प्रविष्टि तिथि:
22 NOV 2026 8:44PM by PIB Delhi
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलीला श्रीवास्तव ने आज भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास में स्लीप स्टडी फैसिलिटी और ऑटिज्म लैब का उद्घाटन किया तथा संस्थान के अस्पताल में ई-कार्ट एम्बुलेंस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उनके दौरे में सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर, चिकित्सा विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, नेशनल कैंसर टिश्यू बायोबैंक, हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी इनोवेशन सेंटर (एचटीआईसी) और नेशनल सेंटर फॉर असिस्टिव हेल्थ टेक्नोलॉजीज (एनसीएएचटी) का दौरा भी शामिल था, जो स्वास्थ्य अनुसंधान, चिकित्सा प्रौद्योगिकियों और सहायक समाधानों में संस्थान के काम को दर्शाते हैं।

कैंपस हेल्थ सेंटर में हाल ही में स्थापित 'स्लीप स्टडी फैसिलिटी' (नींद संबंधी अध्ययन सुविधा), चेन्नई के कावेरी हॉस्पिटल्स से जुड़े विशेषज्ञों के सहयोग से छात्रों, फैकल्टी, स्टाफ और शोधकर्ताओं के बीच नींद से संबंधित विकारों के लिए विशेष मूल्यांकन, परामर्श और उपचार प्रदान करेगी। संस्थागत नैतिक अनुमोदन और सूचित सहमति के अधीन यह नींद के पैटर्न और विभिन्न प्रकार के नींद संबंधी विकारों पर शोध को भी संभव बनाएगा। फैकल्टी नींद की निगरानी और विश्लेषण के लिए स्वदेशी और किफायती सेंसर विकसित करने की भी इच्छा रखता है।
संस्थान की कैंपस वेलनेस पहल के तहत शुरू की गई ई-कार्ट एम्बुलेंस सेवा कैंपस के भीतर समय पर चिकित्सा सहायता और सुविधाजनक आवागमन में मदद करेगी। यह सेवा विशेष रूप से कैंपस के वरिष्ठ सदस्यों और सहायता की आवश्यकता वाले मरीजों के लिए मददगार होगी।

आईआईटी मद्रास में भारतीय चिकित्सा ज्ञान केंद्र (सीआईएमके) की स्थापना की दिशा में हो रहे कार्यों के तहत 'ऑटिज्म लैब' पहल पारंपरिक भारतीय चिकित्सा ज्ञान, क्लिनिकल विशेषज्ञता और तकनीक का उपयोग करके ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर (एएसडी) वाले बच्चों के लिए 'इंटीग्रेटेड वर्मम थेरेपी' का अध्ययन करती है। संस्थान एम्स जोधपुर की पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी टीम के साथ सहयोग करने का प्रस्ताव किया है। इस टीम के पास 800 से अधिक बच्चों को इंटीग्रेटेड थेरेपी देने का अनुभव है और वे मिलकर उपचार देने की प्रक्रिया का अध्ययन और वैज्ञानिक मूल्यांकन करेंगे। इस पहल के तहत डॉक्टरों को रियल-टाइम फीडबैक देने के लिए स्वदेशी 'प्रेशर-सेंसिंग' दस्ताने विकसित करने की भी योजना है। साथ ही, जरूरी नैतिक मंजूरी मिलने पर इस थेरेपी के पीछे काम करने वाली संभावित आनुवंशिक (जेनेटिक), आणविक (मॉलिक्यूलर) और एपिजेनेटिक प्रक्रियाओं पर शोध भी किया जाएगा।

सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर में श्रीमती श्रीवास्तव को मानव मस्तिष्क के सेलुलर स्तर पर हाई-रिजॉल्यूशन वाले, त्रि-आयामी डिजिटल मैप तैयार करने के उनके काम के बारे में जानकारी दी गई। 11 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इस केंद्र को देश को समर्पित किया और जीवन के विभिन्न चरणों में (जिसमें मस्तिष्क से जुड़ी बीमारियां भी शामिल हैं) सैकड़ों मानव मस्तिष्कों के सेलुलर-रिजॉल्यूशन वाले मैप तैयार करने के मिशन की शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने दुनिया का पहला 'ह्यूमन इस्केमिक स्ट्रोक एटलस' - 'सी-स्ट्रोक' भी लॉन्च किया, जिसमें मस्तिष्क के हज़ारों एनोटेट किए गए हिस्से शामिल हैं।
इसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव को डिपार्टमेंट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के अंतर-विषयक कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। यह विभाग स्वास्थ्य सेवा की उन जरूरतों को पूरा करने के लिए चिकित्सा विज्ञान, इंजीनियरिंग और तकनीक को एक साथ लाता है, जो अभी तक पूरी नहीं हो पाई हैं। 2023 में स्थापित यह विभाग फिजिशियन-साइंटिस्ट और इंजीनियरिंग फिजियोलॉजिस्ट तैयार करने पर केंद्रित है। यहां कार्डियोवैस्कुलर मेडिसिन, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, मेडिकल इमेजिंग, हेल्थकेयर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मेडिकल डिवाइस डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में शोध किया जाता है।
श्रीमती श्रीवास्तव को नेशनल कैंसर टिश्यू बायोबैंक में विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग तथा आईआईटी मद्रास की इस संयुक्त पहल के कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। इस पहल के तहत कैंसर बायोलॉजी, निदान और उपचार पर शोध के लिए मरीजों की सहमति से कैंसर टिश्यू के नमूने एकत्र और संरक्षित किए जाते हैं। बायोबैंक के व्यापक शोध इकोसिस्टम का एक महत्वपूर्ण परिणाम 'भारत कैंसर जीनोम एटलस' है, जिसे फरवरी 2025 में लॉन्च किया गया था। इसका उद्देश्य भारत के लिए एक विशेष कैंसर जीनोमिक डेटाबेस तैयार करना है, ताकि शुरुआती पहचान, लक्षित चिकित्सा (टारगेटेड थेरेपी) और व्यक्तिगत उपचार रणनीतियों में मदद मिल सके।
इसके बाद श्रीमती श्रीवास्तव को हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी इनोवेशन सेंटर (एचटीआईसी) में किफायती और स्वदेशी स्वास्थ्य तकनीकों पर हो रहे काम के बारे में जानकारी दी गई। इनमें दूर-दराज के इलाकों में मोतियाबिंद की सर्जरी के लिए 'मोबाइल आई सर्जिकल यूनिट', आंखों की बीमारियों का जल्दी पता लगाने के लिए '3नेत्र' (3nethra), 'नियोनेटल ट्रांसपोर्ट यूनिट', तेजी से डायग्नोस्टिक टेस्टिंग के लिए 'आईक्वांट' (iQuant) और कार्डियोवैस्कुलर (हृदय संबंधी) स्वास्थ्य की जांच के लिए 'आर्टसेंस' (ArtSens) जैसी तकनीकें शामिल हैं।

नेशनल सेंटर फॉर असिस्टिव हेल्थ टेक्नोलॉजीज (एनसीएएचटी) के दौरे का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए सस्ती सहायक तकनीकों पर था। इनमें हल्के व्हीलचेयर, पावर-असिस्टेड मोबिलिटी डिवाइस, स्विमिंग पूल लिफ्ट और सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित बच्चों के लिए चलने में मदद करने वाले उपकरण शामिल थे। इसके प्रमुख नवाचारों में वाईडी वन शामिल है, जो एक बेहद हल्की एक्टिव व्हीलचेयर है। इसे लोगों की स्वतंत्र आवाजाही को बेहतर बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।
श्रीमती श्रीवास्तव के साथ आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी. कामकोटि और डीन (योजना) प्रो. आर. सारथी मौजूद थे।
****
पीके/केसी/आरटी/आरकेजे