सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

श्रेष्ठ (एनईटीएस) 2027 के लिए आवेदन करने के केवल पांच दिन शेष; मंत्रालय ने पात्र विद्यार्थियों से गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा का अवसर प्राप्त करने की अपील की


श्रेष्ठ योजना के अंतर्गत मेधावी अनुसूचित जाति (एससी) और पात्र विमुक्त जनजाति (डीएनटी) के विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित निजी आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर

पात्र विद्यार्थियों और अभिभावकों से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण पूरा करने की अपील

श्रेष्ठ (एनईटीएस) के लिए राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित होगी

अभ्यर्थी https://exams.nta.nic.in/shreshta पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 7:51PM by PIB Delhi

श्रेष्ठ (एनईटीएस) 2027 के लिए राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा के ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि में केवल पांच दिन शेष हैं। इसको देखते हुए सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने देशभर के पात्र विद्यार्थियों से श्रेष्ठ योजना के अंतर्गत प्रतिष्ठित निजी आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित लक्षित क्षेत्रों के हाई स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए आवासीय शिक्षा योजना (श्रेष्ठ) का उद्देश्य अनुसूचित जाति (एससी) और एससी, एसटी तथा ओबीसी श्रेणियों में शामिल नहीं होने वाली विमुक्त जनजातियों (डीएनटी) के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। इससे उन्हें शैक्षणिक प्रगति, सामाजिक उत्थान और समग्र विकास के बेहतर अवसर मिलेंगे।

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य लक्षित समुदायों के मेधावी विद्यार्थियों को अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराकर शिक्षा के क्षेत्र में असमानता को कम करना है। ताकि वे उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें और अपनी पूरी क्षमता का विकास कर सकें। अधिकारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा तक पहुंच शैक्षणिक क्षमताओं को मजबूत करने और उज्ज्वल तथा सुरक्षित भविष्य के अवसर तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

अधिकारी ने कहा कि पंजीकरण की अंतिम तिथि नजदीक आने के मद्देनजर पात्र विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और अंतिम समय में होने वाली परेशानियों से बचने की अपील की गई है।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण, दूरदराज और सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में इस योजना के बारे में व्यापक जागरूकता और जानकारी का प्रसार करने से यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र विद्यार्थी शिक्षा के इस महत्वपूर्ण अवसर से वंचित न रहे।

अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के सहयोग से आयोजित की जा रही श्रेष्ठ (एनईटीएस) 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 14 नवंबर 2026 को शुरू हुई थी। यह प्रक्रिया 30 नवंबर 2026 को रात 11 बजकर 50 मिनट तक जारी रहेगी।

अधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थियों को अपने जमा किए गए आवेदन पत्रों में आवश्यक सुधार करने की सुविधा देने के लिए 2 दिसंबर से 4 दिसंबर 2026 तक सुधार विंडो खुली रहेगी।

उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ (एनईटीएस) 2027 के लिए राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।

पात्र अभ्यर्थी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के आधिकारिक पोर्टल https://exams.nta.nic.in/shreshta के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।

अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने से पहले आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध पात्रता मानदंडों और आवेदन संबंधी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।

शिक्षकों, शैक्षणिक संस्थानों, सामुदायिक संगठनों और अन्य संबंधित पक्षों से पात्र विद्यार्थियों और उनके परिवारों के बीच इस योजना की जानकारी का प्रसार करने का आग्रह किया गया है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसमें शामिल हो सकें और देशभर में इसका लाभ लक्षित लाभार्थियों तक पहुंच सके।

श्रेष्ठ जैसी लक्षित शैक्षणिक पहलों के माध्यम से सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय समान शैक्षणिक अवसरों को बढ़ावा देने, भावी पीढ़ियों को सशक्त बनाने और यह सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है कि सामाजिक-आर्थिक पिछड़ापन शैक्षणिक प्रगति में बाधा न बने। यह विकसित भारत@2047 के दृष्टिकोण के अनुरूप है।

***

पीके/केसी/आरटी/एसके/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2341628) आगंतुक पटल : 25
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Urdu , English