57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

जब शब्द कम पड़ जाएं, तो संगीत बोलता है: 57वें आईएफएफआई में गायिका के.एस. चित्रा ने लता मंगेशकर, आशा भोसले और एस. जानकी की आवाज़ों को याद किया


इस मशहूर गायिका ने उन आवाज़ों और गानों को याद किया, जिन्होंने कई पीढ़ियों को और उनकी अपनी संगीत यात्रा को भी संवारा; उन्होंने अपनी प्यारी यादों और दिल छू लेने वाले किस्सों के ज़रिए इन पलों को साझा किया

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 6:22PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2341544Views: 12

कुछ आवाज़ें सिर्फ एक कमरे को संगीत से नहीं भरतीं, बल्कि वे हमारे बचपन का हिस्सा बन जाती हैं, जीवन के अहम पड़ावों पर हमारे साथ रहती हैं और गाना खत्म होने के बहुत बाद भी हमारे दिलों में गूंजती रहती हैं। मशहूर गायिका के.एस. चित्रा के लिए आशा भोसले, एस. जानकी और लता मंगेशकर की आवाज़ें कुछ ऐसी ही रही हैं। 57वें भारत अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में 'लता मंगेशकर टॉक: आशा भोसले और एस. जानकी की यादों में हमेशा गूंजने वाली आवाज़' शीर्षक से आयोजित एक मास्टरक्लास कार्यक्रम में, चित्रा ने दर्शकों को इन महान गायिकाओं के संगीत और यादों के एक बेहद निजी सफर पर ले गईं। इस सत्र का संचालन अभिनेत्री और फिल्म निर्माता सुहासिनी मणिरत्नम ने किया।

बातचीत की शुरुआत बहुत ही आत्मीय और सहज अंदाज़ में हुई। चित्रा ने स्वीकार किया कि वह थोड़ी घबराई हुई थीं, लेकिन उन्हें पूरा भरोसा था कि सुहासिनी उन्हें सहज महसूस कराएंगी। बातचीत के दौरान उनके पुराने जुड़ाव का ज़िक्र भी आया; सुहासिनी ने याद किया कि कैसे जिन फिल्मों में चित्रा ने अपनी आवाज़ दी थी, उनके गाने उनके (सुहासिनी के) अपने जीवन का भी एक अहम हिस्सा बन गए। इसके बाद जो हुआ, वह कोई औपचारिक चर्चा नहीं, बल्कि यादों का एक मिलन था, जहाँ किस्सों के बीच-बीच में संगीत की धुनें भी गूंजती रहीं।

अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए, चित्रा ने बताया कि वह एक ऐसे परिवार में पली-बढ़ीं जहाँ संगीत का माहौल था। उन्होंने प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और शास्त्रीय संगीत सीखा। उन्होंने कहा कि गायन ही एक ऐसी चीज़ थी, जिसके बारे में उन्हें पता था कि वह इसे अच्छे से कर सकती हैं, हालाँकि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यह उन्हें इतनी दूर तक ले जाएगा। फिल्म संगीत में उनका आना लगभग एक संयोग ही था। उन्होंने बताया कि वे अक्सर मनोरंजन क्लबों में फिल्मी गाने गाती थीं और अक्सर पी. सुशीला के लोकप्रिय गानों से शुरुआत करती थीं।

जब उनसे पूछा गया कि वे किन गायिकाओं की आवाज़ को सबसे ज़्यादा पसंद करती हैं, तो चित्रा ने पी. सुशीला, एस. जानकी और लता मंगेशकर का नाम लिया। उन्होंने बताया कि बचपन में वे जानकी जी की नक़ल भी किया करती थीं। साथ ही, वे हंसते हुए यह भी मानती हैं कि जानकी जी के खास अंदाज़ की हूबहू नक़ल करना नामुमकिन है। लता मंगेशकर के बारे में बात करते हुए, चित्रा ने उनके गायन की गहराई, खासकर उनके भजनों का ज़िक्र किया और दर्शकों के साथ लता जी का अपना एक पसंदीदा गाना भी साझा किया।

आशा भोंसले से जुड़ी उनकी यादों में एक अलग तरह का सम्मान झलकता है। चित्रा ने आशा जी की अद्भुत बहुमुखी प्रतिभा और संगीत की अलग-अलग शैलियों (जैसे ग़ज़ल) में प्रयोग करने के उनके जज़्बे के बारे में बात की। इस दौरान उन्होंने एक ग़ज़ल की कुछ पंक्तियाँ भी गुनगुनाईं। उन्होंने बताया कि आशा जी हमेशा अपनी एक अलग संगीत पहचान बनाना चाहती थीं, न कि अपनी बहन लता मंगेशकर के साथ अपनी तुलना करवाना चाहती थीं। चित्रा ने अपनी पहली मुलाकात का एक यादगार किस्सा भी साझा किया, जब आशा भोंसले ने उनसे पूछा था कि वे इतनी ऊँची आवाज़ (हाई रेंज) में क्यों गा रही हैं। यह एक छोटी सी बातचीत थी, जिससे इस महान गायिका के बेबाक स्वभाव और उनके अनोखे व्यक्तित्व की झलक मिलती है।

वहीं, एस. जानकी से जुड़ी यादों में एक खास अपनापन और स्नेह था। चित्रा ने जानकी जी के संगीत सफर के शुरुआती दिनों को याद किया, जब मंच पर मिमिक्री कलाकार अपनी प्रस्तुति देते थे और बीच-बीच में खाली समय भरने के लिए जानकी जी को गाने के लिए बुलाया जाता था। इन मौकों की वजह से दर्शकों को उनकी आवाज़ सुनने का मौका मिला, जिससे आगे चलकर वे पार्श्व गायन के क्षेत्र में आ गईं। चित्रा ने जानकी जी की अनूठी आवाज़, उनके भावपूर्ण गायन और हर गाने में जान डाल देने की उनकी खूबी के बारे में भी बात की। संगीत से परे, चित्रा उन्हें एक माँ की तरह मानती हैं। जानकी जी के घर जाने के दिनों को याद करते हुए, उन्होंने बड़े प्यार से बताया कि कैसे वे अपने हाथों से उन्हें खाना खिलाती थीं। चित्रा ने कहा कि उनके हाथों से परोसा गया तीखा खाना भी मीठा लगता था।

पूरे सत्र के दौरान, सुहासिनी ने बातचीत में गानों को शामिल किया और यादों को उन भावनाओं से जोड़ा, जो पर्दे पर उन गानों के ज़रिए दिखाई गई थीं। उन्होंने बताया कि कैसे फ़िल्मी संगीत लोगों के जीवन में प्यार, शादी, दुख और खुशी के पलों का साथी बनता है और अक्सर ऐसी बातें कह देता है, जिन्हें शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। इसके जवाब में चित्रा ने बताया कि मलयालम गाना 'स्वर्णमुकिले' एक ऐसा गीत है जिसे सुनकर आज भी उनकी आँखों में आँसू आ जाते हैं।

एक मज़ेदार संगीत प्रश्नोत्तरी ने इस दोपहर को और भी दिलचस्प बना दिया। इसमें फ़िल्मों के कुछ दृश्य बिना पार्श्व संगीत के दिखाए गए, जिन्हें देखकर चित्रा ने उन सभी पाँच दृश्यों के गानों को पहचाना और गाया; इनमें सुहासिनी की फ़िल्मों के गाने भी शामिल थे। इस सत्र में रिकॉर्डिंग की चुनौतियों, मुश्किल गानों और उम्र के साथ अपनी आवाज़ की सीमाओं को समझने के महत्व पर भी चर्चा हुई।

बातचीत का सबसे यादगार पल तब आया, जब चित्रा ने फ़िल्म 'सिंधु भैरवी' का गाना 'पाडारियेन’ गाना शुरू किया। सुहासिनी भी उनके साथ जुड़ गईं और गाने पर होंठ हिलाने (लिप-सिंक) करने लगीं। यह एक ऐसा पल था जिसने उनकी बातचीत को सम्पूर्णता दी। यह संगीत और यादों का एक बहुत ही सुंदर मिलन था, जो हमें याद दिलाता है कि गाने सिर्फ़ संगीतमय धुनें नहीं होते, बल्कि वे हमारे जीवन, दोस्ती और उन यात्राओं के हिस्सा होते हैं, जो पीढ़ियों तक गूँजते रहते हैं।

इफ्फीलॉईड यहाँ पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

****

पीके / केसी / आरटी / जेके  / डीए                                     

 


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2341544
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026