सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

अनौपचारिक काम से सम्मानजनक रोजगार तक


नमस्ते योजना ने मणिपुर के सीवर और सेप्टिक टैंककर्मी राजा को औपचारिक रोजगार और स्थिरता प्रदान करने में अहम भूमिका निभाई

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 4:30PM by PIB Delhi

श्री राजा (बदला हुआ नाम) की यात्रा इस बात को रेखांकित करती है कि स्वच्छताकर्मियों की पहचान करने, उनकी औपचारिक प्रोफाइल तैयार करने और उन्हें सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का कितना महत्व है।

नमस्ते योजना के माध्यम से स्वच्छता कार्यों को मशीनीकरण, सुरक्षा, औपचारिकीकरण और कर्मियों के लिए आजीविका के बेहतर अवसरों की दिशा में आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के काम में लगे कई श्रमिकों के लिए अनौपचारिक रोजगार व्यवस्था का अर्थ अक्सर अनिश्चित आय, जोखिमपूर्ण कार्य परिस्थितियां तथा व्यावसायिक सुरक्षा और औपचारिक पहचान तक सीमित पहुंच होता है।

मणिपुर के 27 वर्षीय स्नातक राजा के लिए सम्मानजनक और स्थिर रोजगार प्राप्त करना अधिक वित्तीय सुरक्षा और पेशेवर पहचान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बावजूद राजा ठेकेदारों के माध्यम से अनौपचारिक रूप से सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई का काम कर रहे थे। उनके काम में अनियमित कमाई, व्यावसायिक सुरक्षा के सीमित उपाय और औपचारिक रोजगार से मिलने वाले लाभों का अभाव था। उनके परिवार की आजीविका अनिश्चित आय पर निर्भर होने के कारण रोजगार में स्थिरता की कमी उनके लिए लगातार चुनौतियां पैदा कर रही थी।

राष्ट्रीय मशीनीकृत स्वच्छता पारिस्थितिकी तंत्र कार्ययोजना (नमस्ते) योजना का उद्देश्य सीवर और सेप्टिक टैंककर्मियों (एसएसडब्ल्यू) की पहचान करने, उनकी प्रोफाइल तैयार करने तथा उन्हें सहायता और अवसर उपलब्ध कराने के माध्यम से उनके रोजगार को औपचारिक स्वरूप देना और कार्य परिस्थितियों में सुधार करना है।

नमस्ते योजना के तहत औपचारिक प्रोफाइल तैयार किए जाने के माध्यम से राजा को सीवर और सेप्टिक टैंककर्मी के रूप में पहचान मिली। इससे उन्हें संस्थागत रोजगार का अवसर प्राप्त करने में मदद मिली।

श्री राजा को 15 अक्टूबर, 2025 को मणिपुर उच्च न्यायालय में कुशल दैनिक वेतनभोगी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) ऑपरेटर के रूप में नियुक्त किया गया। इस रोजगार के अवसर से उन्हें आय का अधिक नियमित स्रोत प्राप्त हुआ और उनके कार्य तथा कौशल को बेहतर पहचान मिली।

अब उन्हें प्रतिदिन 480 रुपये मिलते हैं, जो लगभग 14,400 रुपये प्रति माह होते हैं। ठेकेदारों के माध्यम से अनियमित काम से निकलकर एक संस्थान के साथ औपचारिक रूप से जुड़ने से उनकी आय में अधिक नियमितता आई है और रोजगार की परिस्थितियों में सुधार हुआ है। इससे उन्हें दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिली है।

उनका अनुभव दर्शाता है कि औपचारिक पहचान और रोजगार के अवसर किस प्रकार स्वच्छता कर्मियों को अनौपचारिक रोजगार व्यवस्था से बाहर निकालकर अधिक स्थिरता, सम्मान और पेशेवर सुरक्षा की दिशा में आगे बढ़ने में मदद कर सकते हैं।

***

पीके/केसी/आरटी/पीसी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2341434) आगंतुक पटल : 29
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu