सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

आर्थिक कठिनाइयों से शैक्षणिक आकांक्षाओं तक


एनएफएससी फेलोशिप से शोधार्थी को मिली सहायता

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 5:03PM by PIB Delhi

28 वर्षीय दीपक कनौजिया (बदला हुआ नाम) की कहानी बताती है कि किस तरह आर्थिक सहायता और दृढ़ संकल्प, शिक्षा के प्रति समर्पण के साथ मिलकर उच्च शिक्षा के नए अवसर सृजित कर सकती है और एक समावेशी भविष्य के निर्माण में मददगार हो सकती है।

अनुसूचित जाति समुदाय से आने वाले शोधार्थी दीपक कनौजिया बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ उच्च शिक्षा हासिल कर रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने के कारण उनकी शैक्षणिक यात्रा कई चुनौतियों से भरी रही है। इसके बावजूद उन्होंने शिक्षा के प्रति अपना संकल्प और दृढ़ता बनाए रखी।

परिवार के चार बच्चों में उच्च शिक्षा हासिल करने वाले वे पहले सदस्य हैं। इस दौरान उन्हें शिक्षण शुल्क, रहने की व्यवस्था, अध्ययन सामग्री और अन्य जरूरी खर्चों का इंतजाम करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

परिवार की सीमित आमदनी और आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण कई बार उनकी पढ़ाई जारी रखना मुश्किल हो गया। कुछ मौकों पर उन्हें अपनी शिक्षा बीच में ही छोड़ने की नौबत भी आई। हालांकि आत्मनिर्भर बनने और उच्च शिक्षा के अपने लक्ष्य को हासिल करने के संकल्प के साथ उन्होंने पढ़ाई जारी रखी।

अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय फेलोशिप योजना (एनएफएससी) के अंतर्गत श्री कनौजिया को जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) के रूप में हर महीने 37 हजार रुपये और इसके अतिरिक्त 10 प्रतिशत मकान किराया भत्ता दिया जा रहा है। उन्हें यह सहायता 18 जनवरी 2024 से मिलनी शुरू हुई।

इस आर्थिक सहायता से उन्हें शिक्षण शुल्क, अध्ययन सामग्री, आवास और शिक्षा से जुड़े अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करने में मदद मिली है। इससे उनके परिवार पर आर्थिक बोझ कम हुआ है और उन्हें आर्थिक स्थिरता मिली है। अब वे अपनी पढ़ाई और शोध कार्य पर अधिक ध्यान दे पा रहे हैं।

श्री कनौजिया पूरी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ अपनी शैक्षणिक यात्रा जारी रखे हुए हैं। इस फेलोशिप से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और आत्मनिर्भर बनने तथा अपने लक्ष्यों को हासिल करने का संकल्प मजबूत हुआ है। वे अपने परिवार, समाज और देश के लिए सार्थक योगदान देने की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं।

एनएफएससी योजना उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में अनुसूचित जाति के पात्र विद्यार्थियों को सहायता देने की भारत सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर यह योजना विद्यार्थियों को आर्थिक बाधाओं से उबरने और अपने शैक्षणिक तथा व्यावसायिक लक्ष्यों को हासिल करने में मदद करती है।

*****

पीके/केसी/आरटी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2341448) आगंतुक पटल : 35
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu