पृथ्‍वी विज्ञान मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सौर कण घटनाओं का पता लगाने का नया तरीका ज़मीन-आधारित अवलोकनों के भौगोलिक दायरे को बढ़ा सकता है

प्रविष्टि तिथि: 26 NOV 2026 4:36PM by PIB Delhi

आर्कटिक (नी-एलेसंड) और अंटार्कटिक (मैत्री) क्षेत्रों में स्थित भारतीय अनुसंधान केंद्रों में लगे गामा-रे डिटेक्टरों के ज़रिए, ग्राउंड-लेवल एन्हांसमेंट (जीएलई) नामक दुर्लभ और अत्यधिक सौर घटनाओं का पता लगाने का एक नया तरीका विकसित किया गया है।

जीएलई का यह अध्ययन ज़मीन-आधारित अवलोकनों के भौगोलिक दायरे को बढ़ा सकता है। इससे सूर्य-पृथ्वी के संबंधों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी और अंतरिक्ष के अत्यधिक कठिन मौसम के संभावित प्रभावों का आकलन करने में भी सहायता मिलेगी।

जीएलई आमतौर पर शक्तिशाली सौर विस्फोटों से जुड़े होते हैं। इनमें अत्यधिक ऊर्जा वाले कण (मुख्य रूप से प्रोटॉन) अंतरिक्ष से होते हुए पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करते हैं, जिससे हैड्रोनिक, मेसोनिक और इलेक्ट्रोमैग्नेटिक प्रकार के द्वितीयक कण उत्पन्न होते हैं।

ये सोलर एनर्जेटिक पार्टिकल (एसईपी) घटनाओं के सबसे चरम रूपों में से एक हैं। इनके साथ अक्सर तीव्र सौर फ्लेयर्स और तेज़ कोरोनल मास इजेक्शन (सीएमई) भी देखने को मिलते हैं।

विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के अंतर्गत आने वाले स्वायत्त संस्थान, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जियोमैग्नेटिज्म (आईआईजी), मुंबई के वैज्ञानिकों ने पहली बार जीएलई के संकेतों का पता लगाया है। उन्होंने 11 नवंबर, 2025 की सौर घटना (जिसे GLE #77 नाम दिया गया है) के रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। यह घटना एक तीव्र X-क्लास सौर फ्लेयर, तेज़ कोरोनल मास इजेक्शन और एक मज़बूत एसईपी घटना से जुड़ी थी। इसके लिए आर्कटिक (नी-एलेसंड) और अंटार्कटिक (मैत्री) में स्थित भारतीय अनुसंधान केंद्रों में लगे गामा-रे डिटेक्टरों का उपयोग किया गया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image001_20261126163840_fbb844.jpg

चित्र 1: NaI (Tl) सिंटिलेशन डिटेक्टर

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image002_20261126163848_013380.jpg

चित्र 2: 11 नवंबर 2025 को अंटार्कटिक (ऊपर) और आर्कटिक (नीचे) में गामा-किरणों और न्यूट्रॉन में होने वाले बदलाव

आईआईजी ने अपने शोध कार्यक्रम के तहत अंटार्कटिक में मैत्री और आर्कटिक में नी-आलेसंड में NaI(Tl) सिंटिलेशन गामा-रे डिटेक्टर स्थापित किए हैं। इसका उद्देश्य ध्रुवीय अक्षांशों पर ज़मीन-आधारित अवलोकनों के ज़रिए ब्रह्मांडीय किरणों और अंतरिक्ष-मौसम से जुड़ी घटनाओं का अध्ययन करना है।

जीएलई का पता लगाने का यह नया तरीका, ज़मीन-आधारित गामा-रे अवलोकनों की क्षमता को प्रमाणित करता है। यह पारंपरिक न्यूट्रॉन-मॉनिटर मापों के पूरक के रूप में एक अपेक्षाकृत किफायती विकल्प है।

पारंपरिक न्यूट्रॉन-मॉनिटर प्रणालियों की तुलना में, गामा-रे डिटेक्टर आकार में छोटे और किफायती होते हैं। ऐसे डिटेक्टरों का एक व्यापक नेटवर्क मौजूदा निगरानी प्रणालियों को और बेहतर बना सकता है, ज़मीन-आधारित अवलोकनों के भौगोलिक दायरे को बढ़ा सकता है और उच्च-ऊर्जा वाले सौर कणों तथा पृथ्वी के वायुमंडल के साथ उनकी परस्पर क्रियाओं के बारे में हमारी समझ को बेहतर कर सकता है।

इस अध्ययन में मैत्री और नी-आलेसंड में लगाए गए NaI(Tl) सिंटिलेशन डिटेक्टरों द्वारा दर्ज गामा-रे अवलोकनों का व्यवस्थित विश्लेषण किया गया। यह विश्लेषण इसलिए किया गया ताकि जीएलई से जुड़ी वृद्धि को अन्य संभावित स्रोतों से अलग किया जा सके। इन संभावित स्रोतों में ज़मीनी रेडियोधर्मिता, टेरेस्ट्रियल गामा-रे फ्लैश (टीजीएफ), बिजली कड़कने से जुड़े थंडरस्टॉर्म ग्राउंड एन्हांसमेंट (टीजीई) और अंतरिक्ष से जुड़े स्रोत जैसे गामा-रे बर्स्ट (जीआरबी) व सौर फ्लेयर्स आदि शामिल हैं।

आईआईजी के प्रो. जी. विचारे, सुश्री पी. ठाकुर और श्री सी. सेल्वराज तथा नासा के प्रो. एन. गोपालस्वामी ने दर्ज किए गए डेटा को प्रोसेस करके अलग-अलग ऊर्जा श्रेणियों में गामा-रे काउंट रेट प्राप्त किए। इसके बाद, घटना से पहले के बैकग्राउंड स्तर के सापेक्ष इनमें आए बदलावों की जांच की गई। साथ ही, पारंपरिक न्यूट्रॉन मॉनिटर नेटवर्क में दिखने वाले जीएलई सिग्नेचर और अलग-अलग ऊर्जा श्रेणियों में जीओईएस पार्टिकल डेटा का भी अध्ययन किया गया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image003_20261126163857_de1d33.jpg

चित्र 3: GOES द्वारा रिकॉर्ड की गई सौर ज्वाला

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/WhatsAppImage2026-11-26at5.06.58PM_20261126170714_20a324.jpeg

दो ध्रुवीय केंद्रों पर लगे गामा-रे डिटेक्टरों ने इस घटना के अलग-अलग समय-संबंधी संकेत दर्ज किए।

अंटार्कटिक केंद्र मैत्री पर तुरंत प्रतिक्रिया देखी गई, जबकि आर्कटिक केंद्र नी-आलेसंड पर प्रतिक्रिया धीरे-धीरे सामने आई। गामा-रे से प्राप्त ये अवलोकन, न्यूट्रॉन मॉनिटरों (जिनका उपयोग पारंपरिक रूप से जीएलई का पता लगाने के लिए किया जाता है) से लिए गए मापों के अनुरूप पाए गए।

एस्ट्रोफिजिकल जर्नल लेटर्स में प्रकाशित ये अवलोकन, इस बात का अध्ययन करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं कि उच्च-ऊर्जा वाले सौर कण पृथ्वी के वायुमंडल में कैसे प्रवेश करते हैं और अलग-अलग भौगोलिक स्थानों तथा विभिन्न भू-चुंबकीय स्थितियों में किस तरह परस्पर क्रिया करते हैं।

रणनीतिक रूप से चुने गए स्थानों पर ऐसे डिटेक्टरों का एक व्यापक नेटवर्क, ज़मीन-आधारित अवलोकनों के दायरे को बढ़ा सकता है और उच्च-ऊर्जा वाले सौर कणों की घटनाओं को बेहतर ढंग से समझने में योगदान दे सकता है।

अंटार्कटिक के मैत्री और आर्कटिक के नी-आलेसंड में गामा-रे डिटेक्टरों की स्थापना और संचालन, अंतरिक्ष के चरम मौसम की घटनाओं को समझने के वैश्विक प्रयासों में भारत का एक महत्वपूर्ण योगदान है।

दोनों ध्रुवीय केंद्रों पर GLE #77 का सफलतापूर्वक पता लगाना, भारत की ध्रुवीय निगरानी क्षमताओं के वैज्ञानिक महत्व को दर्शाता है। साथ ही, यह अंतरिक्ष के मौसम की निगरानी के लिए गामा-रे डिटेक्टरों का एक वैश्विक नेटवर्क विकसित करने की नई संभावनाएं भी खोलता है।

प्रकाशन लिंक: https://doi.org/10.3847/2041-8213/aeaee7

***

पीके/केसी/आरटी/एनएस


(रिलीज़ आईडी: 2342107) आगंतुक पटल : 28
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu