प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 5:48PM by PIB Delhi
आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के शहरी विकास विभाग ने आज नई दिल्ली के वाणिज्य भवन में शहरी चुनौती कोष की परियोजनाओं के लिए बाजार आधारित वित्तपोषण को बढ़ावा देने के विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की। कार्यशाला का उद्देश्य शहरों को ऐसी परियोजनाएं तैयार करने में मदद करना था, जिन्हें वित्तीय संस्थानों से ऋण मिल सके और शहरी बुनियादी ढांचे के विकास के लिए बाजार आधारित वित्तपोषण की व्यवस्था की जा सके।

कार्यशाला में 250 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के नगर आयुक्तों, विकास प्राधिकरणों के प्रमुखों और संबंधित राज्यों के राज्य मिशन निदेशकों ने भाग लिया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों और शहरी विकास विभाग तथा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। एशियाई विकास बैंक, एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक और आवास और शहरी विकास निगम सहित विभिन्न वित्तीय संस्थान भी कार्यशाला में शामिल हुए। सीईपीटी विश्वविद्यालय, आईआईटी खड़गपुर, आईएसईजी, जनाग्रह, एनआईटी कालीकट, एनआईयूए और एसपीए जैसे संस्थानों ने भी विभिन्न सत्रों में शहरों को सहयोग दिया।
कार्यशाला में शहरी परियोजनाओं की तैयारी और उनके वित्तपोषण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर शहरों को मार्गदर्शन दिया गया। सत्रों में शहरी चुनौती कोष की रूपरेखा, इसके विभिन्न क्षेत्रों की परियोजनाओं के वित्तपोषण के अंतरराष्ट्रीय उदाहरणों तथा सुधारों और उन्हें सक्षम बनाने वाले उपायों पर चर्चा हुई। इनमें शहरों के अपने राजस्व स्रोतों को बढ़ाना, शहरी सड़क सुधार पहल, शहरों की आर्थिक योजनाएं, कार्बन क्रेडिट बाजार और निजी निवेशकों की अपेक्षाएं शामिल थीं। सार्वजनिक-निजी भागीदारी से जुड़े सत्र में परियोजनाओं का चयन, उनकी संरचना, जोखिम का बंटवारा और राजस्व के स्रोत जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
इसके बाद शहरों के प्रतिनिधियों ने समूहों में काम किया और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों और ज्ञान संस्थानों ने इन समूहों का मार्गदर्शन किया। प्रतिनिधियों ने कार्यशाला से मिली जानकारी और अन्य राज्यों के अनुभवों के आधार पर अपने शहरों की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं की रूपरेखा तैयार की। उन्होंने सत्र में अपने निष्कर्ष और प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी भी दी।
शहरी चुनौती कोष को शहरी बुनियादी ढांचे के विकास में अनुदान आधारित व्यवस्था से बाजार आधारित, सुधारोन्मुख और परिणाम केंद्रित व्यवस्था की ओर बदलाव के रूप में तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत करीब चार लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने के लिए एक लाख करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता का प्रावधान किया गया है। इस कोष के अंतर्गत परियोजनाओं को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें विकास के केंद्र के रूप में शहर, शहरों का रचनात्मक पुनर्विकास तथा जल और स्वच्छता शामिल हैं। अब तक 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को तीनों श्रेणियों में राष्ट्रीय शीर्ष समिति की बैठकों के माध्यम से मंजूरी दी जा चुकी है।
इन परियोजनाओं की रूपरेखा निजी निवेश और बाजार से वित्त जुटाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। ऋण, म्युनिसिपल बॉन्ड या सार्वजनिक-निजी भागीदारी के माध्यम से कम से कम 50 प्रतिशत राशि जुटाने की अनिवार्य शर्त के मुकाबले राज्यों ने इन माध्यमों से लगभग 61 प्रतिशत राशि जुटाने का प्रस्ताव दिया है। शहरों में सुधार को बढ़ावा देना इस कोष का अभिन्न अंग है। इसमें डिजिटल, वित्तीय, नियोजन और प्रशासनिक सुधार शामिल हैं।
आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के शहरी विकास विभाग के सचिव की अध्यक्षता में राष्ट्रीय शीर्ष समिति की बैठक हर महीने के पहले सप्ताह में आयोजित की जाती है। अब तक मंजूर की गई प्रमुख परियोजनाओं में पटना, लखनऊ और वाराणसी में शहरों के रचनात्मक पुनर्विकास की परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा वारंगल शहर का समग्र विकास, लखनऊ में कचरे से ऊर्जा बनाने की परियोजना और तमिलनाडु में स्मार्ट मीटरिंग, जल शोधन तथा कचरे से ऊर्जा बनाने की परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। विकास के केंद्र के रूप में शहर श्रेणी के तहत असम में गुवाहाटी के सरुसजाई और सिक्किम में गंगटोक गेटवे की परियोजनाएं भी मंजूर की गई हैं।

आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के शहरी विकास विभाग के सचिव ने कहा कि शहरी विकास के प्रति अपना दृष्टिकोण बदलने और परिवर्तनकारी परियोजनाओं की परिकल्पना तथा उन्हें जमीन पर उतारने के लिए क्षमता विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला शहरों को शहरी चुनौती कोष के अंतर्गत वित्तीय सहायता प्राप्त करने योग्य परियोजनाएं तैयार करने के लिए आवश्यक कौशल और नए विचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
***
पीके/केसी/आरटी/एसके