रभावशाली उपयोग का पता लगा सकते हैं। उन्होंने सी-डैक और एमईआईटीवाई की टीमों से स्टार्टअप समुदाय में ब्लॉकचेन इंडिया चैलेंज के व्यापक प्रसार के लिए काम करने और सरकारी विभागों के लिए व्यावहारिक और लागू करने योग्य उपयोगों को विकसित करने का आग्रह किया, जिन्हें आगे चलकर पूरे भारत में विस्तारित किया जा सके।
इस चैलेंज के तहत, डीपीआईआईटी द्वारा मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स को सरकारी विभागों के सहयोग से अपने विचारों को वास्तविक, प्रभावशाली समाधानों में बदलने का अवसर मिलेगा। चयनित स्टार्टअप्स को सरकारी विभागों के लिए 10 अलग-अलग श्रेणियों के अंतर्गत 10 प्रभावशाली ब्लॉकचेन-आधारित उपयोग मामलों को विकसित करने के लिए चरणबद्ध रूप से वित्तीय सहायता मिलेगी। विस्तृत जानकारी https://challenge.cdac.in पर उपलब्ध है।
पात्र स्टार्टअप्स को ब्लॉकचेन इंडिया चैलेंज में भाग लेने और सरकारी विभागों के सहयोग से चिन्हित अनुप्रयोग क्षेत्रों के लिए समाधान विकसित करने हेतु अपने नवोन्मेषी विचारों को पेश करने के लिए आमंत्रित किया जाता है। स्टार्टअप्स से अनुरोध है कि वे ब्लॉकचेन इंडिया चैलेंज से संबंधित नियमित अपडेट प्राप्त करने के लिए तुरंत पंजीकरण करें। पात्रता के मानदंड, पंजीकरण प्रक्रिया, उपयोग के उदाहरण, दिशानिर्देश, बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) और अन्य संबंधित विवरणों के लिए, कृपया आधिकारिक चैलेंज वेबसाइट: https://challenge.cdac.in पर जाएं।
***
पीके/केसी/एनएस/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2232409)
आगंतुक पटल : 71