सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एनएचएआई की बैरियर-रहित एमएलएफएफ शुल्क प्रणाली ने चालू टोल प्लाज़ाओं पर कुल टोल राजस्व में 19.84 प्रतिशत की वृद्धि की है


सात एमएलएफएफ टोल प्लाज़ाओं के कुल प्रदर्शन से पता चलता है कि एमएलएफएफ लागू होने से पहले के आधार स्तर की तुलना में शुद्ध राजस्व में 19.84 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, लेन-देन की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है

प्रविष्टि तिथि: 23 NOV 2026 5:20PM by PIB Delhi

देश में इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रहण प्रणाली को बदलते हुए, मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) तकनीक के ज़रिए 'बैरियर-लेस' (बिना रुकावट वाले) टोल प्रणाली को लागू किया गया है। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा करने वालों और सरकार, दोनों को काफी लाभ हो रहा है। टोल प्लाज़ा पर कुल टोल राजस्व और लेन-देन की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। इस बैरियर-लेस पहल ने दिखा दिया है कि तकनीक पर आधारित टोल प्रणाली, राष्ट्रीय राजमार्ग की यात्रा को पूरी तरह बदल सकता है, क्योंकि इसमें गाड़ियों को टोल प्लाज़ा पर रुकने की ज़रूरत नहीं पड़ती। यह प्रणाली गाड़ियों की आवाजाही को आसान बनाती है, भीड़ और यात्रा के समय को कम करती है, ईंधन की खपत और गाड़ियों से होने वाले उत्सर्जन को घटाती है और टोल संग्रह में पारदर्शिता तथा कार्यक्षमता को बढ़ाती है।

गुजरात के चोरयासी शुल्क प्लाज़ा पर 1 मई 2026 को एमएलएफएफ प्रणाली की सफल शुरुआत के बाद, इसे आठ और शुल्क प्लाज़ा - मुंडका, दौलतपुरा, घरौंडा, मनोहरपुरा, शाहजहांपुर, परानूर, नेमिली और चेनासमुद्रम - पर लागू किया गया है। 31 अक्टूबर 2026 तक, इन सात प्लाज़ा (नेमिली और चेनासमुद्रम को छोड़कर, जो नवंबर 2026 में शुरू हुए) के प्रदर्शन को देखें तो, एमएलएफएफ लागू होने से पहले के आंकड़ों की तुलना में एनएचएआई के कुल राजस्व में 19.84 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। लेन-देन की संख्या में भी काफी वृद्धि दर्ज की गई है।

शुद्ध राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि

एमएलएफएफ के शुरू होने से ठीक पहले की अवधि की तुलना में, सात चालू एमएलएफएफ प्लाज़ा के कामकाज की कुल स्थिति (उनके शुरू होने की तारीख से लेकर 01 नवंबर 2026 तक) नीचे दी गई है:

 

एमएलएफएफ शुल्क प्लाजा

चालू होने की तिथि

एमएलएफएफ से पहले की अवधि की तुलना में शुद्ध राजस्व में वृद्धि

चोर्यासी, गुजरात

01.05.2026

23.06 प्रतिशत

मुंडका, दिल्ली

11.05.2026

23.55 प्रतिशत

दौलतपुरा, राजस्थान

19.06.2026

15.66 प्रतिशत

घरौडा, हरियाणा

25.06.2026

17.39 प्रतिशत

मनोहरपुरा, राजस्थान

01.07.2026

24.51 प्रतिशत

शाहजहाँपुर, उत्तर प्रदेश

01.08.2026

16.57 प्रतिशत

पारानूर, तमिलनाडु

01.10.2026

26.95 प्रतिशत

7 प्लाज़ाओं में औसत वृद्धि

 

21.10 प्रतिशत

कुल वृद्धि (संयुक्त भारित आधार पर)

 

19.84 प्रतिशत

(नेमिली टोल प्लाजा और चेनासमुद्रम टोल प्लाजा क्रमशः 12.11.26 और 21.11.26 को चालू हुए थे, इसलिए इन्हें ऊपर शामिल नहीं किया गया है)

कुल मिलाकर, इन सात प्लाज़ा से लगभग 538.95 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हुआ है। इसकी तुलना में, एमएलएफएफ लागू होने से पहले का बेंचमार्क लगभग 449.72 करोड़ रुपये का था, जिसका अर्थ है कि इससे लगभग 89.23 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कुल राजस्व प्राप्त हुआ है।

राज्स्व में यह बढ़ोतरी विशेष रूप से उल्लेखनीय है, क्योंकि इसे लेन-देन की संख्या में भारी वृद्धि और संग्रह की लागत में कमी के साथ हासिल किया गया है। इससे पता चलता है कि एमएलएफएफ न केवल टोल संग्रह की प्रक्रिया को तेज़ बनाता है, बल्कि यह टोल संग्रह की कार्यक्षमता और कवरेज को भी बेहतर करता है। इससे राजस्व के नुकसान में कमी आती है और लागू उपयोगकर्ता शुल्क की बेहतर वसूली सुनिश्चित होती है।

इसके अलावा, इन प्लाज़ा पर जारी किए गए ई-नोटिस के कुल मूल्य का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा पहले ही वसूल किया जा चुका है। यह इस बात को दर्शाता है कि तकनीक-आधारित प्रवर्तन कितना प्रभावी है; यह नियमों का पालन सुनिश्चित करने और उन वाहनों से भी उपयोगकर्ता शुल्क वसूलने में सहायता करता है, जो शुरुआत में भुगतान करने से बचते हैं।

टोल चोरी के खिलाफ कार्रवाई

हालांकि बिना बैरियर वाली टोल व्यवस्था (बैरियर-लेस टोलिंग) अपनाने से परिचालन और वित्तीय स्तर पर काफी लाभ हुआ है, लेकिन कुछ वाहन मालिकों द्वारा टोल भुगतान से बचने के लिए जानबूझकर अपनी गाड़ियों की नंबर प्लेट को छिपाने, ढकने या उनसे छेड़छाड़ करने के मामले भी सामने आए हैं। एनएचएआई ने इन मामलों को गंभीरता से लिया है और ऐसे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित राज्य सरकारों और प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। घरौंडा शुल्क प्लाजा सहित कुछ एमएलएफएफ (मल्टी-लेन फ्री-फ्लो) टोल स्थानों पर पुलिस चेक पोस्ट बनाए गए हैं। यहाँ, जो वाहन इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाए जाते हैं, उन्हें रोका जाता है और 'मोटर वाहन अधिनियम, 1988' के संबंधित प्रावधानों के तहत उनका चालान काटा जाता है।

इसके साथ ही, एनएचएआई ऐसे वाहनों की पहचान करने और उनके पंजीकृत मालिकों का पता लगाने के लिए एआई-आधारित तकनीकी समाधानों का उपयोग कर रहा है, जिसमें 'व्हीकल फिंगरप्रिंटिंग' और 'वाहन' (वीएएचएएन) डेटाबेस के साथ एकीकरण शामिल है। टोल शुल्क का भुगतान न करने वालों से वसूली के लिए ई-नोटिस भेजे जा रहे हैं। यदि इन नोटिसों का भुगतान नहीं किया जाता है, तो निर्धारित नियमों के अनुसार, संबंधित वाहनों के लिए 'वाहन' पोर्टल से जुड़ी सेवाओं पर रोक लगाई जा रही है।

एनएचएआई पूरे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर बिना बैरियर वाली टोल व्यवस्था का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को अधिक सुविधा मिल सके, उनकी यात्रा तेज और निर्बाध हो, और उन्हें यात्रा का एक बेहतर अनुभव प्राप्त हो। साथ ही, टोल चोरी को रोकने, सरकारी राजस्व की सुरक्षा करने और सभी राजमार्ग उपयोगकर्ताओं द्वारा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए, एनएचएआई राज्य सरकारों के साथ मिलकर तकनीक-आधारित निगरानी और प्रवर्तन व्यवस्था को और मजबूत करना जारी रखेगा।

***

पीके/केसी/आरटी/एमकेएस/

 


(रिलीज़ आईडी: 2340457) आगंतुक पटल : 30
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati , Urdu