स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव सुश्री पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने सुरक्षित खाद्य पदार्थ और गुणवत्तापूर्ण दवाएं सुनिश्चित करने में राज्य स्तर पर नियामक क्षमता मजबूत बनाने का आह्वान किया


केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने बेंगलुरु में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित किया; जोखिम-आधारित निरीक्षण, सुदृढ़ निगरानी व्यवस्था, डिजिटल समाधान और केंद्र-राज्य के बीच बेहतर समन्वय पर ज़ोर

सम्मेलन में खाद्य सुरक्षा नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन, दवाओं की गुणवत्ता निगरानी, प्रयोगशाला बुनियादी ढांचे, डिजिटल ट्रेसेबिलिटी और उपभोक्ता जागरूकता मज़बूत बनाने पर विमर्श

प्रविष्टि तिथि: 26 NOV 2026 5:22PM by PIB Delhi

कर्नाटक के बेंगलुरु में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन पर आज राष्ट्रीय स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सुरक्षित भोजन, सुरक्षित दवा, स्वस्थ राष्ट्र विषय पर आयोजित सम्मेलन का उद्देश्य समन्वित कार्रवाई, प्रभावी क्रियान्वयन और संस्थागत क्षमता बढ़ाकर खाद्य एवं औषधि नियामक प्रणालियों को सुदृढ़ बनाना था।

सम्मेलन में केंद्र, राज्य तथा केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों, नियामक प्राधिकरणों, सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों और प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया और देशभर में खाद्य एवं औषधि सुरक्षा मजबूत बनाने के उपायों और प्रमुख चुनौतियों पर चर्चा की।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image001_20261126172437_9bcf82.jpg 

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए खाद्य एवं औषधि नियामक प्राधिकरणों को सार्वजनिक स्वास्थ्य का प्रहरी बताया। उन्होंने कहा कि इन प्राधिकरणों को प्रत्येक नागरिक के स्वास्थ्य और कल्याण की रक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उन्होंने कहा कि नियामकों को सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा और कारोबार सुगमता में संतुलन कायम रखते हुए अपने दायित्वों का प्रभावी, कुशलतापूर्वक और सत्यनिष्ठा के साथ निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नियामक निर्णयों का सार्वजनिक स्वास्थ्य के साथ ही खाद्य कारोबार संचालकों, निर्माताओं और खुदरा विक्रेताओं पर भी सीधा प्रभाव पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आवश्यक नियामक अपेक्षाओं पर ध्यान केंद्रित करने तथा केंद्र और राज्य प्राधिकरणों के बीच समन्वय मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने खाद्य सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि नियामक प्रयास केवल खाद्य पदार्थों में मिलावट और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकने तक ही सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि स्वस्थ खानपान और बेहतर पोषण को भी बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने क्षमता विकास और सुरक्षित खाद्य प्रबंधन संबंधी प्रथाओं को व्यापक स्तर पर अपनाने के महत्व को रेखांकित किया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image002_20261126172453_d44efc.jpg 

खाद्य सुरक्षा लाइसेंसों की स्थायी वैधता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे नियामक प्राधिकरणों का दायित्व और बढ़ जाता है कि वे प्रभावी ढंग से निगरानी तथा सुदृढ़ जोखिम-आधारित निरीक्षण सुनिश्चित करें। उन्होंने राज्यों से भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की जोखिम-आधारित निरीक्षण व्यवस्था पर अपने विचार साझा करने का भी आग्रह किया।

सुश्री श्रीवास्तव ने औषधि विनियमन के संबंध में बेहतर निरीक्षण तंत्र और प्रौद्योगिकी के अधिक उपयोग द्वारा राज्य स्तर पर नियामक क्षमता मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों के अनुरूप उप-राष्ट्रीय मूल्यांकन ढांचा तैयार करने के प्रस्ताव का उल्लेख किया। इसका उद्देश्य राज्य औषधि नियामक प्रणालियों की क्षमता और कार्य-प्रदर्शन का आकलन करना है।

उन्होंने राज्यों को वर्चुअल मूल्यांकन उपकरण - राज्य स्वास्थ्य नियामक उत्कृष्टता सूचकांक (एसएचआरईएसएचटी) की समीक्षा करने और अपनी प्रतिक्रियाएं साझा करने को कहा ताकि इस ढांचे को और सुदृढ़ बनाया जा सके।

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने डिजिटल औषधि नियामक प्रणाली की अवधारणा तैयार करने में राज्यों की भागीदारी के महत्व को रेखांकित करते हुए राज्यों से इसके विकास को दिशा देने के लिए अपने व्यावहारिक अनुभव और सुझाव साझा करने का आह्वान किया। उन्होंने संविदात्मक अनुसंधान संगठनों के कामकाज सहित नैदानिक परीक्षणों में पारदर्शिता और बेहतर उत्तरदायित्व की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

सम्मेलन में नियामक ढांचे, निगरानी और प्रवर्तन मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श

इस सम्मेलन में खाद्य एवं औषधि नियामक ढांचों को सुदृढ़ बनाने, निगरानी और प्रवर्तन में सुधार, संस्थागत एवं प्रयोगशाला क्षमता बढ़ाने तथा केंद्र और राज्य प्राधिकरणों के बीच समन्वित कार्रवाई को बढ़ावा देने पर विस्तृत विचार-विमर्श का अवसर मिला। इस बात की पुनः पुष्टि की गई कि लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थों तथा सुरक्षित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण दवाएं प्रदान करने की व्यवस्था, सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षित रखने तथा टाली जा सकने वाली बीमारियों को रोकने और उपभोक्ताओं का विश्वास बनाए रखने के लिए बुनियादी तौर पर आवश्यक है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image003_20261126172505_e29af1.jpg 

सम्मेलन में खाद्य सुरक्षा से संबंधित सत्रों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के कार्यान्वयन की समीक्षा की गई। इसमें विशेष रूप से जोखिम-आधारित निरीक्षण, निगरानी, प्रवर्तन, खाद्य पदार्थों की जांच और साक्ष्य-आधारित नियामक कार्रवाई पर जोर दिया गया। चर्चा में खाद्य सुरक्षा नियमों को लागू करने में राज्यों द्वारा अपनाई गई बेहतर कार्यप्रणालियों के साथ ही ई-कॉमर्स, नए प्रकार के खाद्य पदार्थों और उपभोक्ताओं के विश्वास से जुड़ी उभरती चुनौतियों पर भी विचार किया गया।

औषधि सुरक्षा से संबंधित सत्रों में विमर्श नकली और मिलावटी दवाओं से निपटने के उपायों पर केंद्रित रहा। साथ ही जांच और प्रवर्तन में अंतर-राज्यीय समन्वय सुदृढ़ बनाकर मादक दवाओं और मनःप्रभावी पदार्थों से संबंधित मुद्दों के समाधान पर भी चर्चा हुई। अन्य प्रमुख विषयों में लाइसेंसिंग और नियामक प्रक्रियाओं में अधिक एकरूपता, जोखिम-आधारित निरीक्षण एवं निगरानी तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और उसके नियमों के तहत बेहतर विनिर्माण एवं वितरण प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करना शामिल रहा।

औषधि क्षेत्र की उभरती चुनौतियों तथा विश्व की फार्मेसी के रूप में भारत की स्थिति बनाए रखने की रणनीतियों एवं दवाओं की खोज और उपचार संबंधी अनुप्रयोगों में तेजी लाने के लिए अगली पीढ़ी के कोशिकीय एवं आणविक उपायों पर भी चर्चा की गई।

***

पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2342132) आगंतुक पटल : 23
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu