सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत मंडपम, नई दिल्ली में 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2026 संपन्न


सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के मंडप में कुल 2.38 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज

19 राज्यों के 130 से अधिक कारीगरों ने भारत की पारंपरिक शिल्पकला, स्वदेशी उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया

प्रविष्टि तिथि: 28 NOV 2026 7:55PM by PIB Delhi

45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2026 शुक्रवार, 27 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी स्थित भारत मंडपम में संपन्न हुआ। 14 से 27 नवंबर, 2026 तक चले इस मेले के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के मंडप में कुल *2.38 करोड़ रुपये की बिक्री* दर्ज की गई।

आगंतुकों की ओर से मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया देशभर के कारीगरों के स्वदेशी उत्पादों, पारंपरिक शिल्पकला और उद्यमशील प्रतिभा के प्रति बढ़ती सराहना को दर्शाती है।

45वें आईआईटीएफ 2026 में मंत्रालय के मंडप की सफल भागीदारी इस बात को रेखांकित करती है कि कारीगरों को ऐसे मंच उपलब्ध कराना कितना महत्वपूर्ण है, जो उनके पारंपरिक कौशल और उत्पादों को व्यापक बाजारों से जोड़ें तथा इस प्रकार आर्थिक सशक्तिकरण और अधिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दें।

 

 

 

नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम के आईटीपीओ परिसर के भूतल पर हॉल नंबर 5 में स्थित मंत्रालय का मंडप भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कौशल और स्वदेशी शिल्पकला को प्रदर्शित करने का एक जीवंत मंच बना। 19 राज्यों के 130 से अधिक कारीगरों की भागीदारी ने उन्हें अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने, ग्राहकों से सीधे जुड़ने और बाजार तक अपनी पहुंच बढ़ाने का अवसर प्रदान किया।

 

 

मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी श्री संजय शर्मा ने बताया कि कारीगरों ने मंत्रालय के तीन शीर्ष निगमों के माध्यम से मेले में भाग लिया। इनमें राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम (एनएसएफडीसी), राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (एनबीसीएफडीसी) और राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम (एनएसकेएफडीसी) शामिल हैं।

 

उन्होंने कहा कि उनकी भागीदारी अनुसूचित जातियों, पिछड़े वर्गों, सफाई मित्रों तथा गैर-अधिसूचित, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू जनजातियों (डीएनटी) से जुड़े कारीगरों और उद्यमियों के लिए उद्यमशीलता को बढ़ावा देने, बाजार संपर्क मजबूत करने तथा आजीविका के टिकाऊ अवसर सृजित करने के मंत्रालय के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।

 

 

 

श्री शर्मा ने बताया कि मंत्रालय के मंडप में पारंपरिक हथकरघा उत्पादों, बारीकी से तैयार हस्तशिल्प, हस्तनिर्मित आभूषणों, वस्त्रों, जूते-चप्पलों, हस्तनिर्मित वस्तुओं और अन्य स्वदेशी उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की गई। विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट कलात्मक पहचान और सांस्कृतिक विविधता का प्रतिनिधित्व करने वाले इन उत्पादों ने आगंतुकों को भारत की शिल्पकला की समृद्ध परंपराओं को देखने और उनकी सराहना करने का अवसर प्रदान किया।

 

श्री शर्मा ने बताया कि मंत्रालय की भागीदारी का एक प्रमुख आकर्षण टीयूएलआईपी (TULIP – पारंपरिक कारीगर उत्थान आजीविका कार्यक्रम) को बढ़ावा देना था। इसका उद्देश्य कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों के लिए एक विशिष्ट बाजार पहचान स्थापित करना और उपभोक्ताओं के बीच उनकी पहचान एवं स्वीकार्यता बढ़ाना है।

 

उन्होंने कहा कि ऐसी पहलों के माध्यम से मंत्रालय का उद्देश्य पारंपरिक शिल्पकला और समकालीन बाजार की आवश्यकताओं के बीच की दूरी को कम करना, नवाचार को प्रोत्साहित करना तथा कारीगरों के लिए आय अर्जित करने के टिकाऊ अवसर उपलब्ध कराना है।

 

 

अधिकारी ने कहा कि आईआईटीएफ 2026 के दौरान उत्साहजनक बिक्री प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनियों के महत्व को रेखांकित करता है। ऐसे आयोजन पारंपरिक कारीगरों को अपने उत्पादों की दृश्यता बढ़ाने, ग्राहकों से सीधे संवाद करने, बदलती उपभोक्ता प्राथमिकताओं को समझने, व्यावसायिक नेटवर्क स्थापित करने और बाजार के नए अवसर तलाशने में सक्षम बनाते हैं।

 

उन्होंने कहा कि ऐसे मंचों पर भागीदारी से उद्यमशील क्षमताओं को मजबूत करने, ग्राहक आधार का विस्तार करने और टिकाऊ व्यावसायिक संभावनाएं विकसित करने में भी मदद मिलती है।

 

 

श्री शर्मा ने कहा कि आईआईटीएफ 2026 में मंत्रालय की भागीदारी ने समावेशी आर्थिक विकास को बढ़ावा देने, पारंपरिक शिल्पकला के संरक्षण, जमीनी स्तर पर उद्यमशीलता को मजबूत करने और टिकाऊ आजीविका के अवसर सृजित करने की उसकी प्रतिबद्धता को दोहराया। ये प्रयास माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शक सिद्धांत *‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’* से प्रेरित विकसित भारत@2047 के विजन के अनुरूप हैं।

पीके/केसी/आरटी/एके/डीके


(रिलीज़ आईडी: 2343256) आगंतुक पटल : 26
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu