युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

डोपिंग-रोधी उपायों का सुदृढ़ीकरण

प्रविष्टि तिथि: 12 FEB 2026 5:29PM by PIB Delhi

सरकार 12-16 मई 2025 और 21-25 जुलाई 2025 को नई दिल्ली में आयोजित वाडा (डब्ल्यूएडीए) के ग्लोबल एंटी-डोपिंग इंटेलिजेंस एंड इन्वेस्टिगेशन नेटवर्क (जीएआईआईएन) कार्यशालाओं से प्राप्त जानकारियों के आधार पर डोपिंग-रोधी प्रवर्तन को सुदृढ़ करने के लिए अनुवर्ती उपाय करने का इरादा रखती है। इन अनुवर्ती उपायों में एनएडीए के सूचना एवं जांच कर्मचारियों के क्षमता निर्माण और डोपिंग से संबंधित उल्लंघनों का सक्रिय रूप से पता लगाने और उन्हें दूर करने के लिए वाडा, राष्ट्रीय कानून प्रवर्तन और विनियामक निकायों के साथ सहयोग बढ़ाना शामिल है।

जीएआईआईएन कार्यशालाओं के दोनों सत्रों में 25 से अधिक देशों की भागीदारी देखी गई, जिनमें मलेशिया, इंडोनेशिया, नेपाल, बांग्लादेश, म्यांमार, भूटान और तिमोर लेस्ते सहित विभिन्न एशियाई देशों का प्रतिनिधित्व रहा। प्रतिनिधियों में एनएडीओ (राष्ट्रीय डोपिंग-रोधी संगठन) और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारी शामिल थे। इंटरपोल और वाडा जैसी प्रमुख वैश्विक एजेंसियों ने भी कार्यशाला के दौरान सक्रिय रूप से भाग लिया तथा तकनीकी सत्रों और केस स्टडी (मामलों के अध्यन) पर चर्चा का नेतृत्व किया।

सरकार स्वच्छ खेल सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा खुफिया जानकारी एकत्र करने और जांच तंत्र को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए हैं, जैसे कि:

  • एनएडीए की आई एंड आई अवसंरचना का संस्थागत सुदृढ़ीकरण, जिसमें विशेषज्ञ कर्मियों की भर्ती और प्रशिक्षण शामिल है।
  • प्रदर्शन-वर्धक पदार्थों की तस्करी और दुरुपयोग से निपटने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय।
  • राष्ट्रीय डोपिंग-रोधी नियमों को वाडा संहिता के अनुरूप बनाकर तथा प्रवर्तन में अंतरराष्ट्रीय सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाकर विधिक ढांचे का सुदृढ़ीकरण।
  • भारत में स्वच्छ खेल सुनिश्चित करने के लिए वाडा और अन्य हितधारकों के साथ खुफिया जानकारी जुटाना और सूचनाओं का आदान-प्रदान करना।
  • सक्रिय जोखिम पहचान और लक्षित परीक्षण के लिए डेटा विश्लेषण का उपयोग।

केन्द्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने यह जानकारी गुरुवार को राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

 

***

पीके/केसी/आईएम/एसवी


(रिलीज़ आईडी: 2227230) आगंतुक पटल : 29
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu