रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रक्षा मंत्री ने 151वें कोर्स की पासिंग आउट परेड की पूर्व संध्या पर एनडीए,खड़कवासला से प्रशिक्षण पूरा करने वाले कैडेटों के साथ बातचीत की


विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एनडीए के कैडेट सुरक्षा कवच के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं: श्री राजनाथ सिंह

प्रविष्टि तिथि: 28 NOV 2026 10:40PM by PIB Delhi

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने 28 नवंबर, 2026 को महाराष्ट्र के खड़कवासला में पासिंग आउट परेड की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के 151वें कोर्स का प्रशिक्षण पूरा करने वाले कैडेटों और उनके परिवारों के साथ बातचीत की। सफलतापूर्वक कठिन प्रशिक्षण पूरा करने पर कैडेटों को बधाई देते हुए श्री राजनाथ सिंह ने उन्हें देश का ‘सुरक्षा कवच’ करार दिया, जो वर्ष 2047 तक भारत के विकसित राष्‍ट्र बनने के सफर में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि कैडेटों ने अपने प्रशिक्षण के दौरान जिस दृढ़ता और संकल्प का परिचय दिया है, वह भारत के भावी सैन्य नेतृत्व की शक्ति को दर्शाता है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image001_20261128224127_ab7d0b.jpg

रक्षा मंत्री ने कहा, “सुरक्षित सीमाएं व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और उद्योगों में प्रगति का आधार होती हैं। सीमाओं पर तैनात सैनिक केवल देश की भौगोलिक सीमाओं की ही रक्षा नहीं करते, बल्कि वे उन स्कूलों, अस्पतालों और संस्थानों की भी सुरक्षा करते हैं, जो देश के विकास को गति प्रदान करते हैं।”

श्री राजनाथ सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि एनडीए में प्रशिक्षण केवल शारीरिक क्षमता विकसित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें चरित्र निर्माण, अनुशासन और नेतृत्व के गुणों को विकसित करने पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जो युवा कभी अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए अपने परिवारों पर निर्भर रहते थे, वे अब ऐसे नेतृत्वकर्ताओं के रूप में तैयार हो रहे हैं, जो हजारों सैनिकों की जिम्मेदारी संभालने में सक्षम होंगे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image002_20261128224134_455f9f.jpg

व्यक्ति के व्यक्तित्व के निर्माण में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि एनडीए जहां कैडेटों को नेतृत्व करने की कला सिखाता है, वहीं दूसरों की देखभाल करने और सामूहिक हितों को व्यक्तिगत हितों से ऊपर रखने की बुनियादी सीख उन्हें सबसे पहले परिवार से ही मिलती है। उन्होंने कैडेटों के माता-पिता के त्याग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की सराहना की, जिन्होंने उन्हें देश की सेवा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सशस्त्र बलों को आपसी विश्वास, साझा जिम्मेदारी और सौहार्द की भावना से बने विस्तृत परिवार की संज्ञा देते हुए श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सैन्य जीवन में जवानों को अपने साथियों के कल्याण को अपने हितों से ऊपर प्राथमिकता देनी होती है। उन्होंने कहा कि अधिकारी बनने के बाद कैडेटों के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारियां होंगी और उनके फैसलों का प्रभाव उनके साथ सेवारत जवानों के जीवन पर भी पड़ेगा।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image003_20261128224140_72d68b.jpg

सैन्य परिवारों के सामने आने वाली चुनौतियों, जैसे लंबे समय तक परिवार से दूर रहना, दूरदराज के क्षेत्रों में तैनाती तथा परिवार के महत्वपूर्ण अवसरों पर उपस्थित न हो पाने का उल्लेख करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि जहां एक ओर सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, वहीं उनके परिवार मजबूती से उनके पीछे खड़े रहते हैं और उनकी जिम्मेदारियों एवं त्याग में सहभागी बनते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सशस्त्र बलों की शक्ति केवल उनके जवानों में ही नहीं, बल्कि उनके परिवारों के अटूट सहयोग में भी निहित है। उनके परिवारों का योगदान भी उतने ही सम्मान और पहचान का हकदार है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image004_20261128224146_fb2e2c.jpg

श्री राजनाथ सिंह ने कैडेटों के माता-पिता से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के सैन्य जीवन की शुरुआत के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर उनके लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहें। उन्होंने कहा, “आपकी समझ, मानसिक तैयारी और सहयोग युवा अधिकारियों को सैन्य जीवन की चुनौतियों और जिम्मेदारियों का सामना करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”

रक्षा मंत्री 29 नवंबर, 2026 को प्रतिष्ठित खेत्रपाल परेड ग्राउंड में आयोजित एनडीए के ऑटम टर्म 2026 की पासिंग आउट परेड में रिव्यूइंग ऑफिसर के रूप में शामिल होंगे।

***

पीके/केसी/आरटी/आरके


(रिलीज़ आईडी: 2343350) आगंतुक पटल : 80
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil