प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 3:17PM by PIB Delhi
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने आज संविधान दिवस के अवसर पर भारत के संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस आयोजन के माध्यम से मंत्रालय ने संविधान में निहित मूलभूत सिद्धांतों और मूल्यों को बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के सचिव श्री सुधांश पंत ने नेतृत्व किया। मंत्रालय के अधिकारियों ने भी उनके साथ प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व के संवैधानिक आदर्शों को बनाए रखने के अपने संकल्प को दोहराया।

इस सामूहिक संकल्प के माध्यम से सभी नागरिकों के लिए सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करने; विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने; प्रतिष्ठा और अवसर की समानता को बढ़ावा देने तथा ऐसे बंधुत्व को विकसित करने के महत्व को रेखांकित किया गया, जो प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र के एकता और अखंडता को सुनिश्चित करती है।

संविधान दिवस हर वर्ष 26 नवंबर को संविधान सभा द्वारा 26 नवंबर, 1949 को भारत के संविधान को अंगीकृत किए जाने की याद में मनाया जाता। यह अवसर संविधान निर्माताओं के दूरदर्शी योगदान की याद दिलाता है। इनमें प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. बी.आर. अंबेडकर का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जिनकी स्थायी विरासत आज भी राष्ट्र को एक न्यायसंगत, समावेशी और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करती है।

संविधान की प्रस्तावना में निहित सिद्धांत सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के लिए विशेष महत्व रखते हैं, क्योंकि मंत्रालय का दायित्व सामाजिक न्याय को आगे बढ़ाने, मानवीय गरिमा की रक्षा करने, अवसरों की समानता को बढ़ावा देना तथा समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने से निकटता से जुड़ा हुआ है। विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और नीतिगत पहलों के माध्यम से मंत्रालय सामाजिक और आर्थिक बाधाओं को दूर करने, अवसरों तक पहुंच को मजबूत बनाने तथा राष्ट्र के विकास में समाज के सभी वर्गों की सार्थक भागिदारी सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर काम कर रहा है।

संविधान दिवस के आयोजन ने समावेशी शासन, न्यायसंगत विकास और नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण के माध्यम से संवैधानिक आदर्शों को सार्थक कार्यों में परिणत करने के मंत्रालय के सामूहिक संकल्प को दोहराया। ये प्रयास सामाजिक रूप से न्यायपूर्ण, सशक्त और समावेशी विकसित भारत@2047 के विज़न को साकार करने में योगदान देगा।
****
पीके/केसी/आरटी/आईएम/एनजे