रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय सेना ने 'ऑनर रन - इंडियन आर्मी वेटरन्स हाफ मैराथन' का आयोजन किया

Posted On: 10 DEC 2023 2:53PM by PIB Delhi

भारतीय सेना ने करगिल युद्ध में ऐतिहासिक सैन्य विजय की स्मृति में 10 दिसंबर 2023 को दिल्ली में 'ऑनर रन - इंडियन आर्मी वेटरन्स हाफ मैराथन' दौड़ का आयोजन किया।

यह कार्यक्रम 'ऑनर रन' विषय-वस्तु के अंतर्गत आयोजित किया गया था और इसका उद्देश्य भारतीय सेना के पूर्व सैनिकों एवं कर्मियों तथा जनता, विशेषकर युवाओं के बीच आपसी जुड़ाव को सशक्त करना था। इस अवसर पर देश की विविध आबादी से आने वाले और 'ऑनर रन' में भाग लेने वाले लोगों ने भारत के बहादुर सिपाहियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए हमारे राष्ट्र की क्षमता, सामर्थ्य एवं ऊर्जा को उजागर किया।

इस कार्यक्रम को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने कई सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और असैन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाई। 'ऑनर रन' दौड़ को चार श्रेणियों के तहत आयोजित किया गया था। पहली श्रेणी में 21.1 किलोमीटर की दौड़ को उपयुक्त रूप से करगिल रन नाम दिया गया था। अन्य तीन श्रेणियों में पहली 10 किलोमीटर दौड़ की थी, जिसे टाइगर हिल रन नाम दिया गया; दूसरी 05 किलोमीटर की दौड़ थी, जिसका नाम टोलोलिंग रन रखा गया; और इसके बाद अंतिम 3 किलोमीटर की दौड़ हुई, जिसका नाम बटालिक रन था।

इस कार्यक्रम में 14,000 से अधिक सेवारत कर्मियों, पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेटों, सैन्य कर्मियों के परिवारों और विभिन्न आयु वर्ग के उत्साही नागरिकों ने भाग लिया। सेना के उपप्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिन्द्र कुमार, एडजुटेंट जनरल और अन्य वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व के साथ अनुभवी ब्लेड रनर मेजर डीपी सिंह तथा विश्व ख्याति के एथलीट सूबेदार अविनाश साबले जैसी मशहूर हस्तियों के साथ दौड़े। इस मैराथन में आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना पांडे और अन्य सैन्य कर्मियों की पत्नियों ने भी भाग लिया।

दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल श्री विनय कुमार सक्सेना ने विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को पदक, प्रमाण पत्र और आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

करगिल युद्ध में भारतीय सेना की जीत के बारे में उत्साह से जानकारी साझा करते हुए भारतीय सेना के पूर्व सैनिकों के विभाग द्वारा एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया था। दौड़ में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने विभिन्न स्टालों का भ्रमण किया और अपने उत्साह को दर्शाते हुए हर चीज को जाना तथा समझा। इस दौरान उन्होंने करगिल विजय के उत्सव में अपनी उपस्थिति को खूब दर्शाया।

'ऑनर रन' ने सशस्त्र बलों में नागरिकों के विश्वास को और बढ़ाया है। भारतीय सेना इस विशाल आयोजन के सफल होने के लिए दिल्ली के लोगों, नागरिक प्रशासन, नगर एवं यातायात पुलिस, सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों, सभी सहयोगियों तथा सम्मानित अतिथियों को हार्दिक धन्यवाद देती है।

***

एमजी/एआर/एनके/एजे



(Release ID: 1984906) Visitor Counter : 247


Read this release in: English , Urdu , Marathi