प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 8:08PM by PIB Delhi
भारतीय डाक 16वें वित्त आयोग चक्र (वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31) के लिए डाक परिचालन योजना और संपदा प्रबंधन योजना के तहत कुल 2,632 करोड़ रुपये के वित्तीय परिव्यय के साथ अपने परिवर्तन की प्रक्रिया को तेज करने जा रहा है। इसमें डाक परिचालन योजना को जारी रखने के प्रस्ताव के लिए 1,141 करोड़ रुपये और संपदा प्रबंधन योजना के लिए 1,491 करोड़ रुपये शामिल हैं, जिसे जारी रखने की मंजूरी केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रदान की है।
इन पहलों की जानकारी एक संवाददाता सम्मेलन में दी गई, जिसे केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया; संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी और डाक सचिव श्री सुब्रत दास ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संबोधित किया।

केंद्रीय मंत्री ने देशभर के डाकघरों को आधुनिक और नागरिक-केंद्रित सेवा केंद्रों के रूप में विकसित करने के लिए दूरदर्शी नेतृत्व और निरंतर सहयोग प्रदान करने हेतु प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने डाकघरों के आधुनिकीकरण के लिए वित्तीय परिव्यय को मंत्रिमंडल की मंजूरी दिलाने में प्रधानमंत्री के सहयोग की विशेष रूप से सराहना की। इससे इस परिवर्तनकारी यात्रा को नई गति मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने सभी कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया और कहा, “भारतीय डाक परिवार के प्रत्येक सदस्य ने इस संस्थान में बदलाव लाने के लिए अटूट समर्पण और दृढ़ संकल्प के साथ काम किया है। इस संस्थान की क्षमता केवल राष्ट्रीय सीमाओं तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी इसकी अपार संभावनाएं हैं। प्रतिबद्धता को उपलब्धि में बदलने के साझा संकल्प के साथ, पूरे कार्यबल ने इस विजन को साकार करने की दिशा में अथक योगदान दिया है।”
एक विस्तृत प्रस्तुति में डाक सचिव ने विभाग की विकास यात्रा, भविष्य की कार्ययोजना और विकास के विभिन्न क्षेत्रों में बजटीय आवंटन के विभाजन की जानकारी दी। उन्होंने एकीकृत बीमा प्रबंधन प्रणाली (आईएमएस) के परिवर्तनकारी प्रभाव को भी रेखांकित किया। इस प्रणाली के माध्यम से पीएलआई पॉलिसी खरीदने की पूरी प्रक्रिया लगभग 20 मिनट में पूरी की जा सकती है। इस पहल के माध्यम से अब तक लगभग 2 लाख ग्राहकों के प्रीमियम लेन-देन की सुविधा प्रदान की गई है, जिससे करीब 60 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
डाक सचिव ने डेटा एनालिटिक्स टीम, सिक्स सिग्मा टीम और मुख्य विपणन अधिकारी की भूमिका पर जोर देते हुए नवाचार और विकास के प्रति विभाग के संस्थागत दृष्टिकोण को भी रेखांकित किया। छह प्रमुख कार्यक्षेत्रों के साथ मिलकर काम करते हुए ये टीमें नए उत्पादों और सेवाओं के विकास, राजस्व अर्जित करने के अवसरों की पहचान करने और सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने पर ध्यान केंद्रित करती हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह समन्वित संस्थागत दृष्टिकोण भारतीय डाक के परिवर्तन की आधारशिला है, जबकि छह सेवा कार्यक्षेत्र इसकी आत्मा हैं। इस एकीकृत दृष्टिकोण का उद्देश्य उत्पादों और सेवाओं में निरंतर नवाचार करना और उन्हें बेहतर बनाना है, ताकि गुणवत्ता, कार्यकुशलता और ग्राहक संतुष्टि के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित किया जा सके।
विभाग की विकास संबंधी महत्वाकांक्षाओं को दोहराते हुए डाक सचिव ने वित्त वर्ष 2026-27 में भारतीय डाक का वार्षिक राजस्व बढ़ाकर लगभग 19,803 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य प्रस्तुत किया। यह लक्ष्य परिचालन दक्षता में सुधार, पार्सल और लॉजिस्टिक्स सेवाओं के विस्तार, प्रौद्योगिकी को अपनाने तथा ग्राहकों के साथ बेहतर जुड़ाव के माध्यम से हासिल किया जाएगा।

परिचालनों को सुदृढ़ बनाना और अवसंरचना का आधुनिकीकरण
1,141 करोड़ रुपये की डाक परिचालन योजना छह प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित है। इनमें ग्रामीण डाक सेवाओं तक पहुंच, डाक नेटवर्क का अनुकूलन, पार्सल नेटवर्क का अनुकूलन, अंतरराष्ट्रीय डाक अवसंरचना, विपणन एवं सेवा गुणवत्ता तथा डाक टिकट संग्रह (फिलेटली) से संबंधित गतिविधियां शामिल हैं।
1,491 करोड़ रुपये की संपदा प्रबंधन योजना डाक भवनों के आधुनिकीकरण और ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करने वाले बुनियादी ढांचे में सुधार पर केंद्रित होगी। इसके तहत कई प्रमुख पहल की जाएंगी। इनमें 190 नए विभागीय डाक भवनों का निर्माण, 50 भवनों का पुनर्निर्माण, 2,550 विभागीय उप-डाकघरों का नवीनीकरण और ब्रांडिंग, किराए के 2,500 डाकघरों का उन्नयन तथा 20 ऐतिहासिक डाक भवनों का संरक्षण शामिल है। इस योजना के तहत 150 आवासीय कॉलोनियों के नवीनीकरण और बेंगलुरु में सीईपीटी के लिए एक स्थायी एकीकृत प्रौद्योगिकी केंद्र के विकास में भी सहायता प्रदान की जाएगी।
नए निवेश, प्रौद्योगिकी आधारित आधुनिकीकरण और विकास के स्पष्ट विजन के साथ, भारतीय डाक अपने देशव्यापी नेटवर्क को विस्तार और उत्कृष्ट सेवा के अगले चरण में ले जाने की तैयारी कर रहा है।
***
पीके/केसी/आरटी/आरके