प्रविष्टि तिथि:
25 NOV 2026 6:49PM by PIB Delhi
तकनीक-आधारित शासन को मजबूत करने और सामाजिक कल्याण सेवाओं को सुलभ, पारदर्शी और कुशल तरीके से लोगों तक पहुंचाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार और सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री श्री बी. एल. वर्मा ने आज राष्ट्रीय राजधानी स्थित डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में 'समावेश' (सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता के सभी क्षेत्रों के लिए एकल पहुंच तंत्र) और नए 'ई-अनुदान' पोर्टल की शुरुआत की।
'समावेश' और नए 'ई-अनुदान' पोर्टल की शुरुआत, विभाग की डिजिटल परिवर्तन यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इन पहलों का उद्देश्य सामाजिक कल्याण योजनाओं और सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना, लाभार्थियों तथा योजनाओं को लागू करने वाली संस्थाओं के लिए प्रक्रिया संबंधी कठिनाइयों को कम करना और सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा तकनीक-आधारित वितरण प्रणाली को मजबूत करना है।
इस अवसर पर मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, एनईजीडी, एनआईसी, एनजीओ और अन्य संबंधित संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।


उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए, डॉ. वीरेंद्र कुमार ने 'समावेश' और नए 'ई-अनुदान' पोर्टल की शुरुआत को ऐतिहासिक और एक बड़ा बदलाव लाने वाला कदम बताया। उन्होंने कल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की डिलीवरी को बेहतर बनाने के लिए तकनीक का उपयोग करने की विभाग की प्रतिबद्धता पर जोर दिया।
केंद्रीय मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि 'समावेश' विभाग की डिजिटल सेवाओं को एक साझा मंच पर लाकर, एक एकीकृत, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित शासन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. कुमार ने कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच, पारदर्शिता और प्रभावशीलता को बेहतर बनाने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल एकीकरण और डेटा-आधारित निगरानी की संभावनाओं को भी रेखांकित किया।


इस अवसर पर, श्री बी. एल. वर्मा ने सरल डिजिटल सेवाओं के माध्यम से सरकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक अधिक सुलभ बनाने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि 'समावेश' जैसी तकनीक-आधारित पहल नागरिकों को-विशेष रूप से समाज के वंचित और हाशिए पर रहने वाले वर्गों को-जानकारी और सेवाओं तक अधिक आसानी से पहुंचने में सक्षम बनाएगी, साथ ही इससे पारदर्शिता और समावेशिता को भी बढ़ावा मिलेगा।


सचिव, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय श्री सुधांश पंत ने इस शुरुआत को मंत्रालय के इतिहास का एक 'सुनहरा दिन' बताया। उन्होंने कहा कि 33 अलग-अलग पोर्टलों को एक ही 'समावेश' पोर्टल में एकीकृत करना, डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने बताया कि 'ई-अनुदान 2.0' के तहत प्रपत्रों (फॉर्मों) की संख्या 283 से घटाकर 182 कर दी गई है, जिससे एनजीओ और संस्थानों के लिए प्रक्रियात्मक औपचारिकताएं काफी आसान हो गई हैं। 'भारत वीसी' के माध्यम से 15 मिनट पहले सूचना देकर किए जाने वाले 'रियल-टाइम रिमोट निरीक्षण' से संस्थानों की निगरानी और जवाबदेही और मजबूत होगी। उन्होंने यह भी बताया कि पहुंच और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने के लिए इसमें एआई, भाषिणी, डिजिलॉकर और पीएफएमएस को भी जोड़ा गया है।
अपर सचिव सुश्री मोना के. खंधार और निदेशक श्री आस्तिक कुमार पांडेय के नेतृत्व में आईटी टीम, तथा एनईजीडी और एनआईसी के प्रयासों की सराहना करते हुए, सचिव ने प्रौद्योगिकी-आधारित शासन के माध्यम से 'ईज़ ऑफ लिविंग' के माननीय प्रधानमंत्री के विजन को आगे बढ़ाने के लिए मंत्रालय की प्रतिबद्धता को दोहराया।

सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग (डीओएसजेई) द्वारा विकसित 'समावेश', विभाग की योजनाओं, सेवाओं और संगठनात्मक पोर्टलों तक पहुंचने के लिए https://www.dosje.gov.in/samavesh-citizen-portals/ के माध्यम से एक एकीकृत डिजिटल गेटवे प्रदान करता है। इससे नागरिक एक ही प्लेटफॉर्म के जरिए कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी विभिन्न जानकारियों और सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।

यह मंच छह प्रमुख योजना-संबंधित पोर्टलों को एक साथ लाता है, जिनमें वरिष्ठ नागरिक कल्याण (एससीडब्ल्यू), राष्ट्रीय प्रवासी छात्रवृत्ति (एनओएस), नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए), संबल - अत्याचार के खिलाफ राष्ट्रीय हेल्पलाइन (एनएचएए), प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-एजेएवाई) और आजीविका और उद्यम के लिए सीमांत व्यक्तियों के लिए समर्थन (स्माइल), ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए कल्याणकारी पहल, भिक्षावृत्ति में लगे व्यक्तियों का पुनर्वास और गरिमा गृह शामिल हैं।

समावेश 12 संगठनात्मक और संस्थागत पोर्टलों को भी एक साथ लाता है, जिनमें डॉ. अंबेडकर फाउंडेशन (डीएएफ), बाबू जगजीवन राम राष्ट्रीय फाउंडेशन, राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान (एनआईएसडी), डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र (डीएआईसी), राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त और विकास निगम (एनएसएफडीसी), राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त और विकास निगम (एनबीसीएफडीसी), राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त और विकास निगम (एनएसकेएफडीसी), राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (एनसीबीसी), राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी), राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग (एनसीएसके), विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू समुदायों के लिए विकास और कल्याण बोर्ड (डीडब्ल्यूबीडीएनसी) और विभाग का सामाजिक न्याय पोर्टल शामिल हैं।

समावेश की एक प्रमुख नागरिक-केंद्रित विशेषता 'सामाजिक सहायक', जो एआई-आधारित एक चैटबॉट है, 'भाषिणी' के माध्यम से 22 भारतीय भाषाओं में कल्याणकारी योजनाओं, पात्रता मानदंडों और सेवाओं के बारे में जानकारी प्रदान करता है। इस पहल का उद्देश्य भाषाई बाधाओं को दूर करना और नागरिकों को उनकी पसंदीदा भाषाओं में सरकारी जानकारी उपलब्ध कराना है, जिससे डिजिटल समावेशन को बढ़ावा मिले और कल्याणकारी योजनाओं तथा सेवाओं के बारे में जागरूकता बढ़े।

डिजीलॉकर और सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (पीएफएमएस) जैसे राष्ट्रीय डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ एकीकरण, दस्तावेजों तक सुरक्षित पहुंच को और बेहतर बनाता है। साथ ही, इससे सेवा और भुगतान से जुड़ी जानकारी को अधिक स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। इस प्लेटफॉर्म में एक समान डिजाइन और कंटेंट फ्रेमवर्क का उपयोग किया गया है, जो सरकारी मानकों के अनुरूप है। इसमें 'भारत सरकार की वेबसाइटों के लिए दिशानिर्देश (जीआईजीडब्ल्यू) 3.0', 'डिजिटल ब्रांड आइडेंटिटी मैनुअल (डीबीआईएम)' और एक्सेसिबिलिटी (सुलभता) संबंधी दिशा-निर्देश शामिल हैं। इसका मुख्य उद्देश्य सुरक्षित, सुलभ और इस्तेमाल में आसान डिजिटल सेवाएं प्रदान करना है।
बहुभाषी डिजिटल सेवा वितरण को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, इस अवसर पर एमओएसजेई के निदेशक श्री आस्तिक कुमार पांडेय और 'भाषिणी' के सीईओ श्री अमिताभ नाग के बीच एक समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया गया। यह सहयोग भाषा प्रौद्योगिकी के उपयोग को बढ़ावा देगा, जिससे विभाग की योजनाओं और सेवाओं से जुड़ी जानकारी कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध हो सकेगी। इस पहल से विशेष रूप से उन नागरिकों को लाभ मिलने की उम्मीद है जिन्हें भाषा संबंधी बाधाओं का सामना करना पड़ता है; इससे वे योजनाओं के प्रावधानों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे और कल्याणकारी सेवाओं का अधिक आसानी से लाभ उठा सकेंगे।

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय (एमओएसजेई) के निदेशक श्री अमरीश बहादुर पाल ने 'प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना' (पीएम-अजय) के 'अनुदान-सहायता' (घटक के अंतर्गत आने वाले लाभार्थियों के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को मजबूत करने के उद्देश्य से, राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) श्री प्रशांत सिन्हा के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
यह साझेदारी कौशल विकास सहायता और रोजगार-उन्मुख पहलों तक पहुंच आसान बनाएगी, जिससे लाभार्थी अपने कौशल को निखार सकेंगे, अपनी रोजगार क्षमता में सुधार कर सकेंगे और आजीविका के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे। इस सहयोग का लक्ष्य कल्याणकारी सहायता, कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण के बीच के संबंध को और मजबूत करना है।

हाल ही में लॉन्च किया गया ई-अनुदान पोर्टल (https://eanudaan.dosje.gov.in/) 'नशीली दवाओं की मांग में कमी लाने के लिए राष्ट्रीय कार्ययोजना’ (एनएपीडीडीआर), 'स्माइल', 'अटल वयो अभ्युदय योजना' (एवीवाईएवाई) और 'श्रेष्ठ' (मोड 1 और 2) के अंतर्गत मिलने वाली अनुदान सहायता प्रक्रियाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाता है। इस पहल का उद्देश्य गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ), संस्थानों और अन्य कार्यान्वयन संगठनों के लिए आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाकर, कागजी कार्रवाई को कम करके और दस्तावेजों के सत्यापन को स्वचालित बनाकर 'ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस' को बढ़ावा देना है।

यह पोर्टल एक कॉमन प्रोजेक्ट आईडी, आवेदन के विभिन्न चरणों में पहले से भरी हुई जानकारी, आवेदन की स्थिति दिखाने वाले डैशबोर्ड और ऑनलाइन नोटिफिकेशन की सुविधा देता है। इससे बार-बार डेटा दर्ज करने की जरूरत कम हो जाती है और आवेदक आसानी से अपने आवेदनों और लंबित कार्यों को ट्रैक कर सकते हैं। एनजीओ दर्पण और यूडीआईएसई प्लस जैसे संबंधित डेटाबेस के जरिए दस्तावेजों की ऑटोमैटिक जांच और सत्यापन किया जाता है, ताकि कमियों का पता शुरुआती चरण में ही चल जाए और प्रक्रिया में होने वाली अनावश्यक देरी को कम किया जा सके।
नया ई-अनुदान पोर्टल वीडियो-आधारित ई-निरीक्षण, जियो-टैग की गई फोटो और वीडियो, तथा उपस्थिति रिकॉर्ड के माध्यम से निगरानी तंत्र को भी मजबूत करता है। पीएफएमएस के साथ जुड़ने से फंड के वितरण और भुगतान को ट्रैक करना आसान हो जाता है, जिससे अनुदान प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ती है। इन सुविधाओं से एनजीओ और संस्थानों के लिए अनुदान प्रशासन की कार्यक्षमता में सुधार होने की उम्मीद है, साथ ही विभाग द्वारा प्रभावी निगरानी करने में भी मदद मिलेगी।

'समावेश' का विकास और कार्यान्वयन, अपर सचिव, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय सुश्री मोना के. खंधार के मार्गदर्शन और नेतृत्व में किया गया है। उनके मार्गदर्शन और निरंतर समीक्षा ने संबंधित विभागों और संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही, उन्होंने यह सुनिश्चित किया है कि यह पहल, डिजिटल परिवर्तन और नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण के लिए विभाग के व्यापक उद्देश्यों के अनुरूप हो।

मंत्रालय के आईटी डिवीजन ने पोर्टल एकीकरण, माइग्रेशन, परीक्षण, सामग्री समन्वय, तकनीकी समीक्षा और सामान्य डिजिटल मानकों के कार्यान्वयन के लिए राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस डिवीजन (एनईजीडी) और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) सहित संबंधित डिवीजनों, संगठनों और प्रौद्योगिकी भागीदारों के साथ मिलकर काम करते हुए, पहल के कार्यान्वयन में एक केंद्रीय समन्वय भूमिका निभाई है।
योजना-संबंधित पोर्टलों और संगठनात्मक वेबसाइटों के चरणबद्ध एकीकरण ने विभाग भर में डिजिटल सेवाओं के बेहतर समन्वय और प्रबंधन का समर्थन करते हुए एक सामान्य डिजिटल गेटवे के निर्माण की सुविधा प्रदान की है।



इन पहलों के माध्यम से, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय एक समावेशी, सुलभ और नागरिक-केंद्रित डिजिटल गवर्नेंस इकोसिस्टम बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तकनीक-आधारित कल्याणकारी सेवाओं का लाभ समाज के वंचित और हाशिए पर रहने वाले वर्गों तक पहुंचे।
***
पीके / केसी/ आरटी / एमपी