57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

स्क्रीन से परे: भारत की सिनेमाई विरासत को पन्नों पर उतारता IFFI 2026


सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव ने दो प्रकाशनों का विमोचन किया जो फिल्म निर्माता अवतार कौल के सिनेमाई विचारों, रचनात्मक यात्रा और उनकी अधूरी विरासत की जानकारी प्रदान करते हैं

प्रविष्टि तिथि: 21 NOV 2026 6:02PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2339670Views: 10

सिनेमा पीढ़ियों की कल्पना को प्रभावित करता है, समाज को दर्शाता है, यादों को संजोता है और सांस्कृतिक पहचान को आकार देता है। पर्दे पर चलने वाली तस्वीरों के अलावा, पुस्तकें भी उन विचारों, रचनात्मक प्रक्रियाओं और यात्राओं को दर्ज करने में उतनी ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, जो सिनेमाई परिदृश्य को गढ़ती हैं। इसी महत्व को समझते हुए, प्रकाशन विभाग ने 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI 2026) में दो पुस्तकों का विमोचन किया, जो भारत की सिनेमाई विरासत के विभिन्न पहलुओं को उजागर करती हैं।

इस अवसर पर सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री चंचल कुमार ने फिल्मों के पीछे की रचनात्मक यात्राओं को दर्ज करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए भारत की समृद्ध सिनेमाई विरासत को सहेज कर रखने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम ही नहीं है, बल्कि यह समाज, विभिन्न पीढ़ियों की सोच और बदलते विचारों का भी प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा, "फिल्में हमें एक कहानी सुनाती हैं। सिनेमा पर लिखी किताबें हमें यह समझने में सहायता करती हैं कि ये कहानियाँ किस तरह साकार हुईं।" उन्होंने इस बात की जानकारी दी कि किस तरह विभिन्न प्रकाशन फिल्म निर्माताओं के अनुभवों, सिनेमाई तकनीकों के विकास और उन विचारों के बारे में बहुमूल्य जानकारी देते हैं, जिन्होंने भारतीय सिनेमा को आकार दिया है।

इस अवसर पर दो पुस्तकों का विमोचन किया गया: श्री राजेंद्र भट्ट द्वारा संकलित 'सिनेमा: विविध आयाम' और श्री विनोद कौल द्वारा लिखित 'अवतार कौल: द (इन)कंप्लीट स्टोरी'। पहली पुस्तक सिनेमा से जुड़े महत्वपूर्ण लेखों और दृष्टिकोणों को एक साथ लाकर हिंदी पाठकों तक पहुँचाती है, वहीं दूसरी पुस्तक फिल्म निर्माता अवतार कौल के जीवन और उनकी अधूरी रचनात्मक विरासत को सामने लाती है।

'सिनेमा: विविध आयाम' का जिक्र करते हुए, श्री चंचल कुमार ने फिल्म निर्माताओं और विद्वानों के लेखों के संग्रह की सराहना की। इन लेखों में मशहूर फिल्मों, फिल्म निर्माण और विश्व सिनेमा के बारे में गहरी जानकारी दी गई है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात की सराहना की कि इन रचनाओं को हिंदी पाठकों के लिए उपलब्ध कराया गया है। 'अवतार कौल: द (इन)कंप्लीट स्टोरी' के बारे में, उन्होंने फिल्म निर्माता अवतार कौल की विरासत को याद किया। अवतार कौल की एकमात्र फिल्म, '27 डाउन' (1974), भारतीय 'न्यू वेव' सिनेमा में मील का पत्थर साबित हुई।

प्रकाशन विभाग, श्री राजेंद्र भट्ट, श्री विनोद कौल और प्रकाशन से जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए, सचिव ने उम्मीद जाहिर की कि ये पुस्तकें  विद्यार्थियों, फिल्म निर्माताओं और सिनेमा प्रेमियों को भारत की सिनेमाई विरासत को और गहराई से जानने के लिए प्रेरित करेंगी।

प्रकाशन विभाग की महानिदेशक सुश्री कंचन प्रसाद ने सिनेमा के साथ विभाग के लंबे जुड़ाव और भारत की सांस्कृतिक व रचनात्मक विरासत को दर्ज करने में इसकी भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जहाँ सिनेमा समय के कुछ पलों को कैद करता है, वहीं पुस्तकें यह सुनिश्चित करती हैं कि ये पल सुरक्षित रहें। उन्होंने रचनात्मक यात्राओं को दर्ज करने, कहानियों को सहेजने और भारत की सांस्कृतिक पहचान को आकार देने वालों के योगदान का सम्मान करने की दिशा में विभाग के प्रयासों के बारे में बात की।

श्री राजेंद्र भट्ट ने 'सिनेमा: विविध आयाम' की संपादकीय यात्रा के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने समझाया कि किस तरह प्रकाशन विभाग ने सिनेमा से जुड़े महत्वपूर्ण लेखों को हिंदी पाठकों तक पहुँचाने की पहल को आगे बढ़ाया।

इस सत्र का संचालन पत्र सूचना कार्यालय की महानिदेशक सुश्री स्मिता वत्स शर्मा ने किया। इस दौरान सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव श्री प्रभात और संयुक्त सचिव डॉ. के. के. निराला भी मौजूद रहे।

पुस्तकों का परिचय

अवतार कौल: द (इन)कंप्लीट स्टोरी

श्री विनोद कौल द्वारा अंग्रेज़ी में लिखी गई यह किताब, फ़िल्म निर्माता अवतार कौल के जीवन और उनकी अधूरी विरासत को पत्रों, तस्वीरों, यादों और बातचीत के ज़रिए सामने लाती है। उनकी एकमात्र फ़िल्म, '27 डाउन' (1974), भारतीय 'न्यू वेव' सिनेमा का मील का पत्थर बनी और इसने राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार जीता। जिस दिन इस पुरस्कार की घोषणा हुई, उसी दिन मुंबई में 34 वर्ष की उम्र में एक मित्र को बचाने का प्रयास करते हुए अवतार कौल डूब गए और उनकी दुखद मृत्यु हो गई।

सिनेमा: विविध आयाम

श्री राजेंद्र भट्ट द्वारा हिंदी में संकलित यह संग्रह, FTII की पत्रिका 'लेंससाइट' (Lensight) से लिए गए लेखों और संवादों का संकलन है। इसमें फिल्म इतिहास, सिनेमैटोग्राफी, विश्व सिनेमा और फिल्म निर्माण की रचनात्मक प्रक्रियाओं के बारे में गहरी जानकारी दी गई है, जो सिनेमा से जुड़े विभिन्न दृष्टिकोणों को हिंदी के व्यापक पाठक वर्ग तक पहुँचाती है।

*******

पीके/केसी/आरटी/पीके /डीए


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2339670
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026