रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत-नेपाल संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘सूर्यकिरण XX’ नेपाल में शुरू

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 4:21PM by PIB Delhi

भारत और नेपाल के बीच 20वां संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘सूर्यकिरण’ नेपाल के सलझंडी स्थित नेपाल आर्मी बैटल स्कूल में आज शुरू हुआ। यह सैन्य अभ्यास 25 नवंबर से 8 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। अभ्यास के उद्घाटन समारोह में नेपाल सेना के मध्य पश्चिमी डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) मेजर जनरल पूर्ण बहादुर खत्री मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। भारतीय सेना की ओर से 334 सैन्यकर्मियों का दल इस अभ्यास में भाग ले रहा है, जिसका प्रतिनिधित्व कुमाऊं रेजिमेंट के जवान कर रहे हैं। वहीं, नेपाल सेना की ओर से भी 334 सैन्यकर्मियों का दल भाग ले रहा है, जिसका प्रतिनिधित्व श्री ज्वाला दल बटालियन कर रही है।

इस संयुक्त सैन्य अभ्यास का उद्देश्य चुनौतीपूर्ण भूभाग में आतंकवाद-रोधी और उग्रवाद-रोधी अभियानों के लिए संयुक्त प्रशिक्षण के माध्यम से दोनों सेनाओं के बीच अंतर-संचालन क्षमता (इंटरऑपरेबिलिटी), परिचालन समन्वय और आपसी समझ को बढ़ाना है।

अभ्यास के दायरे में संयुक्त सामरिक अभियान, हेलीकॉप्टर के जरिए सैनिकों की तैनाती का अभियान, आपदा प्रतिक्रिया और चिकित्सा प्रशिक्षण शामिल हैं। दोनों देशों की सेनाओं के जवान अपने परिचालन अनुभवों और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करेंगे। साथ ही, संयुक्त अभियान की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए अपनी रणनीतियों, तकनीकों और प्रक्रियाओं को और बेहतर बनाएंगे।

‘सूर्यकिरण’ भारत और नेपाल के बीच हर वर्ष आयोजित होने वाला द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास है, जिसका आयोजन बारी-बारी से भारत और नेपाल में किया जाता है। यह अभ्यास दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करेगा तथा दोनों सेनाओं के बीच आपसी विश्वास, सौहार्द और मित्रता को बढ़ावा देगा। इसके साथ ही यह क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और सुरक्षा के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को भी दोहराता है।

***

पीके/केसी/आरटी/एबी/वाईबी


(रिलीज़ आईडी: 2341371) आगंतुक पटल : 20
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu