स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में अधिक निवेश और सार्वजनिक-निजी भागीदारी पर जोर दिए जाने को रेखांकित किया


राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन पर बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला को संबोधित किया

पीएम-एबीएचआईएम के तहत देशभर में 19,983 अवसंरचना इकाइयों को मंजूरी दी गई है, इनमें 2,151 प्रखंड सार्वजनिक स्वास्थ्य इकाइयाँ, 744 एकीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशालाएँ और 631 क्रिटिकल केयर ब्लॉक शामिल हैं

 केंद्र और राज्यों के समन्वित प्रयासों के माध्यम से सार्वजनिक स्वास्थ्य अवसंरचना, रोग निगरानी प्रणाली और आपातकालीन तैयारियों को मजबूत करने पर जोर दिया गया

राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से पीएम-एबीएचआईएम के कार्यान्वयन में तेजी लाने तथा स्वीकृत स्वास्थ्य अवसंरचनाओं को समय पर कार्यशील बनाने का आह्वान किया गया

प्रविष्टि तिथि: 26 NOV 2026 4:28PM by PIB Delhi

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) और प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (पीएम-एबीएचआईएम) पर कर्नाटक के बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला को संबोधित किया। 25 नवंबर 2026 को शुरू हुई इस दो दिवसीय कार्यशाला में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यशाला में दोनों राष्ट्रीय मिशनों की प्रगति की समीक्षा की गई, कार्यान्वयन की प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श किया गया तथा बेहतर सार्वजनिक स्वास्थ्य परिणामों के लिए समन्वय को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

 

 https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image001_20261126162851_eb9941.jpg

 

कार्यशाला के पहले दिन प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए श्रीमती श्रीवास्तव ने सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को हासिल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ने के लिए मिशन मोड में कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए जमीनी परिस्थितियों की सटीक जानकारी और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) और आरोग्य सेतु के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने पर जोर देते हुए डिजिटल स्वास्थ्य पहलों का लाभ उठाने के महत्व को भी रेखांकित किया, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को एकीकृत, समन्वित और प्रभावी रूप से प्रदान किया जाना सुनिश्चित हो सके।

दूसरे दिन प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए श्रीमती श्रीवास्तव ने कोविड-19 महामारी के अनुभवों और उससे मिले सबक के आधार पर देश की सार्वजनिक स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने के महत्व पर प्रकाश डाला। महामारी के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं, अनुसंधान क्षमताओं, जीनोम अनुक्रमण और टीका विकास को तेजी से बढ़ाने की आवश्यकता को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम-एबीएचआईएम की परिकल्पना भविष्य में आने वाली महामारियों और रोगों के प्रकोपों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए देश की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई थी।

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image002_20261126162858_0022cd.jpg

 

उन्होंने कहा कि जहां एनएचएम बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करके स्वास्थ्य से जुड़े प्रमुख सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में योगदान देता है। वहीं, पीएम-एबीएचआईएम सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली की मजबूती, आपातकालीन तैयारियों और महामारी से निपटने की क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक अवसंरचना, संस्थागत क्षमताओं और प्रणालियों को मजबूत करके इन प्रयासों को पूरक सहयोग प्रदान करता है।

श्रीमती श्रीवास्तव ने इस बात को रेखांकित किया कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र  मोदी के नेतृत्व में सरकार ने स्वास्थ्य अवसंरचना और स्वास्थ्य सेवाओं की आपूर्ति को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में पूंजीगत निवेश बढ़ाने और सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया है।

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image003_20261126162905_0eabe1.jpg

 

25 अक्टूबर 2021 को 64,180 करोड़ रुपये के वित्तीय परिव्यय के साथ शुरू किए गए पीएम-एबीएचआईएम का उद्देश्य सार्वजनिक स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करना, रोग निगरानी और बीमारी के प्रकोप से निपटने की क्षमताओं को बढ़ाना, महामारी से संबंधित अनुसंधान को प्रोत्साहन देना तथा आपातकालीन तैयारियों और जैव-सुरक्षा को बेहतर बनाना है। इस मिशन के तहत देशभर में 19,983 अवसंरचना इकाइयों को मंजूरी दी गई है। यह स्वास्थ्य सुविधाओं, रोग निदान क्षमताओं और गंभीर देखभाल संबंधी अवसंरचना के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाता है।

इस मिशन के तहत जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी सुविधओं को मजबूत किया जा रहा है। इसके अंतर्गत पहले से भवन-विहीन स्थानों पर 11,001 आयुष्मान आरोग्य मंदिर–उप स्वास्थ्य केंद्रों और 5,456 शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की स्थापना की जा रही है। इन स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क औषधि एवं निदान पहल के माध्यम से आवश्यक दवाओं और जांच सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में भी सहायता मिल रही है। इससे प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर हो रही है।

इस मिशन के तहत 2,151 प्रखंड स्‍तर की सार्वजनिक स्वास्थ्य इकाइयों और जिला स्तर पर 744 एकीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं की स्थापना के माध्यम से रोग निदान और रोग निगरानी नेटवर्क को भी मजबूत किया गया है। इसके अतिरिक्त, मिशन के तहत 631 क्रिटिकल केयर ब्लॉक और 48 वायरस अनुसंधान एवं निदान प्रयोगशालाओं को सहायता प्रदान की गई है। इससे समय पर रोग निदान, बीमारी के प्रबंधन, गंभीर रोगियों की देखभाल और अनुसंधान संबंधी क्षमताओं में वृद्धि हुई है।

पीएम-एबीएचआईएम के तहत केंद्र सरकार द्वारा उठाए जा रहे प्रमुख कदमों का उल्लेख करते हुए श्रीमती श्रीवास्तव ने कहा कि रोग निगरानी, बीमारी के प्रकोप की जांच और उससे निपटने की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) की शाखाएं स्थापित की जा रही हैं। अन्य महत्वपूर्ण पहलों में प्रमुख हवाई अड्डों पर क्वारंटीन सुविधाओं का विकास, हवाई अड्डों और बंदरगाहों पर प्रवेश बिंदुओं को मजबूत करना तथा 20 शहरों में महानगरीय रोग निगरानी इकाइयों की स्थापना शामिल है।

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image004_20261126162911_231f21.jpg

 

उन्होंने भारत हेल्थ इनिशिएटिव फॉर सहयोग, हित एवं मैत्री (भीष्म) क्यूब्स का भी उल्लेख किया। ये क्यूब्स आपातकालीन परिस्थितियों में मिनी-अस्पताल सुविधाओं को तेजी से तैनात करने में सक्षम हैं। ऐसी सुविधाओं की आवश्यकता वाले संस्थान इन्हें एचएलएल के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने उभरते सार्वजनिक स्वास्थ्य खतरों की जांच करने और उनसे निपटने की देश की क्षमता को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण जीनोम अनुक्रमण अनुसंधान हेतु स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग को प्रदान की जा रही सहायता का भी उल्लेख किया।

श्रीमती श्रीवास्तव ने मजबूत रोग निगरानी प्रणालियों के महत्व पर जोर देते हुए सार्वजनिक स्वास्थ्य संबंधी घटनाओं की समय पर पहचान करने और उन पर त्वरित कार्रवाई करने में एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) तथा एकीकृत स्वास्थ्य सूचना मंच (आईएचआईपी) की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि इन मंचों के माध्यम से प्राप्त जानकारी से मंत्रालय को राष्ट्रीय संयुक्त प्रकोप प्रतिक्रिया दल के जरिए समन्वय स्थापित करने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।

आईएचआईपी देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कार्यरत है, जो 2.5 लाख से अधिक सरकारी और निजी स्वास्थ्य केंद्रों के जरिए 50 स्वास्थ्य स्थितियों और 12 राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को कवर करता है।

श्रीमती श्रीवास्तव ने पीएम-एबीएचआईएम के लक्ष्यों को समय पर प्राप्त करने के लिए प्राथमिकताएं तय करने, नियमित निगरानी करने तथा केंद्र सरकार, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच घनिष्ठ समन्वय बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से अपनी अवसंरचना एवं पूंजीगत निवेश संबंधी आवश्यकताओं की पहचान करने और इस संबंध में प्रस्ताव प्रस्तुत करने का आग्रह किया, ताकि देशभर में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार उन पर विचार कर सके।

 मिशन के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान करते हुए उन्होंने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से मंत्रालय के साथ घनिष्ठ समन्वय में कार्य करने का आग्रह किया, ताकि  स्वीकृत स्वास्थ्य अवसंरचनाओं को  आवश्यक उपकरणों, मानव संसाधनों और संचालन संबंधी व्यवस्थाओं के साथ पूरी तरह कार्यशील स्वास्थ्य सुविधाओं में परिवर्तित किया जाना सुनिश्चित हो सके। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उभरती सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौतियों और भविष्य की स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए केंद्र और राज्यों के बीच निरंतर सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

 

 https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image005_20261126162919_39ead2.jpg

 

कार्यशाला में पीएम-एबीएचआईएम की वास्तविक और वित्तीय प्रगति पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इसके साथ ही, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने मिशन के कार्यान्वयन की स्थिति, उपलब्धियों और प्राथमिकताओं पर प्रस्तुतियां दीं। चर्चा के दौरान अवसंरचना को समय पर कार्यशील बनाने, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने और सुदृढ़ सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली विकसित करने के लिए केंद्र और राज्यों के बीच समन्वित प्रयासों, नियमित निगरानी तथा निवेश के विभिन्न स्रोतों के बीच तालमेल के महत्व को रेखांकित किया गया।

इस कार्यशाला में कर्नाटक सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रधान सचिव श्री ऋत्विक रंजनम पांडेय; केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में अपर सचिव एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक श्रीमती आराधना पटनायक; राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, कर्नाटक, के मिशन निदेशक श्री एस. अकरम पाशा; मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

 

***

पीके/केसी/आरटी/आरके/डीके


(रिलीज़ आईडी: 2342138) आगंतुक पटल : 12
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu