वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय
भारत-यूरोपीय संघ एक संतुलित मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप प्रदान करने के लिए ईमानदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल
भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते से ऑटो घटक क्षेत्र के लिए विकास, सहयोग एवं नवाचार के नए अवसर खुलेंगे: श्री गोयल
भारत-यूरोपीय संघ वर्ष के अंत तक एक ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम कर रहे हैं: यूरोपीय संघ आयुक्त
हाल ही में हुआ जीएसटी सुधार ऑटो उद्योग के लिए ऐतिहासिक राहत है: श्री पीयूष गोयल
Posted On:
12 SEP 2025 6:47PM by PIB Delhi
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने आज ऑटोमोटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एसीएमए) के 65वें वार्षिक सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और यूरोपीय संघ एक व्यापक एवं संतुलित मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप प्रदान करने के लिए गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं जिससे दोनों पक्षों के व्यवसायों एवं उपभोक्ताओं को लाभ प्राप्त होगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस प्रकार का समझौता एकतरफा नहीं हो सकता है क्योंकि प्रत्येक वार्ता को निष्पक्ष एवं संतुलन बनाने के लिए कुछ हद तक लेन-देन शामिल किया जाता है।
मंत्री ने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण है कि एक आदर्श समझौते को प्रगति का दुश्मन नहीं बनने दिया जाए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि वार्ता बहुत सकारात्म दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने इस प्रक्रिया के माध्यम से उजागर हो रही संभावनाओं के प्रति आशा व्यक्त किया जो विशाल है और व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण एवं गहन आर्थिक भागेदारी का अवसर खोलेगी।
श्री गोयल ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि ऑटोमोटिव घटक क्षेत्र जैसे साहसिक एवं दूरदर्शी उद्योग, जो पहले की एफटीए वार्ताओं से लगातार मजबूत हुआ है, को भारत-यूरोपीय संघ साझेदारी के अंतर्गत तैयार किए जा रहे प्रावधान आकर्षक एवं संभावनाओं से भरपूर लगेंगे।
उन्होंने आशा व्यक्त किया कि ऑटोमोटिव घटक क्षेत्र, जिसने हमेशा एफटीए वार्ताओं को मजबूती प्रदान की है, को भारत और यूरोपीय संघ के बीच हो रही व्यवस्थाएं आकर्षक एवं रोमांचक लगेंगी तथा उनमें व्यवसायों के विकास, सहयोग, नवाचार तथा अनुसंधान एवं विकास में शामिल होने की भरपूर संभावनाएं होंगी। मंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र ने भारत की घरेलू उत्पादन क्षमता का समर्थन करके एवं वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं के साथ एकीकृत होकर लगातार लचीलापन एवं दूरदृष्टि दिखाई है।
श्री गोयल ने कहा कि एफटीए भारतीय निर्माताओं के लिए अपने यूरोपीय समकक्षों और विश्व के अन्य क्षेत्रों की कंपनियों के साथ साझेदारी करने का नया मार्ग खोलेगा, जिससे संयुक्त उद्यमों, प्रौद्योगिकी साझेदारी और सहयोगात्मक नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि जहां तक लागत प्रतिस्पर्धात्मकता का सावाल है तो भारत महत्वपूर्ण लाभ प्रदान करता है चाहे वह डिज़ाइन, विकास या अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र हों और देश में कुशल प्रतिभा भंडार के साथ यह भारत को वैश्विक ऑटोमोटिव कंपनियों के लिए एक आकर्षक केंद्र बना देगा। उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार की साझेदारियां लागत में कमी लाने, उत्पादकता बढ़ाने, भारतीय युवाओं के लिए रोज़गार उत्पन्न करने और देश को उच्च-गुणवत्ता वाले ऑटोमोटिव घटक निर्माण का एक अग्रणी केंद्र बनाने में मदद करेंगी।
इस सत्र को यूरोपीय संघ के व्यापार एवं आर्थिक सुरक्षा, अंतर-संस्थागत संबंध एवं पारदर्शिता आयुक्त, महामहिम मारोस शेफोविच ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ अभूतपूर्व गति से एक अभूतपूर्व मुक्त व्यापार समझौते की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और इस वर्तमान चर्चा को दोनों भागीदारों के बीच अब तक की सबसे गहन एवं रचनात्मक चर्चाओं में से एक कहा। उन्होंने कहा कि यद्यपि मुक्त व्यापार समझौते पर पहले भी बातचीत के प्रयास किए गए लेकिन इससे पहले यह प्रक्रिया इतनी गंभीर, आपसी विश्वास और साझा महत्वाकांक्षा के स्तर तक कभी नहीं पहुंची थी। आयुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन द्वारा पूर्व में व्यक्त की गई प्रतिबद्धता के अनुरूप इस वर्ष के अंत तक बातचीत को अंतिम रूप देने के लिए अधिकतम प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने इस बात पर बल दिया कि दोनों पक्ष एक ऐसा आर्थिक रूप से सार्थक पैकेज बनाने की कोशिश कर रहे हैं जो उत्पादकों, निर्यातकों एवं उपभोक्ताओं के हितों को समान रूप से संतुलित करे। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य एक ऐसे वास्तविक लाभप्रद समझौते पर पहुंचना है जो न केवल वस्तुओं एवं सेवाओं के आदान-प्रदान को सुगम बनाए बल्कि दोनों पक्षों के बीच निवेश, नवाचार, सतत प्रथाओं और गहन सहयोग को भी बढ़ावा दे। उन्होंने कहा कि भारत तेज गति से वैश्विक अर्थव्यवस्था का एक प्रमुख इंजन बन रहा है और भारत के साथ मजबूत आर्थिक साझेदारी यूरोपीय संघ के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी, ठीक उसी तरह जैसे यूरोपीय प्रौद्योगिकी एवं पैमाने से भारत के विकास को लाभ प्राप्त होगा।
केंद्रीय मंत्री गोयल ने आगे कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता रणनीतिक तत्वों से युक्त एक व्यापक आर्थिक साझेदारी होगी। उन्होंने कहा कि भारत को यूरोप की तकनीक एवं नवाचार से लाभ होगा जबकि यूरोपीय संघ को भारत के विकास, पैमाने एवं लचीलेपन से लाभ होगा। उन्होंने भारत में वाहनों तक लोगों की पहुंच को वर्तमान में प्रति हज़ार 34 कारों से बढ़ाकर उल्लेखनीय रूप से उच्च स्तर तक ले जाने की भारत की आकांक्षाओं का भी उल्लेख किया, जिससे ऑटो घटक उद्योग के लिए वैश्विक स्तर पर विस्तार के अवसर उत्पन्न होंगे।
मंत्री ने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑटोमोबाइल उद्योग को मेक इन इंडिया कार्यक्रम का अग्रदूत कहा है। भारत में मेक इन इंडिया के 10 वर्ष पूरे होने पर, मंत्री ने कहा कि यह उच्च लक्ष्य निर्धारित करने, आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने, लचीलापन बनाने तथा रोजगार, निर्यात एवं उच्च-गुणवत्ता वाले विनिर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने का एक उपयुक्त समय है।
श्री गोयल ने कोविड-19 महामारी के दौरान भारत के लचीलेपन की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश ने 100 से ज़्यादा देशों को दवाइयां और टीके, जिनमें से कई मुफ़्त थे, उपलब्ध कराने से लेकर बिना किसी मुनाफ़ा के आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर सभी वैश्विक प्रतिबद्धता को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि इससे भारत को वैश्विक रूप से विश्वास प्राप्त हुआ है और आज भारत को एक विश्वसनीय एवं भरोसेमंद साझेदार के रूप में देखा जाता है।
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हाल ही में किए गए जीएसटी सुधारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जीएसटी दरों को 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करना एक ऐतिहासिक सुधार है और ऑटो उद्योग के लिए एक बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर पर जीएसटी घटाकर 5 प्रतिशत किया गया है जिससे कृषि क्षेत्र को बहुत बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि इस सुधार के लिए प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की जानी चाहिए क्योंकि इससे स्पेयर पार्ट्स और भी सस्ते हो जाएंगे, औपचारिकता मज़बूत होगी, रोज़गार के अवसर उत्पन्न होंगे और मूल्य श्रृंखला में मांग बढ़ेगी। उन्होंने बल देकर कहा कि इसका पूरा लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि जीएसटी सुधारों का यह दौर आज़ादी के बाद का सबसे बड़ा सुधार है और इससे हर भारतीय को लाभ मिलेगा। उन्होंने बल देकर कहा कि 1.4 अरब लोगों में से एक भी नागरिक ऐसा नहीं होगा जिसे इन सुधारों से लाभ नहीं मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री गोयल ने रतन टाटा को उद्धृत करते हुए अपनी बात समाप्त की: “लोग आप पर जो पत्थर फेंकते हैं, उन्हें स्वीकार करें और एक स्मारक बनाएं।” उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को एवं राष्ट्र को चुनौतियों से विचलित नहीं होना चाहिए तथा आत्मविश्वास, लचीलेपन एवं सामूहिक प्रयास से भारत निरंतर मजबूत होता जाएगा।
***
पीके/केसी/एके/ डीए
(Release ID: 2166137)
Visitor Counter : 2