57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

कृष्णावतारम में भगवान श्रीकृष्ण की जीवन गाथा को सत्यभामा की दृष्टि से पर्दे पर उकेरा गया है


तीन फिल्मों की श्रृंखला का पहला भाग प्रेम, भक्ति और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के कम ज्ञात प्रसंगों को प्रस्तुत करता है

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 8:00PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2341616Views: 40

भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 2026 के भारतीय पैनोरमा फीचर फिल्म खंड में प्रदर्शित हिंदी फीचर फिल्म ‘कृष्णावतारम’ (कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट) के निर्माताओं ने आज इस फिल्म के संबंध में पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन  को संबोधित किया। फिल्म के निर्देशक हार्दिक गज्जर और निर्माता साजन राज कुरुप ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन की दृश्यात्मक रूप से समृद्ध और समकालीन सिनेमाई प्रस्तुति को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने के अपने अनुभव साझा किए।

फिल्म की मूल अवधारणा के बारे में चर्चा करते हुए निर्माता साजन राज कुरुप ने कहा कि भारत में भगवान श्रीकृष्ण को केवल पौराणिक कथाओं की श्रेणी में सीमित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, “भारत में श्रीकृष्ण पौराणिक कथाओं से परे हैं। यह आस्था, एक भावना और हमारे इतिहास का जीवंत हिस्सा हैं।” आदिकेशव पर केंद्रित सांस्कृतिक परंपरा में पले-बढ़े साजन राज कुरुप ने इस मान्यता  “सब कुछ श्रीकृष्ण से ही उत्पन्न होता है” को याद किया । उन्होंने कहा कि फिल्म की टीम ने बहुत सोच-विचार कर भगवान श्रीकृष्ण के जीवन को पूरी ईमानदारी और अपार सम्मान के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास किया।

फिल्म निर्माताओं ने यह भी बताया कि कृष्णावतारम  तीन भागों वाली फिल्म श्रृंखला का पहला अध्याय है, जो हृदय, मन और आत्मा की अवधारणाओं पर आधारित है। राम मोरी के उपन्यास सत्यभामा  पर आधारित इस फिल्म की पटकथा प्रकाश कपाड़िया, राम मोरी और हार्दिक गज्जर ने लिखी है। फिल्म श्रीमद्भागवत  और हरिवंश  से प्रेरित है। इसका पहला भाग भगवान श्रीकृष्ण की वृंदावन और मथुरा से लेकर द्वारका के शासक बनने तक की यात्रा को सत्यभामा की दृष्टि से प्रस्तुत करता है। जहां पहला भाग प्रेम, त्याग, विरह और भक्ति पर केंद्रित है, वहीं अगले दो भागों में भगवान श्रीकृष्ण की शासन-कला और रणनीति (मन) तथा भगवद्गीता की शिक्षाओं (आत्मा) को दर्शाया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के कुछ कम ज्ञात प्रसंगों को प्रस्तुत करने वाली इस फिल्म में सिद्धार्थ गुप्ता, संस्कृति जयना, सुष्मिता भट्ट और निवाशियनी कृष्णन प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

पारंपरिक कथाओं को आधुनिक दर्शकों से जोड़ने की आवश्यकता के बारे में बात करते हुए फिल्म के निर्देशक हार्दिक गज्जर ने बताया कि यह फिल्म विशेष रूप से युवा पीढ़ी को ध्यान में रखकर बनाई गई है, ताकि वे अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को रोचक सिनेमाई भाषा के माध्यम से जान सकें और उससे जुड़ाव महसूस कर सकें। फिल्म निर्माताओं ने कहा, “कहानी कहने के तरीके समय के साथ बदलते रहते हैं और हम सौभाग्यशाली हैं कि ऐसे दौर में रह रहे हैं, जहां हम दृश्यात्मक रूप से समृद्ध अनुभव रच सकते हैं।” हार्दिक गज्जर के विजुअल इफेक्ट्स के अनुभव का लाभ उठाते हुए, फिल्म को 7.5 एकड़ में बने विशाल सेट पर निर्मित किया गया है। इसके विजुअल इफेक्ट्स पर काम करने के लिए इस क्षेत्र के कुछ बेहतरीन प्रतिभाशाली लोगों की मदद ली गई है। दुनिया भर के युवाओं से जुड़ने के विशेष उद्देश्य से फिल्म को अंग्रेजी सहित कई भाषाओं में बनाया गया है।

फिल्म में भावनात्मक जुड़ाव पैदा करने में संगीत की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए निर्देशक हार्दिक गज्जर ने संगीत निर्देशक प्रसाद एस. के साथ अपने सहयोग के बारे में बताया। प्रसिद्ध संगीतज्ञ डॉ. भरत बालवल्ली के मार्गदर्शन में टीम ने फिल्म में अधिक से अधिक शास्त्रीय संगीत को शामिल करने का प्रयास किया। इसके माध्यम से पारंपरिक संगीत की शुद्धता को समकालीन संगीत के रंग में सहजता से पिरोया गया है, ताकि आज के दर्शकों से बेहतर जुड़ाव स्थापित किया जा सके।

इस सत्र का संचालन श्री संदीप प्रसाद ने किया।

संवाददाता सम्मेलन के लिए यहां देखिए :

आईएफएफआई लॉयड यहां पढि़ए:

: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

 

* * *

पीके/केसी/आरटी/आरके/डीए


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2341616
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026