57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

प्रस्फुटन से लेकर प्रकृति की आवाज़ और भारत के ढोल तक: सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने 57वें इफ्फी के समापन समारोह को जीवंत बना दिया


तीन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उन कहानियों का जश्न मनाया, जो बिना किसी सीमा के एक ही लय में पनपती और खिलती हैं

प्रविष्टि तिथि: 28 NOV 2026 9:00PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2343287Views: 25

गोवा में 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 2026 के समापन समारोह में कल्पना, प्रकृति और सांस्कृतिक विविधता का जश्न देखने को मिला। यहाँ तीन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने महोत्सव की थीम, सीमाविहीन कहानियाँ (स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स) को जीवंत बना दिया।

समारोह की शुरुआत, ‘प्रस्फुटन: वे कहानियाँ जो जड़ जमाती हैं, सीमाविहीन कहानियाँ’ (ब्लूम: स्टोरीज दैट टेक रूट, स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स) से हुई। यह एक काव्यात्मक नृत्य प्रस्तुति थी, जिसमें फूलों के खिलने और कहानियों के सफर के बीच समानता दिखाई गई। जिस तरह एक फूल अपनी पंखुड़ियों को एक-एक करके खोलता है और नए रंग व दृष्टिकोण सामने लाता है, उसी तरह अलग-अलग संस्कृतियों और अनुभवों से कहानियाँ जन्म लेती हैं तथा  सीमाओं के पार जाकर लोगों को जोड़ती हैं। भारतीय और पश्चिमी नृत्य परंपराओं को समकालीन शैलियों और हवा में किए जाने वाले नृत्य (एरियल डांस) के साथ मिलाते हुए, इस प्रस्तुति में नर्तकों ने गुलाब की पंखुड़ियों से प्रेरित पोशाकें पहनी थीं। तितलियों का आना रचनात्मकता, आज़ादी और कल्पना की असीमित संभावनाओं का प्रतीक था।

इसके बाद, कार्यक्रम का रुख एक खिलते हुए फूल से प्रकृति की आवाज़ों की ओर मुड़ा। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मशहूर गायक मिस्टिक पापिज़ ने ‘जब प्रकृति बोलती है, सीमाविहीन कहानियाँ’ (‘व्हेन नेचर स्पीक्स, स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स’) शीर्षक से एक प्रस्तुति दी। अपनी आवाज़ की व्यापक सीमा के लिए जाने जाने वाले पापिज़ ने अपनी आवाज़ से पत्तों की सरसराहट, सुबह के समय पक्षियों की चहचहाहट और नदियों के बहने की आवाज़ों को जीवंत कर दिया। ‘गॉट टैलेंट’ के अंतर्राष्ट्रीय संस्करणों में चार बार ‘गोल्डन बजर’ जीत चुके पापिज़ ने प्रकृति से प्रेरित ध्वनियों, प्राचीन आध्यात्मिक परंपराओं और समकालीन गायन कला को एक साथ संगीत में पिरोया। यह प्रस्तुति मानवता और प्रकृति के बीच शांति और सामंजस्य का एक संगीतमय संदेश थी।

समारोह का समापन ‘भारत के ढोल’ के साथ हुआ, जो एक संगीतमय तालमेल था। इसमें भारत और दुनिया के विभिन्न हिस्सों की लय और ताल का अद्भुत संगम देखने को मिला। मृदंगम, तबला, नासिक ढोल, पंजाबी ढोल, चेंडा, ढोलु और थमाटे जैसे पारंपरिक भारतीय वाद्ययंत्रों के साथ अफ्रीका के जेम्बे और टिम्बलेस, तथा ऑस्ट्रेलिया के डिजेरिडू का मेल देखने को मिला। लिक्विड ड्रमिंग, बीटबॉक्सिंग और बांसुरी के साथ, इस प्रस्तुति ने अलग-अलग संगीत परंपराओं को एक जीवंत लयबद्ध समूह में पिरो दिया।

इन तीनों प्रस्तुतियों ने मिलकर एक ऐसी कलात्मक यात्रा को दर्शाया, जो कहानियों के अंकुरण और प्रकृति की आवाज़ से शुरू होकर लय की साझा ऊर्जा तक पहुँचती है। सीमाविहीन कहानियाँ की भावना को दर्शाते हुए - जो 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की थीम भी है - इन प्रस्तुतियों ने दिखाया कि कैसे नृत्य और संगीत भाषाई और भौगोलिक सीमाओं को पार जा सकते हैं, और विभिन्न सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को एक ही मंच पर एक साथ ला सकते हैं।

इफ्फीलॉईड यहाँ पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

******

पीके / केसी / आरटी / जेके/डीके


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2343287
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026