संस्‍कृति मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

साझा सांस्कृतिक विरासत एससीओ देशों को जोड़ने वाला एक मजबूत माध्यम है : केंद्रीय मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत


एससीओ सभ्यता संवाद मंच के दूसरे दिन सभ्यताओं की सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों, कला एवं वास्तुकला तथा ऐतिहासिक व्यापार संबंधों पर चर्चा हुई

पुराना किला भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत एवं विविधता की एक जीवंत कहानी है: डॉ. मुसद्दिक मसूद मलिक

प्रविष्टि तिथि: 21 NOV 2026 8:44PM by PIB Delhi

संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की मेजबानी में नयी दिल्ली में 20 से 22 नवंबर को आयोजित होने वाले 'पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यता संवाद मंच' के दूसरे दिन कई सत्रों का आयोजन किया गया। इन सत्रों में सभ्यताओं की सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों, कला एवं वास्तुकला में साझा विरासत तथा ऐतिहासिक व्यापारिक संबंधों पर ध्यान केंद्रित किया गया। इन सत्रों में एससीओ सदस्य देशों एवं संवाद भागीदार देशों के मंत्री, वरिष्ठ प्रतिनिधि, शिक्षाविद, इतिहासकार तथा कला और संस्कृति के विशेषज्ञ एक साथ आए। दिन भर चली चर्चाओं में सांस्कृतिक आदान-प्रदान, साझा कलात्मक परंपराओं और विभिन्न सभ्यताओं के बीच ऐतिहासिक संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 20 नवंबर को इस सम्मेलन का उद्घाटन किया था। इस आयोजन का उद्देश्य एससीओ सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना, साझा सभ्यतागत विरासत के माध्यम से आपसी समझ एवं सहयोग को बढ़ावा देना तथा सांस्कृतिक संवाद के लिए नए अवसर उत्पन्न करना है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) इस आयोजन का नॉलेज पार्टनर है।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कार्यक्र्म के दूसरे दिन 'सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां' विषय पर आयोजित पहले और दूसरे संयुक्त सत्रों की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ऐतिहासिक संबंधों ने देशों को एक-दूसरे के करीब लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने आपसी समझ, विश्वास एवं मित्रता को बढ़ावा देने में सांस्कृतिक सहयोग की अपार संभावनाओं को भी प्रभावी रूप से उजागर किया।

 

उन्होंने कहा कि आज की चर्चाएं उस शाश्वत वैदिक प्रार्थना की भावना से गहराई से जुड़ी हैं जिसका उल्लेख प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 20 नवंबर किया था: “ॐ संगच्छध्वं संवदध्वं सं वो मनांसि जानताम्।” इसका अर्थ है, “आइए हम सब मिलकर चलें, मिलकर विचार-विमर्श करें, और हमारे मन एक-दूसरे के साथ सामंजस्य में हों।”

उन्होंने आगे कहा कि हमारी सभ्यताएं केवल अतीत की विरासतें तक ही सीमित नही हैं बल्कि ऐसी जीवंत परंपराएं हैं जिनका ज्ञान हमारे वर्तमान को आलोकित करता है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता है।

उन्होंने इस बात पर बल दिया कि संवाद, संस्थागत साझेदारी, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सार्थक सहयोग के माध्यम से सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए साझा सभ्यतागत ज्ञान और विरासत का उपयोग होना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि यह मंच एससीओ के सदस्य देशों के बीच सभ्यतागत समझ को बढ़ावा देने, सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने और आपसी जुड़ाव को मजबूत करने के लिए एक स्थायी माध्यम के रूप में उभरेगा।

संस्कृति मंत्रालय के सचिव श्री विवेक अग्रवाल ने अपने स्वागत भाषण एवं सम्मेलन के विषयों के लिए परिचय देते हुए कहा कि 'एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम' सदस्य देशों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक संबंधों और साझा सभ्यतागत मूल्यों को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है, साथ ही यह विचारों के आदान-प्रदान को भी सुगम बनाता है।

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसद्दीक मसूद मलिक ने पुराना किला में खुदाई के दौरान मिले विभिन्न पुरातात्विक अवशेषों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस किले में प्रतिनिधि बैठे थे, वह अपने आप में एक कहानी है। इसकी नींव हुमायूं ने रखी थी, जो तैमूर वंश से थे और मध्य एशिया से आए थे। इसके निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने का काम अफ़ग़ानिस्तान से आए शेरशाह सूरी ने किया। इस तरह, एक ही दीवार के भीतर दो अलग-अलग शासकों की कला, दो सांस्कृतिक परतें और दो परंपराओं की झलक देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि यही वह विविधता है, जिसका उत्सव मनाने के लिए प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया। उन्होंने इस कार्यक्रम को ‘तहज़ीब की गुफ़्तगू’ या ‘सभ्यताओं के संवाद’  के रूप में सराहना की।

उन्होंने आगे कहा कि संवाद विविधता में ही होता है। पिछले दिन श्री शेखावत के साथ हुई अपनी बातचीत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इतिहास एवं संस्कृति की परतें हजारों वर्षों से इस क्षेत्र की जीवन-शैली का अभिन्न अंग रही हैं। इसलिए यह समझना महत्वपूर्ण है कि अलग-अलग पहचानों का अपना महत्व होता है और साथ ही, इन विविध पहचानों के बीच संवाद होना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागी ठीक इसी उद्देश्य के लिए इकट्ठा हुए थे ताकि अलग-अलग आवाज़ों एवं पहचानों को एक साथ लाया जा सके और उनके बीच विचारों का मुक्त आदान-प्रदान हो सके। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि समझदारी और साहस इसी में है कि हम इन विविध पहचानों को स्वीकार करें, उनका सम्मान करें, उन्हें अपनाएं और उनके साथ मिलकर आगे बढ़ें।

विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के लिए राष्ट्रीय समन्वयक, श्री आलोक डिमरी ने पहले सत्र के दौरान हुई चर्चाओं का सारांश प्रस्तुत किया। एससीओ के दृष्टिकोण से अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट रूप से सामने आया है कि अब इस संगठन को अपनी सुरक्षा-केंद्रित सोच से आगे बढ़ने की आवश्यक्ता है। उन्होंने बताया कि चर्चाओं के दौरान कई साझा विषय र सामने आए, जिनमें सांस्कृतिक नेटवर्क, जलवायु, युवा, डिजिटलीकरण और संयुक्त परियोजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने आगे कहा कि चर्चाओं में इस बात पर बल दिया गया कि संस्कृति को राज्य और सरकारी संस्थानों के दायरे से आगे बढ़ाकर लोगों के करीब लाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह मंच दिलों एवं विचारों को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है।

संयुक्त सत्र के दौरान कई गणमान्य व्यक्तियों एवं प्रतिनिधियों ने अपने विचारों को साझा किया। इनमें अज़रबैजान के संस्कृति मंत्री श्री आदिल करीमली; नेपाल के संस्कृति, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री श्री खड्ग राज पौडेल (गणेश); पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय के संघीय मंत्री डॉ. मुसद्दिक मसूद मलिक तथा ताजिकिस्तान की संस्कृति मंत्री सुश्री मत्लुबाखोन अमोनज़ोदा सत्तोरियोन शामिल थीं। इसके अलावा, बेलारूस, ईरान, कजाखस्तान, कंबोडिया, किर्गिस्तान, लाओस, रूस, सऊदी अरब, उज्बेकिस्तान और अन्य देशों के प्रतिनिधियों ने भी इस सत्र में हिस्सा लिया।

अगले सत्र में, भारत और अन्य देशों के विद्वानों एवं विशेषज्ञों ने सभ्यताओं के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं में दिल्ली विश्वविद्यालय के फारसी विभाग से प्रो. चंद्रशेखर; जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से प्रो. श्रीकांत कोंडापल्ली; भारतीय अध्ययन विशेषज्ञ श्री मेघ कल्याणसुंदरम; विश्व मामलों की भारतीय परिषद के वरिष्ठ रिसर्च फेलो डॉ. संजीव कुमार और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से प्रो. पुनीत गौर शामिल थे।

दोपहर में आयोजित तीसरे सत्र का विषय, ‘विभिन्न सभ्यताओं में कला और वास्तुकला: साझा सौंदर्यबोध था’। ‘एक साझा सांस्कृतिक कैनवास: एससीओ देशों के बीच कलात्मक एवं वास्तुशिल्पीय आदान-प्रदान’ शीर्षक वाले इस सत्र में, अलग-अलग देशों की कला परंपराओं, वास्तुकला शैलियों और सांस्कृतिक प्रभावों के बीच आपसी संबंधों पर चर्चा की गई।

सत्र की अध्यक्षता श्री यदुबीर सिंह रावत, महानिदेशक, भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण ने की और इसका संचालन डॉ. संजय कुमार मंजुल, अतिरिक्त महानिदेशक, एएसआई ने किया। इसमें एज़रबैजान की संस्कृति उप मंत्री माननीया सुश्री सादत युसिफोवा विशेष वक्ता के रूप में शामिल हुईं।

दिन के चौथे सत्र में ‘विभिन्न सभ्यताओं में कला एवं वास्तुकला : साझा सौंदर्यबोध’ विषय पर चर्चा हुई। इसका विशेष उप-विषय ‘व्यापार : व्यापारी, भिक्षु और सम्राट—अलग-अलग नेटवर्क से एकीकृत संस्कृतियों तक’ रहा। इस सत्र की अध्यक्षता भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के महानिदेशक श्री यदुबीर सिंह रावत ने की और सत्र का संचालन एएसआई के अतिरिक्त महानिदेशक श्री जान्हवी शर्मा ने किया।

इस सत्र में व्यापार मार्गों, यात्रियों, बौद्ध भिक्षुओं और शासकों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों के बीच बने ऐतिहासिक संबंधों और उनके सांस्कृतिक प्रभावों पर चर्चा की गई। विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए।

इसके बाद, प्रतिभागियों ने नई दिल्ली स्थित राय पिथोरा सांस्कृतिक परिसर में 'द लाइट एंड द लोटस: रेलिक्स ऑफ द अवेकन्ड वन' नामक प्रदर्शनी देखी। दिन के कार्यक्रम का समापन एक सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसके बाद भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सचिव द्वारा आयोजित एक आधिकारिक रात्रिभोज का आयोजन हुआ।

इससे पहले एससीओ सभ्यता संवाद मंच का दूसरा दिन विभिन्न देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत, कला, वास्तुकला, ऐतिहासिक संबंधों और समान सभ्यतागत मूल्यों को समझने, तथा सहयोग के नए रास्ते तलाशने की दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहा।

*****

पीके/केसी/आरटी/एके


(रिलीज़ आईडी: 2339829) आगंतुक पटल : 119
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Assamese