विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सीएसआईआर-एनआईएससीपीआर ने पुस्तकालयों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर क्षमता विकास कार्यक्रम आयोजित किया

प्रविष्टि तिथि: 26 NOV 2026 4:59PM by PIB Delhi

सीएसआईआर-राष्ट्रीय विज्ञान संचार एवं नीति अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-एनआईएससीपीआर), नई दिल्ली ने सीएसआईआर एकीकृत कौशल पहल (चरण-III) के अंतर्गत 17 से 19 नवंबर 2026 तक पुस्तकालयों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषय पर तीन दिवसीय कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के पेशेवरों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और आईटी पेशेवरों को पुस्तकालय सेवाओं, अनुसंधान सहायता, सूचना खोज और ज्ञान प्रबंधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के प्रभावी उपयोग के लिए आवश्यक ज्ञान और व्यावहारिक कौशल प्रदान करना था।

सीएसआईआर-एनआईएससीपीआर के प्रशिक्षण प्रभाग के प्रमुख श्री मुकेश ए. पुंड ने उद्घाटन सत्र के दौरान कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी और पुस्तकालय एवं सूचना सेवाओं की दक्षता तथा प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए उभरती प्रौद्योगिकियों में क्षमता निर्माण के महत्व पर प्रकाश डाला। श्री सलीम अंसारी ने सत्र का संचालन किया।

कार्यक्रम में एआई के मूल सिद्धांतों और पुस्तकालयों में इसके अनुप्रयोग, चैटबॉट एवं उपयोगकर्ता इंटरफेस, नो-कोड वेब एवं ऐप विकास, एआई आधारित मेटाडेटा निष्कर्षण और स्मार्ट कैटलॉगिंग, अनुसंधान खोज एवं मानचित्रण, क्षेत्रीय भाषा अनुवाद, तथ्य-जांच, सूचना की विश्वसनीयता तथा एआई के नैतिक उपयोग सहित विभिन्न विषयों को शामिल किया गया।

18 नवंबर 2026 को इंदिरा गांधी दिल्ली तकनीकी महिला विश्वविद्यालय (आईजीडीटीयूडब्ल्यू) की सहायक प्रोफेसर एवं अतिथि संकाय सदस्य डॉ. रितेश यादववंशी ने अनुसंधान सहायता के लिए एआई उपकरण: साहित्य खोज एवं समीक्षा, शोध-पत्रों का सारांश तैयार करना और वास्तविक स्रोतों से एआई के आउटपुट की जांच विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में साहित्य खोज, शोध-पत्रों की समीक्षा एवं सारांश तैयार करने तथा प्रामाणिक स्रोतों के आधार पर एआई द्वारा तैयार जानकारी का सत्यापन करने वाले एआई उपकरणों की जानकारी दी गई। इसमें शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों में आलोचनात्मक मूल्यांकन और एआई के जिम्मेदार उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान नियमित पुस्तकालय कार्यों को स्वचालित करने, सूचना प्राप्ति में सुधार करने, बुद्धिमत्तापूर्ण ज्ञान खोज को सुगम बनाने और उपयोगकर्ता-केंद्रित सेवाओं को बेहतर बनाने में एआई की संभावनाओं को रेखांकित किया गया। स्मार्ट कैटलॉगिंग, मेटाडेटा निष्कर्षण, अनुसंधान मानचित्रण, चैटबॉट और क्षेत्रीय भाषा अनुवाद से संबंधित सत्रों में बताया गया कि उभरती प्रौद्योगिकियां सूचना संसाधनों के संगठन, पहुंच और खोज क्षमता को किस प्रकार बेहतर बना सकती हैं। तथ्य-जांच और एआई नैतिकता पर हुई चर्चाओं में सटीकता, पारदर्शिता और मानव निगरानी के महत्व पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम का समापन सत्र 19 नवंबर 2026 को आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल को अपनी पेशेवर कार्यप्रणाली में लागू करने तथा पुस्तकालय सेवाओं में एआई के जिम्मेदार एकीकरण की संभावनाओं का पता लगाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इस कार्यक्रम का समन्वय सीएसआईआर-एनआईएससीपीआर के वैज्ञानिक-जी और प्रशिक्षण प्रभाग के प्रमुख श्री मुकेश पुंड ने किया। सुश्री मीताली भारती ने नोडल प्रधान अन्वेषक (पीआई) और श्री सलीम अंसारी ने सह-नोडल पीआई के रूप में कार्य किया।

इस तरह की पहलों के माध्यम से सीएसआईआर-एनआईएससीपीआर पेशेवर क्षमता निर्माण और उभरती प्रौद्योगिकियों को जिम्मेदारीपूर्वक अपनाने को बढ़ावा दे रहा है तथा एक समावेशी, दक्ष और प्रौद्योगिकी-सक्षम ज्ञान पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में योगदान दे रहा है।

*****

 पीके/केसी/आरटी/एनकेएस


(रिलीज़ आईडी: 2342095) आगंतुक पटल : 17
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu