सूक्ष्‍म, लघु एवं मध्‍यम उद्यम मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री श्री जीतन राम मांझी रायपुर में एनएसएसएच कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और राष्ट्रीय एससी-एसटी हब सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे


छत्‍तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित होगा राष्ट्रीय एससी-एसटी हब सम्मेलन, अनुसूचित जाति-जनजाति उद्यमियों के लिए नए अवसर खुलेंगे

प्रविष्टि तिथि: 27 NOV 2026 5:41PM by PIB Delhi

सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय- एमएसएमई 28 नवंबर, 2026 को छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब सम्मेलन आयोजित करेगा। सम्मेलन का उद्देश्य उद्यमिता को बढ़ावा देना, राष्ट्रीय एससी-एसटी हब योजना और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय की अन्य पहल के बारे में जागरूकता फैलाना तथा राज्य के मौजूदा और भावी उद्यमियों को सहयोग एवं प्रोत्साहन प्रदान करना है। कार्यक्रम में केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उद्यमों, बैंकों, वित्तीय संस्थानों, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस और राज्य सरकार सहित प्रमुख हितधारक भाग लेंगे। ये सभी एमएसएमई के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं और उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करेंगे। यह सम्मेलन भावी और मौजूदा अनुसूचित जाति -जनजाति उद्यमियों, सार्वजनिक क्षेत्र उद्यमों, उद्योग संघों तथा ऋण प्रदान करने वाले संस्थानों को आपस में संवाद का मंच भी उपलब्ध कराएगा। इसका उद्देश्य सार्वजनिक खरीद में अनुसूचित जाति - जनजाति के सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों की भागीदारी बढ़ाना है।

केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री श्री जीतन राम मांझी की अध्यक्षता में होने वाले सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के अनुसूचित जाति विकास, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन और विधायक श्री पुरंदर मिश्रा शामिल होंगे। सम्मेलन में केंद्र तथा राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।

केंद्र सरकार की सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के लिए सार्वजनिक खरीद नीति के तहत केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के लिए अपनी वार्षिक आवश्यकताओं की कम से कम 25 प्रतिशत खरीद एमएसई से करना अनिवार्य है। इसमें 4 प्रतिशत खरीद अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के स्वामित्व वाले एमएसई से तथा 3 प्रतिशत खरीद महिला उद्यमियों के स्वामित्व वाले एमएसई से करना शामिल है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अक्टूबर 2016 में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब योजना की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति उद्यमियों की क्षमता बढ़ाना, उन्हें सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में भाग लेने के लिए सशक्त बनाना तथा एससी-एसटी के स्वामित्व वाले एमएसई से 4 प्रतिशत सार्वजनिक खरीद के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करना है। इस योजना के तहत अनुसूचित जाति - जनजाति समुदाय के बीच उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए क्षमता विकास, बाजार से संपर्क, वित्तीय सहायता, निविदाओं में भागीदारी आदि के क्षेत्रों में कई पहल की गई हैं।

नवीनतम प्रौद्योगिकी तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष ऋण संबद्ध पूंजी सब्सिडी के तहत विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों में संचालित एससी-एसटी एमएसई को संस्थागत वित्त के माध्यम से संयंत्र एवं मशीनरी/उपकरण खरीदने पर अधिकतम 25 लाख रुपये तक 25 प्रतिशत सब्सिडी दी जाती है। अक्टूबर 2016 में योजना आरंभ के बाद से वित्त वर्ष 2025-26 में एससी-एसटी एमएसई से सार्वजनिक खरीद में 36 गुना वृद्धि दर्ज की गई है।

छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब योजना का दायरा और अधिक बढ़ाने के उद्देश्य से रायपुर के कचना में एनएसएसएच कार्यालय का उद्घाटन किया जा रहा है। यह कार्यालय राज्य में अनुसूचित जाति-जनजाति के स्वामित्व वाले एमएसई को आवश्यक मार्गदर्शन, सहयोग और सहायता प्रदान करने के समर्पित सुविधा केंद्र के रूप में संचालित होगा। इससे उद्यम योजना का लाभ प्राप्त कर वे सार्वजनिक खरीद में अपनी भागीदारी बढ़ा सकेंगे। एससी-एसटी एमएसई को गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस और उद्यम पोर्टल पर पंजीकरण कराने में सहायता देने के लिए सम्मेलन स्थल पर विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉल के माध्यम से इनमें पंजीकरण कराए जा सकेंगे।

एमएसएमई क्षेत्र रोजगार सृजन और आजीविका के साधनों में सुधार की दृष्टि से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस क्षेत्र में 10.19 करोड़ से अधिक उद्यम हैं और 31 करोड़ से अधिक लोग कार्यरत हैं। यह क्षेत्र देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देता है तथा इसकी सकल घरेलू उत्पाद में लगभग 30 प्रतिशत और भारत के कुल निर्यात में 45 प्रतिशत से अधिक की हिस्सेदारी है।

सरकार देश में, विशेष रूप से छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों में, एमएसएमई क्षेत्र को सुदृढ़ और सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं एवं कार्यक्रम लागू कर रही है। इनमें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, पीएम विश्वकर्मा, सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के लिए ऋण गारंटी योजना, सूक्ष्म एवं लघु उद्यम-क्लस्टर विकास कार्यक्रम, उद्यमिता एवं कौशल विकास कार्यक्रम, खरीद एवं विपणन सहायता योजना, अंतरराष्ट्रीय सहयोग योजना, टूल रूम, प्रौद्योगिकी केंद्र प्रणाली कार्यक्रम, एमएसएमई सतत प्रमाणन योजना तथा उद्यम पंजीकरण पोर्टल पर एमएसएमई का पंजीकरण आदि शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ खनिज संपदा से समृद्ध राज्य होने के साथ ही महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्र भी है। इसके अतिरिक्त, राज्य के कृषि और वन संसाधनों में खाद्य प्रसंस्करण, वन आधारित उद्योगों और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम के विकास की अपार संभावनाएं हैं। केंद्र सरकार की विभिन्न पहल द्वारा छत्तीसगढ़ के लोग रोजगार के नए अवसर सृजित कर सकते हैं और अपनी आजीविका बेहतर बना सकते हैं।

यह कार्यक्रम मौजूदा और भावी उद्यमियों को संवादात्मक मंच प्रदान करेगा, जहां वे विकसित भारत 2047 की राष्ट्रीय दृष्टि योजना के अनुरूप केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं और पहल की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इस आयोजन में बड़ी संख्या में रायपुर और निकटवर्ती क्षेत्रों के उद्यमियों के भाग लेने की संभावना है।

***

पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2342722) आगंतुक पटल : 19
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu