महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

'बाल विवाह मुक्त भारत' अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने पर 27 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन

प्रविष्टि तिथि: 26 NOV 2026 3:12PM by PIB Delhi

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय 27 नवंबर 2026 को 'बाल विवाह मुक्त भारत' (बीवीएमबी) पर राष्‍ट्रीय कार्यक्रम आयोजित करेगा। यह कार्यक्रम 27 नवंबर 2024 को शुरू किए गए राष्ट्रीय अभियान की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य 'संपूर्ण सरकारी' और 'समग्र समाज' दृष्टिकोण के माध्यम से बाल विवाह का उन्‍मूलन करना है।

यह राष्ट्रीय कार्यक्रम नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा। इसमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों के प्रतिनिधियों, बाल विवाह रोकने वाले अधिकारियों (सीएमपीओ), बाल कल्याण समिति के सदस्यों, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (एनएएलएसए), नागरिक समाज संगठनों तथा अन्य संबंधित हितधारकों की भागीदारी होगी।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य बाल विवाह मुक्त भारत के सामूहिक संकल्प को दोहराना और देश से बाल विवाह उन्‍मूलन के प्रयासों को और मजबूत करना है।

इस राष्‍ट्रीय कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर उपस्थित रहेंगी।

इस अवसर पर 'बाल विवाह मुक्त भारत' (बीवीएमबी) अभियान की प्रगति की समीक्षा की जाएगी, जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले अधिकारियों एवं अन्य हितधारकों के योगदान को मान्यता दी जाएगी तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा शुरू की गई पहलों को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, बाल विवाह की रोकथाम की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को और मजबूत बनाने पर भी बल दिया जाएगा।

संयुक्त राष्‍ट्र महासभा ने 27 नवंबर को बाल, अल्पायु एवं जबरन विवाह की समाप्ति के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में निर्धारित किया है।

'बाल विवाह मुक्त भारत' अभियान की शुरुआत से ही इसका मुख्य उद्देश्य बाल विवाह के विरूद्ध जागरूकता बढ़ाना, समुदायों को संगठित करना, बाल विवाह रोकने वाले अधिकारियों की संस्थागत व्यवस्था को मजबूत बनाना, बाल विवाह के मामलों की समय पर सूचना देने को प्रोत्साहित करना तथा बालिकाओं की शिक्षा, सशक्तिकरण और कल्याण को बढ़ावा देना रहा है।

इस अभियान के अंतर्गत देशभर में जागरूकता कार्यक्रमों, सामुदायिक संपर्क अभियानों और शपथ ग्रहण पहलों के माध्यम से व्यापक जनभागीदारी देखने को मिली है।

इस अवसर पर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को राज्य, जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर विशेष जागरूकता एवं जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन गतिविधियों में पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं, युवाओं, सामुदायिक एवं धार्मिक नेताओं, नागरिक समाज संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी शामिल है।

बाल विवाह उन्‍मूलन के लिए सामुदायिक स्तर पर प्रयासों को मजबूत बनाने के लिए विशेष ग्राम सभाओं, जागरूकता अभियानों, शपथ ग्रहण कार्यक्रमों और डिजिटल माध्यमों से जनभागीदारी बढ़ाने जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

'बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल' (https://stopchildmarriage.wcd.gov.in/ ) बाल विवाह घटनाओं की सूचना देने, बाल विवाह रोकने वाले अधिकारियों का विवरण प्राप्त करने, जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दर्ज करने और बाल विवाह के खिलाफ शपथ लेने के लिए एक समर्पित मंच के रूप में कार्य करता है।

नागरिकों और संस्थानों को इस अभियान में भाग लेने तथा बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण के लिए 'बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल', MyGov और MY Bharat प्लेटफॉर्म के माध्यम से शपथ लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

27 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में बाल विवाह उन्‍मूलन तथा प्रत्येक बच्चे के लिए सुरक्षित, स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त बचपन सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर, समन्वित और सामुदायिक भागीदारी पर आधारित प्रयासों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी।

***

पीके/केसी/आरटी/जेके/केके


(रिलीज़ आईडी: 2341999) आगंतुक पटल : 68
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu